विज्ञापन

'बॉलरों का मेंटल पीस खराब करके, खुद मेडिटेशन करते अभिषेक शर्मा...' तूफानी पारी पर फिदा हुआ सोशल मीडिया

अभिषेक शर्मा ने जिस तरह से बल्लेबाजी की है, उससे सोशल मीडिया उन पर फिदा हो गया है. दिल्ली कैपिटल्स का ट्वीट को जमकर वायरल हो रहा है.

'बॉलरों का मेंटल पीस खराब करके, खुद मेडिटेशन करते अभिषेक शर्मा...' तूफानी पारी पर फिदा हुआ सोशल मीडिया
अभिषेक शर्मा की पारी पर फिदा हुआ सोशल मीडिया

भारत ने हेनरी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले को 6 विकेट से जीत लिया है. भारतीय टीम को जीत के लिए 199 रन का लक्ष्य मिला था. अभिषेक शर्मा के विस्फोटक शतक के दम पर टीम इंडिया ने 13.2 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया. इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त ले ली है. भारत की तरफ से पारी की शुरुआत करने के लिए वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा उतरे. बाएं हाथ के दोनों विस्फोटक बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की ऐसी धुनाई की कि पावर प्ले का नया रिकॉर्ड बन गया. अभिषेक की इस पारी के बाद सोशल मीडिया उन पर फिदा हो गया.

वैभव और अभिषेक ने 6 ओवर के पावर प्ले में 118 रन बनाए. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पावर प्ले का यह विश्व रिकॉर्ड है. इन 118 रनों में वैभव ने 17 गेंदों पर 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 44 रन बनाए, जबकि अभिषेक ने 20 गेंदों पर 7 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 67 रन का योगदान दिया. भारत को पहला झटका 133 के स्कोर पर लगा. वैभव सूर्यवंशी 19 गेंदों पर 45 रन बनाकर आउट हुए.

अभिषेक शर्मा ने अपने अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का चौथा शतक लगाया. अभिषेक ने 38 गेंदों पर 11 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 113 रन की पारी खेली. वह 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर 178 के स्कोर पर आउट हुए. इसके बाद श्रेयस अय्यर 5 और सैमसन 18 रन बनाकर आउट हुए. भारत ने 13.2 ओवर में 4 विकेट पर 199 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीता. नमन धीर 4 और तिलक वर्मा 1 रन बनाकर नाबाद रहे. अभिषेक की पारी के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ सी आ गई.

दिल्ली कैपिटल्स ने ट्वीट किया,'बॉलरों का मेंटल पीस खराब करके, खुद मेडिटेशन करते अभिषेक शर्मा'

वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा,"एक दिन ऐसा आएगा जब एक ही पारी में सबसे तेज़ T20I शतक का रिकॉर्ड दो बार टूटेगा. अभिषेक शर्मा अपना ही रिकॉर्ड तोड़ेंगे, और फिर उसी पारी में नॉन-स्ट्राइकर एंड से वैभव सूर्यवंशी उनका रिकॉर्ड तोड़ देंगे."

एक अन्य यूजर ने लिखा,"टी20 क्रिकेट में अभिषेक जैसा कोई खिलाड़ी नहीं है."

हिमानी नामक यूजर ने लिखा,"अभिषेक शर्मा वेलिंगटन के आसमान में ज़बरदस्त छक्के जड़ रहे हैं. धुआंधार छक्के, स्टेडियम की लाइटें और एक शानदार पूर्णिमा का चांद - क्रिकेट का क्या ही बेहतरीन नज़ारा है."

बता दें, टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने 3 विकेट पर 198 रन बनाए थे. सलामी बल्लेबाज एलन ने 25 गेंदों पर 5 छक्कों की मदद से 40 रन की पारी खेली. फिलिप्स ने 17 रन बनाए. मिचेल और जैकब्स ने 48 गेंदों पर 75 रन की साझेदारी करके कीवी टीम का स्कोर 3 विकेट पर 198 तक पहुंचाया. मिचेल ने 52 गेंदों पर 5 चौकों और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 89 रन और जैकब्स ने 23 गेंदों पर 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से नाबाद 39 रन बनाए. इसके जवाब में अभिषेक की तूफानी पारी के दम पर भारत ने 40 गेंद रहते ही जीत दर्ज की. 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Capitals, India, Cricket, Abhishek Sharma
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com