विज्ञापन

BCCI को नए चयनकर्ता की तलाश, आवेदन प्रक्रिया शुरू, इन शर्तोें को करना होगा पूरा

BCCI ने पुरुष चयन समिति में खाली हुए एक पद के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद बोर्ड नए चयनकर्ता की तलाश में जुट गया है

BCCI को नए चयनकर्ता की तलाश, आवेदन प्रक्रिया शुरू, इन शर्तोें को करना होगा पूरा
BCCI ने मेंस सिलेक्शन कमेटी में एक पद के लिए मांगे आवेदन

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को पुरुष चयन समिति में एक पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए. यह पद चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद खाली हुआ है. अगरकर का कार्यकाल चार अक्टूबर को समाप्त हुआ. इस पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज ने 18 सितंबर को बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक के शुरू होने से ठीक पहले बोर्ड को सूचित कर दिया था कि वह अपने अनुबंध का विस्तार नहीं चाहते हैं.

पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा फिलहाल पुरुष टीम की चयन समिति के अंतरिम अध्यक्ष हैं. शिव सुंदर दास, अजय रात्रा और आरपी सिंह चयन समिति के अन्य मौजूदा सदस्य हैं. बीसीसीआई ने अपनी वेबसाइट पर कहा, ‘‘भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) अपनी पुरुष चयन समिति में एक पद के लिए आवेदन आमंत्रित करता है.'' पद के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर है.

चालीस वर्षीय ओझा ने 24 टेस्ट खेले हैं. यदि बीसीसीआई जिस उम्मीदवार को इस पद के लिए चुनता है उसने बाएं हाथ के इस पूर्व स्पिनर से कम टेस्ट मैच खेले हैं तो वरिष्ठता के आधार पर ओझा को पूर्णकालिक मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया जा सकता है.

यदि चयन समिति में शामिल होने के लिए चर्चा में चल रहे पार्थिव पटेल को नियुक्त किया जाता है तो वरिष्ठता के मामले में वह ओझा से आगे निकल जाएंगे. विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव ने भारत के लिए 25 टेस्ट खेले हैं. बोर्ड ने आवेदकों के लिए समान पात्रता मानदंड रखे हैं. उम्मीदवार ने कम से कम सात टेस्ट, 30 प्रथम श्रेणी मैच या 10 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और 20 प्रथम श्रेणी मैच खेले होने चाहिए. इसके अलावा उनके लिए कम से कम पांच साल पहले क्रिकेट से संन्यास लेना अनिवार्य है.

बीसीसीआई ने कहा, ‘‘कोई भी व्यक्ति जो बीसीसीआई के मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन और नियमों में परिभाषित किसी क्रिकेट समिति का कुल मिलाकर पांच साल की अवधि तक सदस्य रहा है, वह पुरुष चयन समिति का सदस्य बनने के लिए पात्र नहीं होगा.'' बीसीसीआई में प्रत्येक क्षेत्र से एक चयनकर्ता नियुक्त करने की व्यवस्था अब अनिवार्य नियम नहीं रह गई है. हाल में पुरुष चयन समिति में एक ही क्षेत्र से दो चयनकर्ता भी एक साथ शामिल रहे हैं.

क्या होगी नए चयनकर्ता की भूमिका?

पुरुष चयन समिति का सदस्य भारतीय सीनियर पुरुष टीम के लिए टेस्ट, वनडे और टी20 टीमों के चयन में हिस्सा लेगा. इसके अलावा युवा प्रतिभाओं की पहचान करना और भविष्य के लिए मजबूत बेंच स्ट्रेंथ तैयार करना भी उसकी जिम्मेदारियों में शामिल होगा.

चयनकर्ता को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर लगातार नजर रखनी होगी. जरूरत पड़ने पर मैच देखने के लिए यात्रा करनी होगी, टीम बैठकों में हिस्सा लेना होगा और टीम के प्रदर्शन पर नियमित रिपोर्ट भी तैयार करनी होगी. चयन से जुड़े फैसलों पर मीडिया से संवाद करना और विभिन्न प्रारूपों के लिए कप्तान की नियुक्ति प्रक्रिया में भागीदारी भी इस पद का हिस्सा है.

चयनकर्ता की प्रमुख जिम्मेदारियां

भारतीय टीम के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन.

घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्रतिभाओं की पहचान.

टीम की बेंच स्ट्रेंथ को मजबूत बनाना.

खिलाड़ियों का आकलन और टीम विकास में योगदान.

जरूरत पड़ने पर टीम बैठकों और मैचों में मौजूद रहना.

BCCI एपेक्स काउंसिल को टीम प्रदर्शन की त्रैमासिक रिपोर्ट सौंपना.

चयन से जुड़े मामलों पर मीडिया को संबोधित करना.

विभिन्न प्रारूपों के लिए कप्तान के चयन में भूमिका निभाना.

कौन कर सकता है आवेदन?

इस पद के लिए वही उम्मीदवार पात्र होंगे जिन्होंने कम से कम 7 टेस्ट मैच खेले हों, या 30 प्रथम श्रेणी मैच खेले हों, या 10 वनडे और 20 प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले हों.

(PTI इनपुट के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com