पाकिस्तान के बहावलपुर स्थित जैश-ए-मोहम्मद के मुख्यालय मरकज सुभानअल्लाह को लेकर एक बार फिर बड़े दावे सामने आए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2025 में हुए ऑपरेशन सिंदूर में भारी नुकसान झेलने के बाद अब इस परिसर का दोबारा निर्माण कराया जा रहा है. रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस पुनर्निर्माण के लिए पाकिस्तान सरकार की ओर से करीब 25 करोड़ पाकिस्तानी रुपये जारी किए गए हैं. बताया जा रहा है कि अक्टूबर 2025 में फंड जारी होने के बाद मार्च 2026 से निर्माण कार्य तेज कर दिया गया.
सूत्रों के अनुसार, बहावलपुर स्थित इस परिसर में टूटे हुए गुंबदों को दोबारा बनाया जा रहा है. इसके अलावा मिसाइल हमलों से क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत की जा रही है और नई संरचनाएं भी तैयार की जा रही हैं.
भारत के लिए क्यों अहम है मामला?
बहावलपुर लंबे समय से जैश-ए-मोहम्मद का प्रमुख गढ़ रहा है. बहावलपुर में इस जमीन पर आतंकी ढांचे सक्रिय हैं और उन्हें पाकिस्तानी सरकार का संरक्षण मिलता है.
ऐसे में जैश से जुड़े ढांचे का पुनर्निर्माण हो रहा है, तो इसे भारत की सुरक्षा चिंताओं से जोड़कर देखा जा रहा है. खासकर जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ, ड्रोन गतिविधियों और आतंकी नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही हाई अलर्ट पर हैं.
जैश ए मोहम्मद के आतंकियो में अभी भी ऑपरेशन सिंदूर का खौफ
सोशल मीडिया पोस्ट में आतंकी संगठन जैश के बयान से ऑपरेशन सिंदूर की रात का खौफ का अंदाजा लगाया जा सकता है. पोस्ट में लिखा लिखा है, "वो रात बड़ी अजीब थी. ऊपर से आग बरस रही थी और जैसे आसमान से खुशबू उतर रही हो. जोरदार धमाके हो रहे थे, लेकिन उन्हीं के बीच “अल्लाहु अकबर” के नारे गूंज रहे थे. ऐसा लग रहा था जैसे पुराने दौर के मंज़र आंखों के सामने आ गए हों, जैसे कुरान में बयान किए गए दृश्य फिर से दिखाई दे रहे हों. दिल में आया कि उन आयतों को लिख दूं जिनकी झलक उस दिन जामिया मस्जिद सुभान अल्लाह पर उतर रही थी, लेकिन एक छोटे से खत में इतनी जगह नहीं होती."
इसके साथ ही पोस्ट में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जैश के गढ़ बहावलपुर में जैश के हेड क्वार्टर मस्जिद सुभान अल्लाह समेत तीन बड़े मरकजो के नेस्तनाबूद किए जाने का जिक्र करते हुए लिखा है कि तीन मरकज शहीद हुए, लेकिन वो फिर आबाद हो गए और बारह नई मस्जिदों की तामीर शुरू हो गई है.
यह भी पढ़ें: शपथ ग्रहण के दौरान डांस करने लगा ये नेता, साथ-साथ पूरी कैबिनेट ने किया डांस; लोग बोले- ये तो 'डांसिंग मिनिस्टर' है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं