विज्ञापन

Ranji Trophy 2025-26: जम्मू-कश्मीर के वो 5 'लाल', जिन्होंने अपने ऐतिहासिक प्रदर्शन से टीम को बना दिया चैंपियन

Ranji Trophy 2025-26: जम्मू और कश्मीर के ऐतिहासिक जीत में बात करें उन पांच खिलाड़ियों के प्रदर्शन के बारे में जिनके बलबूते टीम फाइनल में जीत हासिल करने में कामयाब रही, तो उनके नाम कुछ इस प्रकार हैं- 

Ranji Trophy 2025-26: जम्मू-कश्मीर के वो 5 'लाल', जिन्होंने अपने ऐतिहासिक प्रदर्शन से टीम को बना दिया चैंपियन
जम्मू और कश्मीर की ऐतिहासिक जीत के हीरो
  • रणजी ट्रॉफी 2025-26 का फाइनल जम्मू और कश्मीर तथा कर्नाटक के बीच हुबली में 24 से 28 फरवरी तक खेला गया
  • फाइनल मैच ड्रॉ रहा लेकिन पहली पारी के आधार पर जम्मू और कश्मीर ने 92 साल बाद खिताब अपने नाम किया
  • जम्मू और कश्मीर ने पहली पारी में 584 रन बनाए जबकि कर्नाटक की टीम 293 रन पर ही आउट हो गई थी
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

Ranji Trophy 2025-26: रणजी ट्रॉफी 2025-2026 का फाइनल मुकाबला 24 फरवरी से 28 फरवरी के बीच जम्मू और कश्मीर एवं कर्नाटक के बीच हुबली में खेला गया. जहां फाइनल मुकाबला ड्रॉ रहा. मगर पहली पारी के आधार पर जम्मू और कश्मीर की टीम बाजी मारने में कामयाब रही. दरअसल, रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट में मैच ड्रॉ होने के बाद पहली पारी के आधार पर मैच का परिणाम निकाला जाता है. फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू और कश्मीर की टीम पहली पारी में 584 रन बनाने में कामयाब हुई थी. वहीं कर्नाटक की टीम अपनी पहली पारी में 293 रनों पर ही ढेर हो गई थी. दूसरी पारी में भी कश्मीर के बल्लेबाजों का प्रदर्शन सराहनीय रहा. टीम ने 342/4d रनों के आंकड़े को छू लिया था. हालांकि, मुकाबला यहीं पर ड्रॉ घोषित कर दिया गया. जिसके बाद कश्मीर की टीम 92 साल के रणजी इतिहास में पहली बार खिताब अपने हाथ में उठाने में कामयाब रही.

जम्मू और कश्मीर के इस ऐतिहासिक जीत में बात करें उन पांच खिलाड़ियों के प्रदर्शन के बारे में जिनके बलबूते टीम फाइनल में जीत हासिल करने में कामयाब रही, तो उनके नाम कुछ इस प्रकार हैं- 

शुभम पुंडीर

पहली पारी में जम्मू और कश्मीर की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई थी. टीम ने 18 रन के योग पर ही अपना पहला विकेट गंवा दिया था. मगर यहां से पुंडीर ने मोर्चा संभाला और 247 गेंदों में 121 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली. मैच के दौरान उन्होंने यावर हसन (88) के साथ दूसरे विकेट के लिए 139 रनों की बेहतरीन शतकीय साझेदारी की. जिसके बदौलत टीम शुरुआती झटके से उबरने में कामयाब रही और पहली पारी में 584 रन बनाने में कामयाब रही. फाइनल मुकाबले में बेहतरीन शतकीय पारी के लिए पुंडीर को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. 

यावर हसन

शुभम पुंडीर के साथ-साथ यावर हसन की भी जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है. क्योंकि कामरान इकबाल (06) के जल्दी आउट हो जाने के बाद उन्होंने पुंडीर के साथ जिस खूबसूरती के साथ पारी को संवारा. वह काबिले तारीफ है. पहली पारी में पारी का आगाज करते हुए यावर हसन ने कुल 150 गेंदों का सामना किया. इस बीच 58.66 की स्ट्राइक रेट से 88 रन बनाने में कामयाब रहे.  

औकिब नबी

बल्लेबाजी में जहां शुभम पुंडीर और यावर हसन जैसे बल्लेबाजों ने जम्मू और कश्मीर को संजीवनी प्रदान की. वही गेंदबाजी में औकिब नबी ने कहर बरपाती गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया. टीम के लिए पहली पारी में उन्होंने कुल 23 ओवरों की गेंदबाजी की. इस बीच 2.34 की इकोनॉमी से 54 रन खर्च करते हुए पांच विकेट चटकाने में कामयाब रहे. 

कामरान इकबाल 

पहली पारी में जरूर कामरान इकबाल कुछ खास करिश्मा नहीं दिखा पाए. मगर दूसरी पारी में उनका जलवा रहा. टीम के लिए उन्होंने पारी का आगाज करते हुए कुल 311 गेंदों का सामना किया. इस बीच 51.44 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 160 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान उनके बल्ले से क्रिकेट प्रेमियों को 16 चौके और तीन खूबसूरत छक्के देखने को मिले.

साहिल लोत्रा

पहली पारी में सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 72 रनों की दमदार पारी खेलने वाले साहिल लोत्रा का बल्ला दूसरी पारी में भी जमकर चला. छठवें क्रम पर बल्लेबजी करते हुए साहिल 226 गेंद में नाबाद 101 रन बनाने में कामयाब रहे. इस तरह फाइनल मुकाबले में उन्होंने कुल 173 रनों का योगदान दिया. 

यह भी पढ़ें- Ranji Trophy: जम्मू कश्मीर ने 67 साल के सूखे को खत्म कर पहली बार जीता रणजी ट्रॉफी का खिताब

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com