यह ख़बर 13 जून, 2014 को प्रकाशित हुई थी

अमित शाह बने गुजरात क्रिकेट संघ के अध्यक्ष

अहमदाबाद:

भाजपा नेता अमित शाह को शुक्रवार को गुजरात क्रिकेट संघ का निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया। नरेंद्र मोदी के इस्तीफे के बाद यह पद खाली था। मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद यह पद छोड़ा था।

जीसीए उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद परिमल नथवानी ने कहा, जीसीए उपाध्यक्ष रहे अमित शाह को निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया। उनके नाम का प्रस्ताव मैंने रखा और उन्हें निर्विरोध चुन लिया गया। उन्होंने कहा, जीसीए के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र मोदी के इस्तीफे के बाद यह पद खाली हो गया था। जीसीए की कार्यकारिणी में 32 सदस्य हैं।

मोदी ने 15 सितंबर, 2009 को तत्कालीन कांग्रेस नेता नरहरि अमीन की जगह अध्यक्ष पद संभाला था। अमीन बाद में भाजपा में शामिल हो गए। गुजरात के पूर्व गृह राज्य मंत्री और मोदी के करीबी शाह उसी साल जीसीए उपाध्यक्ष चुने गए थे। वह लोकसभा चुनाव में भाजपा के उत्तरप्रदेश प्रभारी थे।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com