Abhishek Sharma T20 Sixes Record, SRH vs PBKS IPL 2026: राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में बुधवार की रात 'छक्कों के सुल्तान' अभिषेक शर्मा के नाम रही. पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेले गए आईपीएल 2026 के 49वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एक ऐसा ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित कर दिया है, जिसे छूना बड़े-बड़े दिग्गजों का सपना होता है. इस मैच से पहले अभिषेक को भारत में खेले गए टी20 मैचों में 300 छक्के पूरे करने के लिए महज 2 हिट्स की दरकार थी. अभिषेक ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी के दौरान जैसे ही दूसरा छक्का जड़ा, उन्होंने भारतीय सरजमीं पर टी20 फॉर्मेट में छक्कों का 'तिहरा शतक' पूरा कर क्रिकेट जगत में सनसनी फैला दी.
मैच की शुरुआत से ही अभिषेक शर्मा अपने पुराने आक्रामक अंदाज में नजर आए. उन्होंने ट्रेविस हेड के साथ मिलकर सलामी जोड़ी के रूप में पंजाब के गेंदबाजों पर धावा बोल दिया और महज 21 गेंदों में 54 रनों की विस्फोटक साझेदारी की. अभिषेक ने अपनी 13 गेंदों की छोटी लेकिन पारी में 2 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के जड़े. अपनी इसी पारी के दौरान उन्होंने उस जादुई आंकड़े (300 छक्के) को पार किया, जो उनकी निडर बल्लेबाजी और पावर-हिटिंग की गवाही देता है. अभिषेक के इस 'छक्कों के तिहरे शतक' ने न केवल फैंस को झूमने पर मजबूर कर दिया, बल्कि उन्हें इस खास क्लब में शामिल होने वाले चुनिंदा भारतीय बल्लेबाजों की कतार में भी खड़ा कर दिया है.
अभिषेक की इस आतिशी शुरुआत और बाद में ट्रेविस हेड (38) व ईशान किशन के योगदान की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने 4 विकेट खोकर 235 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. 236 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की टीम दबाव में नजर आई.
हालांकि, पंजाब ने अंत तक संघर्ष किया और 202 रन बनाए, लेकिन हैदराबाद के गेंदबाजों के सामने वे 33 रनों से पीछे रह गए. इस शानदार जीत के साथ हैदराबाद ने प्लेऑफ की अपनी राह और आसान कर ली है. अभिषेक शर्मा के इस रिकॉर्ड ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे मौजूदा समय में टी20 के सबसे खतरनाक भारतीय बल्लेबाजों में से एक हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं