- पुणे में केतन अग्रवाल की हत्या उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन ने मिलकर की थी
- सिया ने केतन को 400 फीट गहरी खाई में धकेलकर उसकी जान ले ली थी, पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया
- केतन के पिता ने आरोप लगाया कि सिया के परिवार को उसके अफेयर की जानकारी थी पर उन्होंने छुपाई थी
पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि केतन की हत्या उसकी मंगेतर सिया गोयल ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की. सिया ने केतन को 400 फीट गहरी खाई में धक्का दिया था. पुलिस ने सिया और उसके प्रेमी चेतन को हिरासत में लिया है. इस मामले में मृतक केतन के परिजनों के बयान सामने आए हैं. केतन के पिता का आरोप है कि सिया के परिवार को उसके अफेयर के बारे में पता था. लेकिन उन्होंने यह बात छिपाई. परिवार ने केतन को इंसाफ दिलाने की मांग की है.
पिता बोले- सिया के परिवार को सब पता था
केतन के पिता विशाल अग्रवाल का कहना है कि सिया के परिवार को उसके और चेतन के प्रेम संबंधों की पूरी जानकारी थी, लेकिन उन्होंने यह बात उनसे छिपाकर रखी. अगर यह जानकारी पहले दी गई होती, तो उनके बेटे की जान बच सकती थी.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सिया ने पहले भी केतन का पासपोर्ट गायब किया था. इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया कि इससे पहले भी लोहगढ़ किले पर केतन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी.

केतन के पिता ने सिया के परिवार पर लगाया आरोप
Photo Credit: NDTV
'शुरुआत में हमें भी लगा हादसा'
पिता ने बताया कि सिया ने प्री-बर्थडे मनाने के बहाने लोहगढ़ किले पर केतन को बुलाया था. केतन सुबह 8 बजकर 20 मिनट पर घर से निकले. करीब पौने 11 बजे हमें पता चला, सिया की मां का फोन आया कि केतन लोहगढ़ किले से नीचे खाई में गिर गया है. हम तुरंत वहां पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर केतन के शव को खोजा.
उन्होंने कहा कि यह देखकर शुरुआत में हमें भी लगा कि वो हादसा है हत्या नहीं. लेकिन जब पुलिस उसकी बॉडी लेकर आई, उस वक्त सिया का कोई रिएक्शन नहीं था. उसके चेहरे पर शिकन नहीं थी. हमें यह बात थोड़ी अटपटी लही. लेकिन हमने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया.
लेकिन उसके बाद पुलिस और वहां के एसपी संदीप सिंह गिल ने हमारी बहुत मदद की. उन्होंने तुरंत उन सभी चीजों की जांच शुरू की और जांच के बाद हमें यह समझ आया कि इस लड़की का चेतन चौधरी नाम के लड़के के साथ नवंबर से अफेयर था.

केतन के चाचा विजय अग्रवाल
Photo Credit: NDTV
'सिया ने जिद करके केतन को किले पर बुलाया'
वहीं केतन के चाचा विजय अग्रवाल ने बताया कि सगाई के बाद सब ठीक था. वे डिनर के लिए बाहर जाते थे. घटना से पहले भी, केतन और सिया एक साथ किले में घूम चुके थे. 17 जून को, सिया ही जाने के लिए जिद कर रही थी. केतन ने कभी ट्रेकिंग नहीं की थी. उसे ट्रेकिंग में बिल्कुल भी इंटरेस्ट नहीं था. उसे ऊंचाई से डर लगता था, इसलिए वह हमेशा ट्रेकिंग वाली जगहों से दूर रहता था.
18 तारीख को, सिया ने जिद की कि उन्हें घूमने के लिए किले में जरूर जाना चाहिए. हमने उसे रोकने की भी कोशिश की. केतन ने कहा कि उसे जाना होगा क्योंकि सिया ने एक सरप्राइज प्लान किया है.
इन आरोपों के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाल रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं