पाकिस्तान की टीम मौजूदा समय में वेस्टइंडीज के दौरे पर है. जहां दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज जारी है. प्रतिष्ठित सीरीज का दूसरा मुकाबला दो अगस्त 2026 से पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जा रहा है. जहां पहली पारी में ही बेहतरीन शतकीय पारी खेलते हुए पाकिस्तानी बल्लेबाज अब्दुल्ला शफीक (Abdullah Shafique) ने इतिहास रच दिया है. वह करीब 49 साल बाद वेस्टइंडीज की जमीन पर 150 या 150 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले पहले पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले यह विशेष उपलब्धि माजिद खान के नाम दर्ज थी. जिन्होंने पिछली बार 1977 में वेस्टइंडीज दौरे पर गुयाना में 167 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली थी.
कैरेबियाई सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में 150 या 150 से अधिक रन बनाने वाले पाकिस्तानी बल्लेबाज
पोर्ट ऑफ स्पेन में नाबाद 160 रन बनाते हुए अब्दुल्ला शफीक उन पाकिस्तानी बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं. जिन्होंने कैरेबियाई सरजमीं पर टेस्ट फॉर्मेट के तहत एक पारी में 150 प्लस की पारी खेली है. खबर लिखे जाने तक पाकिस्तान की तरफ से कैरेबियाई सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में हनीफ मोहम्मद, वजीर मोहम्मद, माजिद खान, सईद अहमद और अब्दुल्ला शफीक ने 150 या 150 प्लस की पारी खेली है.
पोर्ट ऑफ स्पेन में नाबाद 160 रन बनाने में कामयाब रहे शफीक
बात करें पोर्ट ऑफ स्पेन टेस्ट की पहली पारी में अब्दुल्ला शफीक के प्रदर्शन के बारे में तो उन्होंने अपनी टीम की तरफ से तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए कुल 323 गेंदों का सामना किया. इस बीच वह 49.53 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 160 रन बनाने में कामयाब रहे.
इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से 15 चौके और तीन खूबसूरत छक्के देखने को मिले. पाक क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि दूसरी पारी में भी वह इसी अंदाज में बल्लेबाजी करेंगे और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे.
यह भी पढ़ें- अजिंक्य रहाणे का बड़ा बयान, कोहली-शास्त्री की जोड़ी ने विदेशी जमीन पर 'डर के आगे जीत है' वाला फॉर्मूला दिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं