हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने वाले पूर्व भारतीय बल्लेबाज और कप्तान अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने 'स्टिक टू क्रिकेट' पॉडकास्ट पर चर्चा करते हुए विराट कोहली और रवि शास्त्री की जमकर सराहना की है. उनका मानना है कि कोहली और शास्त्री की देखरेख में भारतीय टीम का स्तर काफी ऊंचा रहा. उन्होंने कहा, 'जब हमने अपने दौर में खेलना शुरू किया तो एमएस धोनी टेस्ट क्रिकेट से जा रहे थे. वह केवल टी20 और वनडे फॉर्मेट तक सक्रिय रह गए थे. खासकर टेस्ट क्रिकेट में मुझे लगा विराट (विराट कोहली) और रवि (रवि शास्त्री) वो लोग थे जिन्होंने भारतीय क्रिकेट को मजबूत बनाया. विशेष तौर पर विदेशों में खेलते समय आक्रामक रवैया अपनाया, साहस दिखाया, बजाय इसके कि हम रक्षात्मक और थोड़े प्रतिक्रियात्मक रहें. मेरा मानना है कि हम हमेशा सक्रिय रहते थे.
विराट कोहली और रवि शास्त्री की जोड़ी ने बुलंद किया देश का झंडा
विराट कोहली और रवि शास्त्री की देख रेख में भारतीय टीम का प्रदर्शन काफी जबरदस्त रहा. विशेषकर टेस्ट क्रिकेट में. यहां टीम ने ना केवल घरेलू जमीन पर विपक्षी टीमों को रौंदा, बल्कि विदेशों में भी देश का झंडा बुलंद करने में कामयाब रही. यही वजह है कि भारतीय टेस्ट क्रिकेट में 2017 से 2021 के बीच के समय को 'गोल्डन एरा' कहा जाता है. विराट कोहली और रवि शास्त्री की जोड़ी 2017 से 2021 के बीच एक साथ रही. इसी दौर में भारतीय टीम ने टेस्ट फॉर्मेट में आक्रामक खेल पर ध्यान दिया.
कोहली-शास्त्री की देखरेख में टेस्ट फॉर्मेट के तहत भारतीय टीम का प्रदर्शन
कुल मैच खेले - 39
जीत मिली - 22
हार मिली - 13
ड्रॉ रहे - 4
घरेलू मैदान पर 79% मिली जीत
वहीं विदेशी जमीन पर 44% मिली जीत
विशेष उपलब्धियां
कोहली की कप्तानी में ना केवल भारतीय टीम टेस्ट क्रिकेट में नंबर-1 बनी, बल्कि अगले पांच सालों तक पहले पायदान पर कब्जा बनाए रखा. इसके अलावा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत 2018-19 और 2020-21 में लगातार दो बार सीरीज अपने नाम किया. घरेलू जमीन पर भारतीय टीम का बोलबाला रहा. टीम ने 11 टेस्ट सीरीज में जीत हासिल की. दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ उनकी जमीन पर भी टीम ने जबरदस्त जज्बा दिखाया था.
यह भी पढ़ें- सुनील गावस्कर ने कर दी World Cup 2027 की फाइनल टीम, 10 स्टार बाहर, भारत के भविष्य को भी नहीं मिला मौका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं