विज्ञापन
This Article is From Jun 27, 2017

खराब दौर से गुजर रहे दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स को पूर्व कप्‍तान ग्रीम स्मिथ ने दी यह सलाह...

चैंपियंस ट्रॉफी में दक्षिण अफ्रीकी टीम के बेहद कमजोर प्रदर्शन के बाद डिविलियर्स आलोचकों के निशाने पर हैं.

खराब दौर से गुजर रहे दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स को पूर्व कप्‍तान ग्रीम स्मिथ ने दी यह सलाह...
ग्रीम स्मिथ ने कहा है कि डिविलियर्स को वनडे की कप्तानी छोड़कर बैटिंग पर ध्यान देना चाहिए (फाइल फोटो)
  • कप्‍तानी के दबाव में डिविलियर्स की बैटिंग भी हो रही है प्रभावित
  • चैंपियंस ट्रॉफी में ग्रुप दौर में बाहर हो गई थी द. अफ्रीकी टीम
  • स्मिथ बोले, डिविलियर्स को वनडे की कप्‍तानी छोड़ देनी चाहिए
जोहानसबर्ग: दक्षिण अफ्रीका के धाकड़ बल्‍लेबाज एबी डिविलियर्स इस समय खराब दौर से गुजर रहे हैं. इस समय न तो उनके बल्‍ले से लगातार रन निकल रहे हैं और न ही अपनी कप्‍तानी में वे दक्षिण अफ्रीकी टीम को जीत दिला पा रहे हैं. चैंपियंस ट्रॉफी में दक्षिण अफ्रीकी टीम के बेहद कमजोर प्रदर्शन के बाद डिविलियर्स आलोचकों के निशाने पर हैं. स्‍वाभाविक है कि उन पर अपेक्षाओं का दबाव बढ़ता जा रहा है. मुश्किल भरे इस दौर में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्‍तान ग्रीम स्मिथ ने डिविलियर्स को वनडे टीम की कप्‍तानी छोड़ने की सलाह दी है. स्मिथ का मानना है कि डिविलियर्स को टीम की कप्तानी छोड़कर बल्लेबाजी पर ध्यान देना चाहिए.

स्मिथ ने ब्रिटिश अखबार में प्रकाशित अपने एक लेख में लिखा है कि डिविलियर्स पिछले साल ही टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहना चाहते थे, लेकिन क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने उन्हें एक साल आराम करने की सलाह दी, जिसे उन्होंने मान लिया. स्मिथ ने लिखा है, "मेरा मानना है कि डिविलियर्स पिछले साल ही टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने पर विचार कर रहे थे, लेकिन सीएसए ने उनका उत्साह बढ़ाया और उन्हें संन्यास लेने से रोका."उन्‍होंने लिखा, "डिविलियर्स ग्रीष्मकाल में सीएसए के साथ अपने भविष्य पर विचार करेंगे, लेकिन उनको मेरी सलाह है कि वह वनडे टीम की कप्तानी छोड़ दें और अगले दो साल अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान दें."

डिविलियर्स ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला था.इसके बाद कोहनी में चोट के कारण वह नहीं खेल पाए थे. हाशिम अमला के कप्तानी छोड़ने के बाद डिविलियर्स को टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया था, लेकिन वह एक साल तक ही इस पद पर बने रहे और इसके बाद फाफ डु प्लेसिस को टीम का कप्तान बना दिया गया. स्मिथ ने लिखा है, "यह एबी डिविलियर्स के करियर को विस्तार देने के लिए बेहद जरूरी है. साथ ही यह दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट के लिए भी बेहतर होगा." गौरतलब है कि डिविलियर्स की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका टीम चैम्पियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंच सकी थी. पाकिस्‍तान और भारत के खिलाफ मिली हार के बाद उसे ग्रुप दौर से ही बाहर होना पड़ा. टीम का खराब दौर इसके बाद भी खत्‍म नहीं हुआ और दक्षिण अफ्रीका को इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में भी उसे मात खानी पड़ी. (आईएएनएस से इनपुट)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
AB De Villiers, ODI Captainship, Step Down, Graeme Smith, Advice
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com