हिमाचल प्रदेश के मंत्री जगत सिंह नेगी ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विवादित बयान दिया है. उन्होंने हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान ने हिंदुस्तान के छक्के छुड़ा दिए थे. इसे लेकर भारी बवाल खड़ा हो गया. मंत्री के बयान को लेकर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
हिमाचल प्रदेश के शीतकालीन सत्र के दौरान भाजपा नियम 67 के तहत भ्रष्टाचार पर चर्चा के लिए काम रोको प्रस्ताव लेकर आई. भ्रष्टाचार पर चर्चा के दौरान राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के बोल बिगड़ गए. उन्होंने सदन में कहा कि भ्रष्टाचार तो राफेल खरीद में हुआ, जहां 700 करोड़ की जगह 2300 करोड़ एक जहाज के लिए दिए गए. वो भी काम नहीं आए. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने हिंदुस्तान के छक्के छुड़ा दिए.
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष जय राम ठाकुर ने एनडीटीवी से साफ कहा कि हमने कहा है कि इस बयान को रिकॉर्ड से हटाया जाए, नहीं तो भाजपा के पास सारे विकल्प खुले हैं. वहीं लोकनिर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह एनडीटीवी के सवाल पर चुपी साध गए और सिर्फ इतना कहा कि जो हकीकत है वो सब को पता है.
वहीं भाजपा नेता विपन सिंह परमार कहा जगत सिंह नेगी को खुद को ही पता नहीं है की वो क्या बोल रहे हैं. हमें गर्व है कि हमारी सेना ने आतंकवादियों को उसी जगह पर मारा था जहां उन्होंने ने हमारे पर्यटकों के सिंदूर उजाड़ने की साजिश रची थी.
वहीं कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए पूर्व में मंत्री रहे सुधीर शर्मा ने कहा कि अगर जगत नेगी को ऐसा लगता है तो वो यहां क्या कर रहे हैं, सीधे लाहौर चले जाएं. उन्होंने कहा कि आज हिमाचल के हर तीसरे घर में कोई ना कोई सेना में है. ऐसे में हमारे ऑपरेशन सिंदूर पर ऐसी टिपण्णी करना निंदनीय है और हम भर्त्सना करते हैं. कांग्रेस पार्टी का धरातल खिसका हुआ है इसीलिए दिल्ली से लेकर हिमाचल तक ऐसी बातें कर कांग्रेस का धरातल बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं