विज्ञापन

उद्घाटन से पहले टपकने लगी मेट्रो स्टेशन की छत, पुणे मेट्रो प्रोजेक्ट पर उठे सवाल

मेट्रो सेवा 4 नवंबर को सुबह 6 बजे शुरू होगी. माण से जिला न्यायालय की ओर जाने वाली आखिरी ट्रेन रात 10.30 बजे और जिला न्यायालय से माण की ओर जाने वाली आखिरी ट्रेन रात 11.40 बजे रवाना होगी.

उद्घाटन से पहले टपकने लगी मेट्रो स्टेशन की छत, पुणे मेट्रो प्रोजेक्ट पर उठे सवाल

पुणे के शिवाजीनगर-हिंजेवाड़ी-मान मेट्रो कॉरिडोर के मान मेट्रो स्टेशन पर उद्घाटन से ठीक पहले पानी रिसाव का मामला सामने आया है. स्टेशन के अंदर बारिश का पानी टपकने के वीडियो वायरल होने के बाद निर्माण गुणवत्ता और यात्री सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. 3 नवंबर को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस मेट्रो लाइन का उद्घाटन करने वाले हैं. विवाद बढ़ने पर PMRDA ने सफाई देते हुए कहा कि रिसाव किसी संरचनात्मक खामी से नहीं, बल्कि टेरेस पर बारिश के पानी के निकासी पाइप में अस्थायी रुकावट के कारण हुआ था.

एजेंसी का दावा है कि समस्या दूर कर दी गई है और स्टेशन की संरचना पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन उद्घाटन से पहले सामने आई इस घटना ने परियोजना की गुणवत्ता को लेकर चर्चा तेज कर दी है.

3 नवंबर को पुणे मेट्रो लाइन-3 का होगा उद्घाटन

गौरतलब है कि 3 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुप्रतीक्षित पुणे मेट्रो लाइन-3 का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे. इसके अगले दिन यानी 4 नवंबर से माण-हिंजवडी से शिवाजीनगर के बीच मेट्रो सेवा यात्रियों के लिए शुरू हो जाएगी. शुरुआत में इस मार्ग के 23 में से 17 स्टेशन खोले जाएंगे.
म्हालुंगे-बालेवाड़ी स्थित श्री शिवछत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 3 नवंबर को सुबह 10.30 बजे उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा. इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा अजित पवार मौजूद रहेंगी. 

करीब 23.203 किलोमीटर लंबी यह पूरी तरह एलिवेटेड मेट्रो लाइन ‘पुणेरी मेट्रो' और ‘पिंक लाइन' के नाम से जानी जाएगी. यह माण से शुरू होकर हिंजवडी के राजीव गांधी इन्फोटेक पार्क होते हुए शिवाजीनगर तक पहुंचेगी. इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 8,313 करोड़ रुपए है. इसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर विकसित किया गया है. अधिकारियों के मुताबिक देश में इस मॉडल पर लागू होने वाली यह पहली मेट्रो परियोजना है.

शुरुआत में जिन 17 स्टेशनों को यात्रियों के लिए खोला जाएगा, उनमें माण, माण-एमआईडीसी सर्कल फेज-2, माण बस डिपो, हिंजवडी फेज-2 सर्कल-1 और 2, पद्मभूषण चौक, शिवछत्रपति शिवाजी महाराज चौक, हिंजवडी फेज-1, वाकड चौक, श्री शिवछत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मिटकॉन, आरके लक्ष्मण म्यूजियम, औंध, सकालनगर, सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय, कृषि महाविद्यालय और जिला एवं सत्र न्यायालय स्टेशन शामिल हैं.

बाकी छह स्टेशनों का काम चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा. इनमें से दो स्टेशनों का काम नवंबर 2026 के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है, जबकि अन्य चार स्टेशन जनवरी 2027 तक यात्रियों के लिए शुरू किए जाएंगे. सात स्टेशनों पर फिलहाल एक ही सीढ़ी यात्रियों के लिए खुली रहेगी, जबकि बाकी 10 स्टेशनों पर दोनों सीढ़ियों का इस्तेमाल किया जा सकेगा.

मेट्रो सेवा 4 नवंबर को सुबह 6 बजे शुरू होगी. माण से जिला न्यायालय की ओर जाने वाली आखिरी ट्रेन रात 10.30 बजे और जिला न्यायालय से माण की ओर जाने वाली आखिरी ट्रेन रात 11.40 बजे रवाना होगी. व्यस्त समय में हर छह मिनट और बाकी समय में हर 12 मिनट पर मेट्रो उपलब्ध होगी.

ये भी पढ़ें: 6 साल के बेटे संग 18वीं मंजिल से छलांग लगाकर महिला ने दी जान, पुणे से सामने आया हैरान करने वाला मामला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pune Metro, Pune Metro Expansion Plans, Pune Metro Fare
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com