पुणे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर कोमल दहाके की हत्या के मामले में एक नया मोड़ आया है. अब तक कहा जा रहा था कि कोमल की हत्या उसके बॉयफ्रेंड शुभम ने की है. लेकिन कोमल के एक करीबी रिश्तेदार का दावा है कि यह सारी बातें झूठी हैं. उन्होंने दावा किया है कि उन्होंने शुभम का नाम पहली बार तब सुना जब उसने कोमल की हत्या कर दी.
कोमल के रिश्तेदार अक्षय इंगोले ने NDTV से कहा कि 'कल से आ रही खबरें पूरी तरह से झूठी हैं और हमारी बेटी को बदनाम कर रही हैं. लोग दावा कर रहे हैं कि वे प्रेमी थे और हमें इस बारे में पता था. यह बिल्कुल झूठ है. हमें किसी रिश्ते या शादी की योजनाओं के बारे में कुछ भी नहीं पता था.'
उन्होंने कहा कि 'हमने 'शुभम' नाम पहली बार कल सुना, वह भी तब जब उसने हमारी बेटी की हत्या कर दी.'
पीजी की सुरक्षा पर उठाए सवाल
अक्षय ने पीजी की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा, 'हमारा सबसे बड़ा सवाल PG मालिक से है कि रात 1:00 बजे एक लड़के को लड़कियों के PG में कैसे आने दिया गया?'
उन्होंने कहा, 'उसने हत्या की और तीन घंटे तक शव के पास बैठा रहा। PG मालिक को इसका पता कैसे नहीं चला?'
उन्होंने आगे कहा कि 'CCTV कैमरों में क्या दिखा? वहां 100 से ज्यादा लड़कियां रहती हैं, फिर भी किसी ने उसकी चीखें नहीं सुनीं.'
यह भी पढ़ें | जिसे 'पापा' कहती थी 9 साल की बच्ची, उसी ने किया रेप; उसकी मां से करना चाहता था शादी
पुलिस पर भी उठाए सवाल
अक्षय ने इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पीजी मालिक के खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं की गई.
उन्होंने कहा, 'यह साफ तौर पर मामले को दबाने की कोशिश लग रही है, और पुलिस ने PG मालिक के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है. PG मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि कोई और लड़की अगली 'कोमल' न बने.'
उन्होंने कहा कि 'हम आरोपी के लिए फांसी की सजा और फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग करते हैं.'
उन्होंने मांग की कि राज्य के गृह मंत्री को इस मामले में दखल देना चाहिए. उन्होंने कहा कि हम कोमल को इंसाफ दिलाने के लिए तब तक लड़ने को तैयार हैं, जब तक कि न्याय न मिल जाए.
क्या है पूरा मामला?
कोमल पुणे के हिंजवाड़ी इलाके में एक पीजी में रहती थी. बताया जा रहा है कि शुभम और कोमल रिलेशनशिप में थे. लेकिन अवैध रिश्ते के शक में दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे.
रविवार-सोमवार की रात करीब 3 बजे दोनों के बीच एक बार फिर झगड़ा हुआ. लेकिन इस बार बात हत्या तक पहुंच गई. गुस्से में आकर शुभम ने कथित तौर पर कोमल के साथ मारपीट की. उसे इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई.
इसके बाद वह पूरी रात कोमल के शव के पास ही बैठा रहा. सुबह उसने पुलिस को खुद फोन कर इसकी सूचना दी. पुलिस कोमल को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जबकि, शुभम को गिरफ्तार कर लिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं