छत्तीसगढ़ के जंगलों से नक्सलियों के निकलते ही शिकारी सक्रिय हो गए हैं, उन्होंने जंगली जानवरों के शिकार करने का तरीका भी बदल दिया है. अब पारंपरिक तीर-धनुष और भाले से ही नहीं, पानी के पाइप से बनी होममेड बंदूक, कटीले तार और सबसे खतरनाक करंट वाले तारों से जानवरों का शिकार किया जा रहा है. हाल ही में छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के सुकमा में वन विभाग ने छापेमारी के दौरान पानी के पाइप से बना एक होममेड हथियार बरामद किया है. ये हथियार विशेष रूप से शिकार के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे. इसके अलावा जंगल से तीर-धनुष, भाला, कटीले और करंट वाले तार भी जब्त किए गए हैं.

बस्तर के जंगल से बरामद हथियार.
पाइप की बंदूक से शिकार
वन विभाग की कार्रवाई के दौरान से सामने आया कि जंगलों में अब पारंपरिक तरीके के साथ-साथ आधुनिक और घरेलू उपकरणों का भी इस्तेमाल जमकर किया जा रहा है. अप्रैल 2026 में सुकमा में पानी के पाइप का बंदूक की तरह इस्तेमाल करते हुए शिकारी को पकड़ा गया. इंद्रावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में कटीले तार में फंसा कर बाघ का शिकार किया गया.
IPS Transfer: छत्तीसगढ़ में 24 आईपीएस अफसरों का तबादला, 12 जिलों के SP बदले, देखें पूरी लिस्ट

बस्तर के जंगल में इस तरह की पाइप गन से किया जा रहा वन्यजीवों का शिकार.
खुद शिकारी भी फंस रहे अपने जाल में
बस्तर का जंगल बड़ा होने और शिकारियों के नए-नए तरीकों की वजह से जंगली जानवरों को बचाना वन विभाग के लिए और चुनौतीपूर्ण हो गया है. शिकारियों पर लगाम लगाने के लिए वन विभाग की टीम लगातार पेट्रोलिंग कर रही है. सबसे हैरानी वाली बात यह है कि शिकार के तरीके कई बार खुद शिकारियों के लिए ही काल बन जाते हैं. जांजगीर और रायगढ़ जिले में हाल के दिनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं.

शिकारियों को रोकने जंगल में गश्त बढ़ाई
छत्तीसगढ़ वन विभाग के एपीसीसीएफ (APCCF) माथेश्वरन वी. ने NDTV से बात करते हुए कहा कि "सुकमा में एक पाइप गन पकड़ी गई है. इस होममेड गन में बच्चे कंचे (मार्बल्स) खेलते हैं, अब इसका उपयोग शिकार के लिए किया जा रहा है. जांजगीर और रायगढ़ में करंट वाले तार की वजह से जानलेवा हादसे हुए हैं. ये तरीके न सिर्फ वन्यजीवों के लिए खतरा हैं, बल्कि इंसानों के लिए भी जानलेवा हैं. इसे देखते हुए हमने जंगल में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों को लगातार जागरूक भी कर रहे हैं."

शिकार के लिए जंगल में लगाए थे कटीले और करंट वाले तार.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं