दिवाली का त्योहार खत्म होते ही कारोबारियों की निगाहें अब शादियों के सीजन पर टिक गई हैं. त्योहारी सीजन में अच्छी बिक्री के बाद व्यापारी अब शादी से जुड़े कारोबार में तेजी की उम्मीद कर रहे हैं. 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह के साथ देशभर में शादियों का सीजन शुरू हो जाएगा. कारोबारियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) का अनुमान है कि इस सीजन में देशभर में करीब 52 लाख शादियां होंगी और इनसे लगभग 6 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है.
दिल्ली-NCR में ही करीब 5 लाख शादियां होने का अनुमान है. CTI के मुताबिक, इनसे लगभग 1 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है. इस सीजन से ज्वेलरी, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों के साथ होटल, कैटरिंग, डेकोरेशन, ट्रांसपोर्ट और इवेंट मैनेजमेंट जैसे कारोबार को भी फायदा मिलने की उम्मीद है.
चार महीने बाद आज से गूंजेंगी शहनाइयां
करीब चार महीने के इंतजार के बाद देशभर में फिर से शादियों की रौनक लौटने वाली है. ज्योतिषीय मान्यताओं के मुताबिक, 24 जुलाई को देवशयनी एकादशी के बाद भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले गए थे. इस दौरान विवाह समेत कई मांगलिक कार्य नहीं हुए.
अब 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के साथ मांगलिक कार्य फिर शुरू होंगे. इसी दिन तुलसी-शालिग्राम विवाह भी होता है. इसे विवाह सीजन की शुरुआत के लिए शुभ माना जाता है. इस दिन अबूझ साया होने के कारण बड़ी संख्या में शादियां होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें | 25 दिन में 52 लाख शादियों पर खर्च करेंगे 7.5 लाख करोड़ रुपये! होटल, कैटरिंग से ज्वैलरी तक बरसेंगे पैसे : CAIT
शादियों से किसे कितना कारोबार मिलने की उम्मीद?
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल और महासचिव गुरमीत अरोड़ा के मुताबिक, शादी के खर्च का बड़ा हिस्सा खरीदारी और सेवाओं पर होता है. कपड़े, साड़ियां, लहंगे, ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और गिफ्ट आइटम के अलावा बैंक्वेट हॉल, होटल, कैटरिंग, टेंट, सजावट और फोटोग्राफी जैसी सेवाओं पर भी खूब खर्च होता है. संगठन के मुताबिक, शादी के कुल खर्च में अलग-अलग वस्तुओं और सेवाओं की अनुमानित हिस्सेदारी पर एक नजर डाल लीजिए:
- कपड़े, साड़ियां, लहंगे और अन्य परिधान: 10%
- आभूषण: 15%
- इलेक्ट्रॉनिक्स और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स: 5%
- सूखे मेवे, मिठाइयां और स्नैक्स: 5%
- किराना और सब्जियां: 5%
- उपहार की चीजें: 4%
- अन्य सामान: 6%
शादी की सेवाओं पर खर्च
- बैंक्वेट हॉल, होटल और शादी के स्थल: 5%
- इवेंट मैनेजमेंट: 3%
- टेंट और सजावट: 10%
- कैटरिंग और खानपान सेवाएं: 10%
- फूलों की सजावट: 4%
- परिवहन और कैब सेवाएं: 3%
- फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी: 2%
- ऑर्केस्ट्रा और संगीत: 3%
- लाइट और साउंड: 3%
- अन्य सेवाएं: 7%
इन आंकड़ों के मुताबिक, शादी के कुल खर्च में आभूषणों और परिधानों की बड़ी हिस्सेदारी है. वहीं, कैटरिंग और टेंट-सजावट जैसी सेवाओं पर भी काफी खर्च होता है.
'वोकल फॉर लोकल वेडिंग्स' से भारतीय कारोबारियों को फायदा
CTI का कहना है कि GST दरों में कटौती और राहत के बाद ग्राहकों के खरीदारी व्यवहार में बदलाव आया है. अब ग्राहक विदेशी सामान के मुकाबले भारतीय उत्पादों को ज्यादा प्राथमिकता दे रहे हैं.
संगठन के मुताबिक, 'वोकल फॉर लोकल वेडिंग्स' अभियान के कारण चीनी लाइटिंग, कृत्रिम सजावट और गिफ्ट एक्सेसरीज जैसे आयातित उत्पादों की मौजूदगी कम हुई है. इसका फायदा पारंपरिक कारीगरों, ज्वैलर्स और कपड़ा कारोबारियों को मिल रहा है.
शादी के सीजन में डेकोरेटर, कैटरर्स, फूल विक्रेता, कलाकार, ट्रांसपोर्टर और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े लोगों को सीधे काम मिलता है. इसके अलावा वस्त्र, ज्वेलरी, हैंडीक्राफ्ट, पैकेजिंग और लॉजिस्टिक्स से जुड़े छोटे कारोबारियों को भी फायदा होने की उम्मीद है.
13 दिसंबर से फिर थम जाएगी शादियों की रफ्तार
शादी का ये सीजन बहुत लंबा नहीं रहने वाला है. आचार्य आशीष शास्त्री के मुताबिक, 13 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक मलमास के कारण विवाह के मुहूर्त नहीं होंगे. इसके बाद 15 जनवरी से फिर शादियां शुरू होंगी.
उनके मुताबिक, 28 जून 2027 तक विवाह के अच्छे मुहूर्त रहेंगे. इसके बाद शुक्र तारा अस्त होने और 13 जुलाई को देवशयनी एकादशी के साथ विवाह का सीजन करीब चार महीने के लिए थम जाएगा.
नवंबर 2026 से जून 2027 तक शादी के प्रमुख मुहूर्त
- नवंबर 2026: 21, 24, 25, 26
- दिसंबर 2026: 1, 2, 3, 4, 5, 6, 11, 12
- जनवरी 2027: 15, 18, 19, 20, 21, 22, 24, 26, 27, 30, 31
- फरवरी 2027: 2, 9, 10, 11, 14, 20, 21, 27, 28
- मार्च 2027: 1, 2, 3, 4, 8, 9, 10, 18, 19, 20, 21
- अप्रैल 2027: 17, 18, 19, 20, 21, 23, 24, 25, 26, 27, 28, 29, 30
- मई 2027: 7, 8, 9, 10, 15, 16, 17, 18, 19
- जून 2027: 5, 9, 10, 11, 20, 21, 23, 26, 27, 28
इस तरह दिवाली के बाद अब शादी का सीजन कारोबारियों के लिए अगली बड़ी उम्मीद बन गया है. CTI को उम्मीद है कि 52 लाख शादियों से देश के बाजार में 6 लाख करोड़ रुपये की आर्थिक गतिविधियां होंगी. इसका फायदा बड़े कारोबारियों के साथ छोटे दुकानदारों, कारीगरों और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी मिल सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं