Upcoming dividend stocks 2026: अगर आप शेयर बाजार से एक्स्ट्रा कमाई करने का मौका ढूंढ रहे हैं, तो यह हफ्ता आपके लिए बहुत खास होने वाला है. इस छोटे कारोबारी हफ्ते में कई दिग्गज कंपनियां अपने निवेशकों को डिविडेंड का तोहफा देने जा रही हैं. IREDA से लेकर TVS Holdings और Crisil जैसी कंपनियां एक्स-डिविडेंड ट्रेड करेंगी. अगर आप भी इस मौकेका फायदा उठाना चाहते हैं, तो आपको इन कंपनियों की रिकॉर्ड डेट का खास ध्यान रखना होगा.
यहां हम आपको इस हफ्ते डिविडेंड देने वाले टॉप शेयरों की पूरी लिस्ट और डिटेल्स बताने जा रहे हैं...
TVS Holdings: सबसे भारी-भरकम डिविडेंड
इस हफ्ते सबसे ज्यादा डिविडेंड TVS Holdings Ltd. दे रही है. कंपनी ने ₹86 प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है. इसके लिए रिकॉर्ड डेट 2 अप्रैल, 2026 तय की गई है. इसके अलावा, TVS Motor Company ने भी ₹12 प्रति शेयर (1,200%) के डिविडेंड की घोषणा की है, जिसके लिए रिकॉर्ड डेट 31 मार्च (सोमवार) है.
CRISIL: निवेशकों को ₹28 का तोहफा
रेटिंग एजेंसी Crisil ने अपने शेयरधारकों के लिए ₹28 प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है. इस डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 3 अप्रैल (शुक्रवार) रखी गई है. कंपनी का कहना है कि पात्र निवेशकों को इस डिविडेंड का भुगतान 23 अप्रैल तक कर दिया जाएगा.
Chennai Petroleum और IREDA: सरकारी कंपनियों का जलवा
सरकारी क्षेत्र की कंपनियों में Chennai Petroleum Corporation ने ₹8 प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है, जिसकी रिकॉर्ड डेट 2 अप्रैल है. वहीं, रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की दिग्गज कंपनी IREDA ने ₹0.60 प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है. IREDA के निवेशकों के लिए भी रिकॉर्ड डेट 2 अप्रैल (गुरुवार) ही तय की गई है.
Aster DM Healthcare: ₹3 का डिविडेंड
हेल्थकेयर सेक्टर की कंपनी Aster DM Healthcare ने ₹3 प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की है. इसके लिए रिकॉर्ड डेट 3 अप्रैल (शुक्रवार) है. ध्यान रखें कि इस बार टीडीएस (TDS) के कड़े नियम लागू हैं. अगर आपका पैन (PAN) आधार से लिंक नहीं है, तो 20% तक टैक्स कट सकता है. दस्तावेज जमा करने की आखिरी तारीख 6 अप्रैल है.
Sundaram-Clayton: ऑटो कंपोनेंट सेक्टर में कमाई
ऑटो पार्ट्स बनाने वाली कंपनी Sundaram-Clayton Ltd. ने ₹4.50 प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है. कंपनी इस बार कुल ₹9.92 करोड़ का भुगतान करेगी. इसके लिए रिकॉर्ड डेट 3 अप्रैल तय की गई है. कंपनी ने बताया है कि डिविडेंड की घोषणा के 30 दिनों के भीतर इसका भुगतान कर दिया जाएगा.
डिविडेंड पाने का क्या है नियम? (T+1 सेटलमेंट)
भारत में अब शेयरों की खरीद-बिक्री T+1 सेटलमेंट साइकिल के तहत होती है. इसका मतलब है कि अगर आप किसी कंपनी का डिविडेंड पाना चाहते हैं, तो आपको रिकॉर्ड डेट से कम से कम एक कामकाजी दिन पहले शेयर खरीदने होंगे. अगर आपने रिकॉर्ड डेट वाले दिन ही शेयर खरीदे, तो आप डिविडेंड के हकदार नहीं होंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं