देश के सबसे बड़े कारोबारी समूहों में शामिल टाटा ग्रुप में जारी घमासान और तेज हो गई है. बॉम्बे हाईकोर्ट में आज (26 नवंबर) होने वाली अहम सुनवाई से कुछ घंटे ठीक पहले टाटा ट्रस्ट्स ने एक बड़ा कदम उठाया है. नोएल टाटा के नेतृत्व वाले सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट ने महाराष्ट्र के चैरिटी कमिश्नर के पास केविएट दाखिल किया है. ये केविएट ट्रस्टी वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह के खिलाफ दाखिल किया गया है.
केविएट क्यों दाखिल किया?
दरअसल, एक दिन पहले यानी 26 नवंबर को वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह ने चैरिटी कमिश्नर को एक चिट्ठी लिखी थी. इसमें उन्होंने 25 नवंबर को ट्रस्ट की तरफ से जारी किए गए एक सर्कुलर की जांच की मांग की थी. उस सर्कुलर में टाटा संस और उसके कुछ डायरेक्टर्स के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में कानूनी कार्रवाई करने की इजाजत दी गई थी. अब ट्रस्ट ने केविएट दाखिल करके ये सुनिश्चित किया है कि श्रीनिवासन और सिंह की शिकायत पर कोई भी फैसला ट्रस्ट का पक्ष सुने बिना न लिया जाए.
यह भी पढ़ें | टाटा संस में बोर्ड रूम की लड़ाई कोर्ट रूम कैसे पहुंची? नोएल टाटा, चंद्रशेखरन के खिलाफ अब पहुंचे हाईकोर्ट
असल झगड़ा क्या है?
टाटा ट्रस्ट्स ने कल (26 नवंबर) ही बॉम्बे हाईकोर्ट में टाटा संस के खिलाफ मुकदमा दायर किया था. ट्रस्ट की मांग है कि टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को रद्द किया जाए. ये नियुक्ति 17 सितंबर की बोर्ड मीटिंग में हुई थी. ट्रस्ट ने कोर्ट से ये भी कहा है कि 30 नवंबर को होने वाली बोर्ड मीटिंग में चंद्रशेखरन की नियुक्ति पर कोई फैसला न लिया जाए. साथ ही कास्टिंग वोट के इस्तेमाल पर भी रोक लगाई जाए. कास्टिंग वोट का इस्तेमाल तब होता है, जब बोर्ड में किसी फैसले पर बराबरी की स्थिति बन जाए.
विजय सिंह का आरोप क्या है?
विजय सिंह ने अपनी चिट्ठी में कहा है कि कुछ ट्रस्टियों के विरोध के बावजूद सर दोराबजी ट्रस्ट ने टाटा संस के खिलाफ मुकदमा दायर करने का फैसला लिया. इसकी जांच होनी चाहिए. अब सबकी नजरें आज की हाईकोर्ट सुनवाई और 30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग पर टिकी हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं