टाटा ग्रुप से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. नोएल टाटा ने टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन के चेयरमैन और डायरेक्टर का पद छोड़ दिया है. 70 साल की उम्र पूरी होने के बाद उन्होंने 11 नवंबर 2026 को कारोबारी समय खत्म होने के साथ अपना पद छोड़ दिया. अब उनकी जगह बहराम वकील कंपनी के नए चेयरमैन होंगे. यह बदलाव 12 नवंबर 2026 से लागू हो गया है. कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि नोएल टाटा को अब चेयरमैन एमेरिटस बनाया गया है. टाटा ग्रुप के नियमों के मुताबिक, नॉन-एग्जीक्यूटिव और नॉन-इंडिपेंडेंट डायरेक्टर्स के लिए रिटायरमेंट की उम्र 70 साल तय है.
16 साल से ज्यादा समय तक संभाली चेयरमैन की जिम्मेदारी
नोएल टाटा 9 जून 2004 को टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन के बोर्ड में शामिल हुए थे. इसके बाद 24 जून 2010 को उन्हें कंपनी का चेयरमैन बनाया गया. इस तरह उन्होंने 16 साल से ज्यादा समय तक चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाली और कंपनी के बोर्ड में 22 साल से अधिक समय बिताया.कंपनी ने उनके योगदान की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कंपनी ने कई अहम मुकाम हासिल किए और शेयरधारकों के लिए लगातार ग्रोथ और वैल्यू बनाई. बोर्ड ने उनके नेतृत्व और सही दिशा देने के लिए आभार भी जताया है.
बहराम वकील होंगे नए चेयरमैन
नोएल टाटा के पद छोड़ने के बाद कंपनी के बोर्ड ने बहराम वकील को नया चेयरमैन नियुक्त किया है. उनकी नियुक्ति 12 नवंबर 2026 से लागू हो गई है. वह अब टाटा ग्रुप की इस इन्वेस्टमेंट कंपनी की कमान संभालेंगे.
अबिजर दीवानजी को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी
टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन के बोर्ड ने अबिजर शब्बीर दीवानजी को भी एडिशनल नॉन-एग्जीक्यूटिव इंडिपेंडेंट डायरेक्टर बनाने की मंजूरी दी है. उनकी नियुक्ति 12 नवंबर 2026 से पांच साल के लिए होगी और उनका कार्यकाल 11 नवंबर 2031 तक रहेगा. हालांकि, इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी. कंपनी के नॉमिनेशन एंड रेम्युनरेशन कमेटी ने उनके नाम की सिफारिश की थी. दीवानजी NeoStrat Advisors LLP के फाउंडर हैं. इससे पहले वह KPMG और EY में फाइनेंशियल सर्विसेज से जुड़े कामकाज की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. उन्हें इस क्षेत्र में करीब 20 साल का अनुभव है.
टाटा ग्रुप की कई कंपनियों में अहम जिम्मेदारी संभाल रहे हैं नोएल
नोएल टाटा टाटा ग्रुप में 40 साल से ज्यादा समय से जुड़े हुए हैं. उन्होंने ग्रुप की कई कंपनियों में सीनियर पदों पर काम किया है. वह टाइटन के बोर्ड में मार्च 2022 में शामिल हुए थे. इसके अलावा वह ट्रेंट और वोल्टास के चेयरमैन, टाटा स्टील के वाइस चेयरमैन और टाटा इंटरनेशनल के चेयरमैन हैं. वह टाटा ट्रस्ट्स के भी चेयरमैन हैं.
टाइटन और टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन के बोर्ड से उनके रिटायरमेंट के बाद अब चर्चा है कि उम्र के आधार पर यह बदलाव टाटा ग्रुप की दूसरी कंपनियों में भी देखने को मिल सकता है.
यह भी पढ़ें | सिगरेट फिर हुई महंगी, ITC ने Gold Flake Premium के दाम 10 रुपये बढ़ाए, एक पैकेट के लिए देने होंगे इतने रुपये
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं