Success Story of Nilesh Shah: कहते हैं कि अगर हौसलों में उड़ान हो, तो तंग गलियां भी आसमान छूने से नहीं रोक सकतीं. भारतीय म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के दिग्गज और कोटक महिंद्रा एसेट मैनेजमेंट कंपनी के एमडी और सीईओ निलेश शाह की जिंदगी इसी बात की मिसाल है. कभी मुंबई की एक छोटी सी चॉल में अभावों के बीच बचपन बिताने वाले नीलेश शाह आज करीब 6 लाख करोड़ रुपये के फंड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. आइए निलेश शाह के सफर के बारे में जानते हैं.
सिर से उठा पिता का साया, मां के संघर्ष ने दिखाई राह
निलेश शाह का शुरुआती जीवन बेहद कठिन परिस्थितियों में बीता. मुंबई की एक चॉल के छोटे से कमरे में रहने वाले निलेश जब बहुत छोटे थे, तभी उनके पिता का साया सिर से उठ गया. उनके पिता मिल मजदूर थे. पिता के अचानक चले जाने के बाद परिवार पर आर्थिक संकट का पहाड़ टूट पड़ा. ऐसी मुश्किल घड़ी में उनकी मां ने हिम्मत नहीं हारी और अकेले दम पर बच्चों की परवरिश और परिवार के भविष्य की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली. मां को दिन-रात कड़ी मेहनत करते देख निलेश ने बचपन में ही समझ लिया था कि गरीबी के इस कुचक्र से बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता शिक्षा ही है.
स्कॉलरशिप से की पढ़ाई, CA में जीता गोल्ड मेडल
आर्थिक तंगी के कारण नीलेश के पास करियर के ज्यादा महंगे ऑप्शन नहीं थे, लेकिन पढ़ाई में वे शुरू से ही बेहद मेधावी थे. उन्होंने साल 1987 में मुंबई के सिडेनहैम कॉलेज से बीकॉम की डिग्री हासिल की. पैसों की कमी आड़े न आए, इसके लिए उन्होंने अपनी पढ़ाई स्कॉलरशिप के जरिए जारी रखी. इसके बाद उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) करने का फैसला किया. उनकी लगन का नतीजा यह रहा कि नवंबर 1991 की सीए परीक्षा में उन्होंने पूरे देश में टॉप किया और गोल्ड मेडलिस्ट बने. इसके अलावा वे कॉस्ट अकाउंटेंसी (ICWA) में भी मेरिट रैंक होल्डर रहे.
संभालते हैं 6 लाख करोड़ का फंड
उनकी अगुवाई में कंपनी का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) करीब 6 लाख करोड़ रुपये बताया जाता है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, निलेश शाह की सैलरी करीब 16 करोड़ रुपये सालाना है. शाह की कहानी बताती है कि सफलता के लिए शुरुआत कितनी बड़ी थी, यह उतना मायने नहीं रखता. मेहनत, लगातार सीखने की इच्छा और अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता के दम पर कोई भी शख्स बड़ी पहचान बना सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं