विज्ञापन

दिल्ली में की पढ़ाई, पिता के निधन के बाद लौटे बिहार, खुरमा बेचकर खड़ा किया 25 लाख का कारोबार

Success Story: दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने वाले नीतेश कुमार सरकारी नौकरी की तैयारी करना चाहते थे, लेकिन पिता के निधन के बाद उन्हें बिहार लौटना पड़ा. बिहार सरकार की स्टार्टअप योजना से 10 लाख रुपये की मदद लेकर उन्होंने भोजपुर के मशहूर खुरमा का कारोबार शुरू किया. आज उनका सालाना टर्नओवर 20-25 लाख रुपये तक पहुंच गया है.

दिल्ली में की पढ़ाई, पिता के निधन के बाद लौटे बिहार, खुरमा बेचकर खड़ा किया 25 लाख का कारोबार
भोजपुर के खुरमा को देशभर में पहुंचा रहे नीतेश कुमार

Success Story: बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले नीतेश कुमार कभी सरकारी नौकरी करने का सपना लेकर दिल्ली आए थे. उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन भी किया. लेकिन साल 2022 में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई. इसके बाद उन्होंने दिल्ली में नौकरी करने के बजाय अपने गृह जिले भोजपुर लौटकर खुद का कारोबार शुरू करने का फैसला किया.

हालांकि, अपना कारोबार शुरू करना उनके लिए आसान नहीं था. परिवार में पहले किसी ने खुरमा बनाने और बेचने के कारोबार के बारे में नहीं सोचा था. ऐसे में नीतेश के सामने चुनौती थी कि वह किस तरह एक पारंपरिक मिठाई को बड़े बाजार तक पहुंचाएं.

बिहार सरकार की योजना से मिले 10 लाख रुपये

इसी दौरान नीतेश को बिहार सरकार की स्टार्टअप योजना के बारे में जानकारी मिली. उन्होंने इस योजना के तहत 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद लेकर भोजपुर के मशहूर खुरमा का कारोबार शुरू किया. शुरुआत में उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. लगातार मेहनत और नए प्रयोगों के जरिए उन्होंने अपने प्रोडक्ट की मार्केटिंग पर ध्यान दिया. धीरे-धीरे उनके खुरमा की मांग बढ़ने लगी और कारोबार भी रफ्तार पकड़ने लगा. नीतेश ने दिल्ली में चल रहे ट्रेड फेयर के बिहार पवेलियन में भी अपना स्टॉल लगाया है. यहां वह लोगों को भोजपुर के पारंपरिक खुरमा का स्वाद चखा रहे हैं. बिहार पवेलियन में NDTV से बातचीत में उन्होंने बताया कि आज उनके कारोबार का सालाना टर्नओवर करीब 20 से 25 लाख रुपये तक पहुंच गया है. उनके बनाए खुरमा की सप्लाई बिहार के अलावा देश के दूसरे हिस्सों में भी हो रही है.

क्यों खास है भोजपुर का खुरमा, 7-10 दिन तक नहीं होता है खराब

भोजपुर का खुरमा अपनी खास बनावट और स्वाद के लिए जाना जाता है. नीतेश के मुताबिक, इसे गुड़ की चाशनी और पनीर यानी छेने से तैयार किया जाता है. इसकी खासियत इसका सोंधापन और खसखस वाली बनावट है, जो इसे दूसरी मिठाइयों से अलग बनाती है. इस खुरमा की एक और खास बात इसकी शेल्फ लाइफ है. पनीर से तैयार होने के बावजूद इसे सामान्य तौर पर 7 से 10 दिन तक रखा जा सकता है. यही वजह है कि इसे दूर-दराज के इलाकों में भी भेजना आसान होता है और इसकी मांग लगातार बढ़ रही है.

1960 से बन रहा है भोजपुर का खुरमा, GI टैग की तैयारी

बताया जाता है कि भोजपुर में खुरमा बनाने की शुरुआत करीब 1960 में हुई थी. समय के साथ इस मिठाई की लोकप्रियता बढ़ती गई और आज जिले में इसकी कई दुकानें हैं. अब इस पारंपरिक मिठाई को देशभर में पहचान दिलाने की कोशिश हो रही है. इसके लिए बिहार सरकार भोजपुर के खुरमा को GI टैग दिलाने की दिशा में भी प्रयास कर रही है. GI टैग मिलने से इस खास मिठाई को भोजपुर की विशिष्ट पहचान के तौर पर स्थापित करने में मदद मिल सकती है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Success Story
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com