अमेरिका में एक सफल करियर छोड़कर भारत लौटने का फैसला करना आसान नहीं होता. लेकिन निहारिका भट्ट ने यही किया. उन्होंने न सिर्फ अपनी नौकरी छोड़ी, बल्कि UPSC की परीक्षा में पहली ही कोशिश में सफलता हासिल कर IPS अधिकारी बनीं. आज वह दिल्ली के नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की DCP हैं. NDTV से खास बातचीत में उन्होंने अपने इस सफर, UPSC की तैयारी, सफलता के मंत्र, महिला अभ्यर्थियों की चुनौतियों और एक DCP की जिम्मेदारियों पर खुलकर बात की. आइए जानते हैं कि IPS निहारिका ने क्या कहा.
अमेरिका का करियर छोड़ा, भारत लौटने का चुना रास्ता
निहारिका भट्ट का अमेरिका से भारत लौटना कोई मजबूरी नहीं थी. यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन से बायोकेमिकल इंजीनियरिंग में Mtech करने के बाद उन्होंने वाशिंगटन DC में रिसर्चर के तौर पर काम किया. प्रतिष्ठित संस्थान की डिग्री, अंतरराष्ट्रीय अनुभव और एक सुरक्षित करियर उनके सामने था. इसके बावजूद उनके मन में अपने देश के लिए कुछ करने की इच्छा लगातार बनी रही. उन्हें लगा कि सिविल सर्विस ऐसा माध्यम है, जहां कम उम्र में समाज के बड़े हिस्से के जीवन को प्रभावित करने और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सीधे काम करने का अवसर मिलता है.

सफलता का मंत्र: एक किताब को बार-बार पढ़ें
UPSC की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए निहारिका का सबसे महत्वपूर्ण संदेश है- निरंतरता. NDTV से बातचीत में उन्होंने कहा कि तैयारी के दौरान बहुत सारी किताबें इकट्ठा कर लेना सफलता की गारंटी नहीं है. जरूरी है कि किसी विषय की एक अच्छी किताब चुनें और उसे बार-बार पढ़ें. उनके मुताबिक, किसी विषय पर पकड़ तभी बनती है, जब उसे बार-बार पढ़कर अच्छी तरह समझा जाए. एक किताब का कई बार अध्ययन करने से विषय की समझ गहरी होती है और परीक्षा में बेहतर उत्तर लिखने में मदद मिलती है.
संसाधन नहीं, हौसले तय करते हैं मंजिल
जब निहारिका से दूरदराज के इलाकों में रहकर UPSC की तैयारी करने वाली लड़कियों के लिए पूछा गया, तो उन्होंने डिजिटल इंडिया और इंटरनेट की बढ़ती पहुंच को एक बड़ा अवसर बताया. उनका कहना है कि आज इंटरनेट ने पढ़ाई के तरीके को काफी आसान बना दिया है. उनके तैयारी करने के समय की तुलना में आज विद्यार्थियों के पास कहीं अधिक संसाधन उपलब्ध हैं. जिन एस्पिरेंट को ऑफलाइन कोचिंग की सुविधा नहीं मिलती, वे ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई कर सकते हैं. निहारिका के मुताबिक, छोटे शहर या गांव में रहने का मतलब यह नहीं है कि वहां के विद्यार्थी बड़े सपने नहीं देख सकते.

इंजीनियरिंग बैकग्राउंड के कारण उत्तर लिखने में आई चुनौती
अपनी तैयारी के दौरान हुई किसी गलती के बारे में पूछे जाने पर निहारिका ने मुस्कुराते हुए एक दिलचस्प अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि उनका शैक्षणिक बैकग्राउंड इंजीनियरिंग का था, लेकिन UPSC में उन्होंने सोशियोलॉजी को ऑप्शनल के रूप में चुना था. साइंस बैकग्राउंड के कारण शुरुआत में उन्हें आर्ट्स के विषयों को समझने और उनके अनुरूप उत्तर लिखने में थोड़ा समय लगा.
एक DCP का दिन कैसा होता है?
एक जिला पुलिस प्रमुख की दिनचर्या और जिम्मेदारियों के बारे में पूछे जाने पर निहारिका ने बताया कि DCP के तौर पर काम का दायरा काफी व्यापक होता है. दिन की शुरुआत से लेकर उसके समाप्त होने तक कई तरह की जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं.
उन्होंने कहा कि अपराध की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारियां हैं. लेकिन एक DCP का काम सिर्फ इन्हीं तक सीमित नहीं होता. लोगों से मिलना, उनकी समस्याएं सुनना, उन्हें समझना और उनकी शिकायतों के समाधान की कोशिश करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है. पुलिसिंग में हर दिन नई चुनौतियां सामने आती हैं. कभी कानून-व्यवस्था की स्थिति संभालनी होती है, तो कभी किसी पीड़ित की शिकायत और उसकी परेशानी को समझना प्राथमिकता बन जाती है. यही विविधता इस नौकरी को चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ संतोषजनक भी बनाती है.

पुलिस की मौजूदगी से आम आदमी को मिले भरोसा
निहारिका भट्ट की पुलिसिंग की सोच का सबसे महत्वपूर्ण पहलू आम आदमी का भरोसा है. उनके लिए किसी जिले की कमान संभालने का अर्थ केवल अपराध पर नियंत्रण रखना नहीं, बल्कि ऐसा माहौल तैयार करना भी है, जहां नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करें.
ऋषिकेश के SHO से दिल्ली की DCP तक
IPS बनने के बाद निहारिका की शुरुआती ट्रेनिंग देहरादून में हुई. इसके बाद प्रोबेशन के दौरान उन्हें ऋषिकेश कोतवाली में तीन महीने तक SHO की जिम्मेदारी मिली. पुलिसिंग की वास्तविक चुनौतियों से उनका सीधा सामना यहीं से शुरू हुआ. कानून-व्यवस्था, अपराध की जांच और आम लोगों की शिकायतों को समझने का ये उनका पहला बड़ा अनुभव था.
इसके बाद उन्होंने दिल्ली के द्वारका में अतिरिक्त उपायुक्त पुलिस के रूप में जिम्मेदारी संभाली. आगे चलकर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट में एडिशनल DCP-1 के तौर पर काम किया और फिर DCP नॉर्थ की जिम्मेदारी मिली.
आदर्श IPS अधिकारी के लिए शांत स्वभाव और मजबूत नेतृत्व जरूरी
एक आदर्श IPS अधिकारी की खूबियों पर बात करते हुए निहारिका ने कहा कि सबसे जरूरी है जटिल परिस्थितियों को समझने और उन्हें स्पष्टता के साथ लागू करने की क्षमता. पुलिस की नौकरी बेहद तनावपूर्ण होती है. ऐसे में अधिकारी का शांत और संतुलित स्वभाव होना जरूरी है.
महिला होने से ज्यादा IPS अधिकारी होने की पहचान
निहारिका ने अपने ट्रेनिंग के दिनों को याद करते हुए कहा कि ट्रेनिंग के दौरान उन्हें सिखाया गया था कि IPS अधिकारी पुरुष या महिला नहीं होता, बल्कि वह एक IPS अधिकारी होता है. उन्होंने इसी सोच को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाया. अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ कभी महिला या पुरुष के आधार पर अलग व्यवहार नहीं किया और न ही अपने लिए किसी विशेष रियायत की अपेक्षा रखी.
परिवार का साथ और 24 घंटे की जिम्मेदारी
पुलिस की नौकरी में समय की कोई निश्चित सीमा नहीं होती. कभी देर रात किसी घटना की सूचना मिलती है, तो कभी अचानक कानून-व्यवस्था की स्थिति संभालने के लिए घर से निकलना पड़ता है. ऐसे में व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन के बीच संतुलन बनाए रखना आसान नहीं होता. अंग्रेजी में हम इसे वर्क लाइफ बैलेंस कहते है. निहारिका के पति भी IAS अधिकारी हैं और दिल्ली सरकार में कार्यरत हैं. दोनों की व्यस्त पेशेवर जिंदगी के बावजूद एक-दूसरे की जिम्मेदारियों को समझना और परिवार का सहयोग इस संतुलन को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है. दोनों पूरी कोशिश करते है कि परिवार को उनका समय जरूर मिलना चाहिए.

डॉक्टर पिता के घर से इंजीनियरिंग और फिर IPS तक
मुरादाबाद में जन्मीं निहारिका की परवरिश लखनऊ और अलीगढ़ में हुई. उनके पिता डॉक्टर हैं और मां गृहिणी. पिता डॉक्टर होने के बावजूद निहारिका ने मेडिकल की जगह इंजीनियरिंग को चुना. बायोलॉजी में उनकी खास रुचि नहीं थी. परिवार ने भी उन पर अपनी पसंद का करियर चुनने का दबाव नहीं बनाया. उन्हें अपनी राह खुद तय करने की आजादी मिली.
निहारिका की कहानी अपने उद्देश्य को चुनने, चुनौतियों को अवसर में बदलने और दृढ़ संकल्प के साथ सफलता हासिल करने की कहानी है. IPS भट्ट की यात्रा को देखते हुए दाग़ देहलवी का यह मशहूर शेर याद आता है, "मुसाफ़िर को तो मंज़िल का पता मंजिल से मिलता है." शायद यही पंक्ति उनके जीवन सफर को सबसे बेहतर ढंग से बयान करती है.
यह भी पढ़ें | भाई-बहन बने IAS-IPS, पल्लवी मिश्रा-आदित्य मिश्रा की सफलता में संयुक्त परिवार बना सबसे बड़ी ताकत
यह भी पढ़ें | 'IAS अफसर मत बनना...', तुकाराम मुंढे ने अपने बच्चों को क्यों दी ये सलाह?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं