भारतीय शेयर बाजार में पिछले चार दिनों से जारी गिरावट पर आज यानी शुक्रवार 4 सितंबर को ब्रेक लग गया. हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्स-निफ्टी का मूड पॉजिटिव नजर आ रहा है और दोनों इंडेक्स तेजी के साथ खुलकर हरे निशान पर कारोबार कर रहे हैं. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स (BSE Sensex) 515 से ज्यादा अंकों की बढ़त के साथ 76,668 के पार निकल गया, जबकि निफ्टी 50 (NIFTY 50) भी 23,923 के स्तर पर पहुंच कर ट्रेड कर रहे हैं.एशियाई बाजारों में आई तेजी और प्राइवेट कैपेक्स के दमदार के आंकड़ों के दम पर बाजार ने शानदार वापसी की है.
डिफेंस और आईटी शेयरों में खरीदारी
शुरुआती कारोबार में डिफेंस और आईटी इंडेक्स में तेजी से बाजार को सबसे ज्यादा सपोर्ट मिला.निफ्टी इंडिया डिफेंस 0.89 प्रतिशत और निफ्टी आईटी 0.56 प्रतिशत की बढ़त के साथ टॉप गेनर्स थे. इसके अलावा, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी इन्फ्रा, निफ्टी ऑयल एंड गैस और निफ्टी पीएसई भी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे.वहीं निफ्टी फार्मा, निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी एनर्जी और निफ्टी कमोडिटीज लाल निशान में ट्रेड कर रहे थे.
मिडकैप और स्मॉलकैप में मिलाजुला रुख देखने को मिला है. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 63,237 अंक पर कारोबार कर रहा था. निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 83 अंक या 0.42 प्रतिशत की तेजी के साथ 20,134 पर था.
अदाणी पोर्ट्स BSE के टॉप गेनर्स में शामिल
सेंसेक्स पर लिस्टेड शेयरों में अदाणी पोर्ट्स,बजाज फिनसर्व, इंडिगो, ट्रेंट, इन्फोसिस, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा, बीईएल, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन, एमएंडएम, आईटीसी, एसबीआई, एचसीएल टेक, एलएंडटी, पावर ग्रिड और टाटा स्टील गेनर्स थे। एक्सिस बैंक, इटरनल, भारती एयरटेल और एचयूएल लूजर्स थे.
प्राइवेट कैपेक्स में 97% का बड़ा उछाल
CMIE की ताजा रिपोर्ट में चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में निजी निवेश में रिकॉर्ड 97 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. लंबे समय के बाद प्राइवेट कैपेक्स में इतना बड़ा सुधार देखा जा रहा है, जो आने वाले दिनों में देश की आर्थिक वृद्धि दर (Economic Growth) के लिए काफी अच्छा संकेत है.
एशियाई और अमेरिकी बाजारों में तेजी का असर
एशियाई बाजारों में मजबूती देखने को मिली. जापान का निक्केई 1.07 प्रतिशत और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 2.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे. इससे पहले अमेरिकी बाजारों में भी बढ़त का माहौल रहा, जहां एसएंडपी 500 (S&P 500) में 1.06 फीसदी और नैस्डैक (Nasdaq) में 1.40 फीसदी की तेजी दर्ज की गई.
फेड ने ब्याज दर स्थिर रखने के दिए संकेत
बाजार में आई इस तेजी की एक बड़ी वजह अमेरिकी सेंट्रल बैंक के गवर्नर क्रिस्टोफर वॉलर का बयान भी है, जिसमें उन्होंने महंगाई दर कम होने पर अगली बैठक में ब्याज दरें स्थिर रखने का समर्थन किया है. अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा सितंबर की बैठक में ब्याज दरें न बढ़ाने के संकेतों से निवेशकों के भरोसा मजबूत हुआ है.
ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) 0.33 प्रतिशत बढ़कर 95.83 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है जिसकी वजह में बाजार में उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है.
ये भी पढ़ें- 2030 तक $345 अरब का होगा भारत का ई-कॉमर्स मार्केट, ऑनलाइन शॉपिंग में छोटे शहरों और Gen Z का दिखेगा जलवा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं