Stock Market Holiday today on Janmashtami: जन्माष्टमी के मौके पर शेयर बाजार में पैसे लगाने वाले लोग इस बात को लेकर कन्फ्यूजन में हैं कि आज स्टॉक मार्केट खुलेगा या बंद रहेगा? निवेशकों के मन में ये सवाल है कि जन्माष्टमी की वजह से NSE और BSE पर शेयरों की खरीद-बिक्री हो पाएगी या नहीं? अगर आप भी इसी कन्फ्यूजन में हैं तो बता दें कि आज यानी शुक्रवार 4 सितंबर 2026 को शेयर बाजार बंद नहीं बल्कि खुला रहने वाला है. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के कैलेंडर के मुताबिक, जन्माष्टमी के मौके पर शेयर बाजार में कोई ट्रेडिंग हॉलिडे नहीं हैं.
NSE और BSE में कर सकेंगे ट्रेडिंग
बता दें कि जन्माष्टमी के दिन भी शेयर बाजार में ट्रेडिंग और सेटलमेंट प्रोसेस बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा. इक्विटी और इक्विटी डेरिवेटिव्स में ट्रेडिंग जारी रहेगी. इसका मतलब है कि जन्माष्टमी के दिन भी निवेशक बाकी दिनों की तरह शेयरों को खरीद और बेच सकेंगे और सेटलमेंट का काम भी अपने हिसाब से कर पाएंगे.
आज MCX में ट्रेडिंग कर पाएंगे या नहीं?
अगर आप सोने-चांदी या दूसरी कमोडिटी में ट्रेड करते हैं, तो आपके लिए भी राहत की खबर है. आज MCX पर भी ट्रेडिंग जारी रहेगी. MCX पर सुबह और शाम दोनों ट्रेडिंग सेशन खुले रहेंगे. इसलिए आप जन्माष्टमी के दिन कमोडिटी मार्केट में गोल्ड-सिल्वर में ट्रेडिंग कर सकते हैं.
कब-कब बंद रहेगा शेयर बाजार, ट्रेडिग हॉलिडे डेट कर लें नोट
NSE और BSE के 2026 के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक...
- सितंबर में 14 सितंबर को ट्रेडिंग हॉलिडे है. इस दिन गणेश चतुर्थी के कारण शेयर बाजार बंद रहेगा.
- इसके बाद 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती, 20 अक्टूबर को दशहरा और 10 नवंबर को दिवाली-बलीप्रतिपदा पर बाजार में छुट्टी रहेगी.
- वहीं, 24 नवंबर को प्रकाश गुरुपर्व और 25 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर भी शेयर बाजार बंद रहेगा.
बीते दिन बाजार में गिरावट, सेंसेक्स-निफ्टी लुढ़का
जन्माष्टमी से एक दिन पहले यानी कल, गुरुवार को शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था. सेंसेक्स 417.49 अंक या 0.55 प्रतिशत टूटकर 76,152.86 पर जबकि निफ्टी 41 अंक या 0.17 प्रतिशत गिरकर 23,873.45 पर बंद हुआ था. ऐसे में अब निवेशकों की नजर आज के ट्रेडिंग सेशन पर है. गिफ्ट निफ्टी तो बाजार में तेजी का संकेत दे रहा है. हालांकि, क्रूड ऑयल का भाव चढ़ा है जिससे शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव आ सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं