भारतीय शेयर बाजार में बुधवार, 12 अगस्त को शुरुआती सत्र के दौरान फ्लैट से हल्की गिरावट का रुख देखने को मिला. बाजार खुलते ही प्रमुख सूचकांकों में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया, जिसमें सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही लाल निशान में कारोबार करते दिखे.
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) लगभग 28.97 अंक यानी 0.037% की मामूली गिरावट के साथ 78,125.28 के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आया. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 25.55 अंक यानी 0.10% फिसलकर 24,446.15 के करीब आ गया.
सेंसेक्स में दिखा 77,881.10 का निचला स्तर
आज शेयर बाजार में BSE Sensex की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ 78,263.33 पर हुई और वही दिन का उच्चतम स्तर भी रहा. हालांकि, ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली और बिकवाली के दबाव के कारण सूचकांक अपनी तेजी बनाए रखने में नाकाम रहा और लाल निशान में फिसलता चला गया. कारोबार के दौरान सेंसेक्स 77,881.10 के निचले स्तर तक फिसला. खबर लिखे जाने तक पिछले क्लोजिंग यानी 78,154.25 के मुकाबले 28.97 अंक की गिरावट के साथ 78,125.28 के स्तर पर कारोबार कर रहा था.
निफ्टी भी लाल निशान कर रहा है काम
वहीं, NSE Nifty 50 में भी शुरुआती कारोबार के दौरान बिकवाली का दबाव देखा गया, जिससे सूचकांक 24,450 के महत्वपूर्ण मनोवैज्ञानिक स्तर से थोड़ा नीचे आ गया. आज के सत्र में निफ्टी ने 24,473.30 का हाई और 24,390.60 का लो स्तर छुआ. फिलहाल, निफ्टी 50 अपने पिछले क्लोजिंग यानी 24,471.70 की तुलना में 25.55 अंक यानी 0.10% की मामूली गिरावट लेकर 24,446.15 के स्तर पर बना हुआ था.
बैंकिंग सेक्टर में दिखा मिलाजुला रुख
बैंकिंग सेक्टर में बुधवार को मिलाजुला रुख देखने को मिला. शुरुआती कारोबार में इंडियन बैंक के शेयरों में मजबूती दर्ज की गई, जहां इसका शेयर 2.13% बढ़कर 894.25 रुपये पर पहुंच गया. इसी के साथ महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयरों में भी तेजी देखने को मिली, जहां इसका शेयर 2.73% चढ़कर 409.70 रुपये के स्तर पर पहुंच गया. दूसरी ओर, आज के कारोबार में निफ्टी बैंक इंडेक्स के तहत कुछ बैंकिंग शेयर दबाव में नजर आए. आईसीआईसीआई बैंक का शेयर बिना किसी बदलाव के 1,429.60 रुपये पर स्थिर दिखा. वहीं, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक में 0.15% की गिरावट दर्ज की गई और यह 1,069.30 रुपये पर आ गया. इसके अलावा, एचडीएफसी बैंक का शेयर 0.25% गिरकर 727.15 रुपये और कोटक महिंद्रा बैंक 0.66% की गिरावट के साथ 390.30 रुपये पर कारोबार करता दिखा.
मेटल सेक्टर में जमकर हो रही है खरीदारी
आज के इंट्रा-डे कारोबार में निफ्टी मेटल इंडेक्स 1% की बढ़त के साथ मजबूत प्रदर्शन कर रहा है. इस तेजी में नालको (NALCO), हिंडाल्को (Hindalco) और हिंदुस्तान कॉपर (Hindustan Copper) जैसी प्रमुख मेटल कंपनियों का योगदान सबसे आगे रहा. मेटल सेक्टर में आज सबसे ज्यादा तेजी नालको (NALCO) में देखी गई, जिसका शेयर 8.25% उछलकर 420.00 रुपये के स्तर पर पहुंच गया. इसके बाद हिंडाल्को इंडस्ट्रीज (Hindalco) 3.52% बढ़कर 1,086.00 रुपये और हिंदुस्तान कॉपर (Hind Copper) 1.72% की बढ़त के साथ 542.45 रुपये पर कारोबार करता दिखा. इसके अलावा, हिंदुस्तान जिंक (Hind Zinc) 1.61% चढ़कर 596.10 रुपये, वेलस्पन कॉर्प (Welspun Corp) 1.37% बढ़कर 1,862.00 रुपये और वेदांता (Vedanta) 1.2% की बढ़त लेकर 278.30 रुपये पर पहुंच गया.
यह भी पढ़ें- कच्चे तेल में उछाल के बीच पेट्रोल-डीजल की नई दरें जारी, जानें आपके शहर में आज क्या हैं रेट
इंडेक्स के दूसरे मेटल शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली. एनएमडीसी (NMDC) 0.39% की बढ़त के साथ 85.78 रुपये और जिंदल स्टील (Jindal Steel) 0.29% बढ़कर 1,098.20 रुपये पर कारोबार कर रहा था. सेल (SAIL) 0.14% बढ़कर 173.24 रुपये, जेएसडब्ल्यू स्टील (JSW Steel) 0.12% चढ़कर 1,285.00 रुपये, एपीएल अपोलो (APL Apollo) 0.07% बढ़कर 2,014.20 रुपये और टाटा स्टील (Tata Steel) 0.02% की मामूली बढ़त के साथ 188.29 रुपये पर बना हुआ था.
यह भी पढ़ें- शेयर बजार से बनाना चाहते हैं 'मोटा पैसा', तो निवेश से पहले गांठ बांध लें ये 5 बातें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं