Stock Market Holiday on March 3: अगर आप शेयर बाजार में पैसा लगाते हैं या रोजाना ट्रेडिंग करते हैं, तो आज का अपडेट आपके लिए बहुत जरूरी है. होली के त्योहार को लेकर निवेशकों के बीच काफी कन्फ्यूजन था कि शेयर मार्केट 3 मार्च को बंद रहेगा या 4 मार्च को. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने यह साफ कर दिया है कि होली के मौके पर स्टॉक मार्केट कब बंद रहेगा और कब खुला रहेगा. आइए जानते हैं...
होली के मौके पर आज बंद रहेगा शेयर बाजार?
होली के त्योहार पर आज यानी मंगलवार, 3 मार्च 2026 को भारतीय शेयर बाजार में कोई कामकाज नहीं होगा. एनएसई (NSE) और बीएसई (BSE) की आधिकारिक लिस्ट के अनुसार, आज ट्रेडिंग पूरी तरह से बंद रखी गई है. इसका मतलब है कि आज आप शेयरों की खरीद-बिक्री नहीं कर पाएंगे. सिर्फ शेयर ही नहीं, बल्कि इक्विटी डेरिवेटिव्स और करेंसी मार्केट में भी आज ताला लटका रहेगा.
MCX में भी नहीं होगी कोई ट्रेडिंग
शेयर बाजार के साथ-साथ कमोडिटी मार्केट यानी एमसीएक्स (MCX) भी आज होली के मौके पर बंद है. आज 3 मार्च को एमसीएक्स पर सुबह और शाम, दोनों ही सेशन में कोई ट्रेडिंग नहीं की जाएगी. आमतौर पर एमसीएक्स सोमवार से शुक्रवार तक खुला रहता है, लेकिन आज सरकारी छुट्टी होने की वजह से यहां भी कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा.
मार्च में शेयर बाजार की छुट्टियों की लंबी लिस्ट
इस साल मार्च का महीना निवेशकों के लिए छुट्टियों से भरा रहने वाला है. मार्च 2026 में शनिवार और रविवार की छुट्टियों को मिला दें, तो कुल 12 दिन बाजार बंद रहने वाला है. यह इस पूरे साल का ऐसा महीना है जिसमें सबसे ज्यादा छुट्टियां पड़ रही हैं. होली के अलावा इस महीने में दो और बड़े त्योहारों पर शेयर बाजार में छुट्टी (Stock Market Holidays in March 2026) रहेगी, जिससे ट्रेडिंग के दिन काफी कम हो जाएंगे.
इन तीन तारीखों को कर लें नोट
इस महीने कुल तीन बड़े मौके ऐसे हैं जब बाजार में ट्रेडिंग नहीं होगी. इन तीनों दिन इक्विटी, फ्यूचर्स और ऑप्शंस समेत सभी सेगमेंट में ट्रेडिंग रुकी रहेगी.
- सबसे पहले आज 3 मार्च को होली की छुट्टी है.
- इसके बाद 26 मार्च को श्री राम नवमी के अवसर पर बाजार में कामकाज नहीं होगा.
- महीने के अंत में यानी 31 मार्च को श्री महावीर जयंती की वजह से भी बाजार बंद रहेगा.
ईद पर नहीं मिलेगी कोई अलग से छुट्टी
मार्च के महीने में ही ईद-उल-फितर का त्योहार भी आ रहा है, लेकिन इसके लिए निवेशकों को कोई अलग से छुट्टी नहीं मिलेगी. दरअसल, इस साल ईद 21 मार्च को पड़ रही है और उस दिन शनिवार है. नियम के मुताबिक, शेयर बाजार शनिवार और रविवार को पहले से ही बंद रहता है. यही वजह है कि ईद की छुट्टी वीकेंड पर आने के कारण इस बार कोई एक्स्ट्रा वर्किंग डे कम नहीं होगा.
निवेशकों के लिए काम की बात
शेयर बाजार की छुट्टियों की जानकारी पहले से होना ट्रेडर्स के लिए बहुत फायदेमंद रहता है. मार्च में छुट्टियों की संख्या ज्यादा होने के कारण बाजार में वॉल्यूम थोड़ा कम रह सकता है. आपको अपनी ट्रेडिंग स्ट्रैटेजी इन छुट्टियों को ध्यान में रखकर ही बनानी चाहिए. खासकर जब लगातार तीन दिन छुट्टियां आती हैं, तो मार्केट में उतार-चढ़ाव बढ़ने की संभावना रहती है.
बीते दिन बाजार में गिरावट से निवेशकों के 6.59 लाख करोड़ डूबे
बीते दिन मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के चलते तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 2,743.46 अंक यानी 3.37 प्रतिशत टूटकर 78,543.73 अंक पर आ गया था. बाद में यह 1,048.34 अंक यानी 1.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,238.85 अंक पर बंद हुआ.इसी तरह, कारोबार के दौरान 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 575.15 अंक यानी 2.28 प्रतिशत का गोता लगाकर 24,603.50 अंक पर आ गया था. बाद में यह 312.95 अंक यानी 1.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,865.70 अंक पर बंद हुआ.
इस गिरावट के कारण बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 6,59,978.08 करोड़ रुपये घटकर 4,56,90,693.19 करोड़ रुपये रह गया.यानी सोमवार को शेयर बाजार में आई भारी गिरावट से निवेशकों की संपत्ति में 6.59 लाख करोड़ रुपये घट गई.
4 फरवरी से खुलेगा शेयर बाजार?
आज की छुट्टी के बाद बुधवार को बाजार फिर से अपने नियमित समय पर खुलेगा. सुबह 9:00 बजे प्री-ओपन सेशन शुरू होगा और 9:15 बजे से आप सामान्य रूप से शेयरों की ट्रेडिंग कर सकेंगे. दोपहर 3:30 बजे बाजार बंद हो जाएगा और उसके बाद क्लोजिंग सेशन चलेगा. शेयर बाजार में निवेश करते हैं तो किसी भी कन्फ्यूजन से बचने के लिए हमेशा ऑफिशियल स्टॉक मार्केट हॉलिडे कैलेंडर ही चेक करें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं