देश में हवाई सेवा दे रही एयरलाइन SpiceJet की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं. स्पाइसजेट एयरलाइन के क्यू400 विमान उड़ाने वाले पायलटों के एक ग्रुप ने बकाया सैलरी मिलने तक फ्लाइट नहीं उड़ाने का फैसला किया है. ऐसे में यात्रियों को भी परेशानी हो सकती है.
हालांकि, अभी ये साफ नहीं है कि इस फैसले से कितनी उड़ानें प्रभावित होंगी. फिलहाल स्पाइसजेटएयरलाइन की ओर से इस मामले में कोई अपडेट सामने नहीं आया है.
स्पाइसजेट पिछले कुछ समय से फाइनेंशियल संकट और ऑपरेशन की चुनौतियों का सामना कर रही है. अब पायलटों के एक ग्रुप ने सैलरी बकाया का आरोप लगाया है. पायलटों के इस ऐलान को एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ALPA India) ने भी समर्थन दिया है. पायलटों का कहना है कि सैलरी में देरी और अन्य बकाये के चलते काम करना मुश्किल हो रहा है.
सैलरी में देरी से जरूरी सेवाओं पर पड़ सकता है असर
ALPA India ने इस संबंध में जो पत्र जारी किया है, उसके मुताबिक स्पाइसजेट के क्यू400 विमानों से जुड़े पायलट लंबे समय से वित्तीय और परिचालन चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. कुछ सर्विस प्रोवाइडर्स को पेमेंट्स नहीं मिलने के कारण विमान से जुड़ी जरूरी सेवाएं देने में परेशानी की खबरें सामने आई हैं. पायलटों की सैलरी और दूसरी सुविधाओं पेमेंट बकाया होने से उनकी मुश्किलें बढ़ी हैं. संगठन का कहना है कि इन हालात के बावजूद पायलट विमान परिचालन जारी रखने की कोशिश करते रहे हैं.
ALPA India ने अपने बयान में साफ कहा है कि कारोबारी दबाव या फाइनेंशियल अनिश्चितता की वजह से फ्लाइट सिक्योरिटी स्टैंडर्ड्स से समझौता नहीं किया जा सकता. संगठन के मुताबिक, समय पर सैलरी मिलना, सुरक्षित माहौल में काम करना और विमान परिचालन के लिए जरूरी सेवाएं उपलब्ध होना पायलटों की बुनियादी जरूरतें हैं.
एसोसिएशन ने ये आरोप भी लगाया है कि कुछ पायलटों को प्रबंधन और यात्रियों की ओर से असंवेदनशील व्यवहार का सामना करना पड़ा है. संगठन का कहना है कि ये मामला सिर्फ सैलरी या कर्मचारियों की शिकायतों तक सीमित नहीं है. इससे विमानन क्षेत्र में काम करने की परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठते हैं.
अब देखिए ये दिलचस्प वीडियो: फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुआ क्या था?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं