एआई सपोर्ट मॉडल ChatGPT पेश करने वाली कंपनी ओपनएआई (OpenAI) के IPO में देरी की खबरों के बाद जापान के सॉफ्टबैंक ग्रुप के शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिली. टोक्यो स्टॉक एक्सचेंज में कंपनी का शेयर करीब 13% तक टूट गया. ये पिछले तीन महीनों में शेयर की सबसे बड़ी इंट्राडे गिरावट मानी जा रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, OpenAI के सलाहकारों ने कहा है कि टेक शेयरों में लगातार उतार-चढ़ाव की वजह से IPO में निवेशकों की दिलचस्पी कम हो सकती है. इसी कारण कंपनी की पब्लिक लिस्टिंग अगले साल तक टल सकती है.
सॉफ्टबैंक के लिए क्यों है अहम?
सॉफ्टबैंक ओपनएआई के सबसे बड़े निवेशकों में शामिल है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्टूबर तक कंपनी का ओपनएआई में निवेश करीब 65 अरब डॉलर पहुंच सकता है. निवेशकों को उम्मीद थी कि ओपनएआई की लिस्टिंग के बाद सॉफ्टबैंक के निवेश की असली मार्केट वैल्यू सामने आएगी.
इससे कंपनी के बड़े प्राइवेट टेक पोर्टफोलियो की वैल्यू समझना आसान होगा और शेयर की वैल्यूएशन पर लगने वाला डिस्काउंट भी कम हो सकता है. हाल के महीनों में ओपनएआई की जल्द लिस्टिंग की उम्मीद से सॉफ्टबैंक के शेयरों में अच्छी तेजी आई थी. कंपनी का मार्केट कैप भी टोयोटा मोटर से ज्यादा हो गया था.
US-SEC के पास जमा कर चुकी है डॉक्युमेंट्स
रिपोर्ट के मुताबिक, सैम ऑल्टमैन की अगुवाई वाली ओपनएआई ने हाल ही में IPO के लिए यूएस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन के पास गोपनीय दस्तावेज जमा किए हैं. कंपनी संभावित लिस्टिंग के लिए गोल्डमैन सैश और मॉर्गन स्टेनली के साथ काम कर रही है. हालांकि IPO कब आएगा, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.
ये भी पढ़ें: अदाणी पोर्ट्स का झंडा बुलंद: S&P ने रेटिंग अपग्रेड कर BBB किया, भारत की सॉवरेन रेटिंग के बराबर पहुंची उपलब्धि
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं