देश के सबसे बड़े और दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर, 'अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड' (APSEZ) की वित्तीय सेहत को ग्लोबल लेवल बड़ी मजबूती मिली है. दिग्गज ग्लोबल रेटिंग एजेंसी एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स (S&P Global Ratings) ने अदाणी पोर्ट्स की लॉन्ग टर्म इश्युअर क्रेडिट रेटिंग और इसके सीनियर अनसिक्योर्ड नोट्स पर इश्यू रेटिंग को 'BBB-' से अपग्रेड करके 'BBB' कर दिया है. इसके साथ ही एजेंसी ने कंपनी के आउटलुक को 'स्टेबल' (स्थिर) बताया है.
ये अपग्रेडेशन अदाणी ग्रुप के लिए इसलिए भी बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि इस अपग्रेड के बाद अब अदाणी पोर्ट्स (APSEZ) की रेटिंग सीधे तौर पर भारत की सॉवरेन रेटिंग (S&P's Sovereign Rating for India) के बराबर पहुंच गई है.
S&P ने माना वित्तीय सेहत का लोहा
एसएंडपी ने रेटिंग में जो सुधार किया है, वो अदाणी पोर्ट्स के मजबूत ऑपरेटिंग कैश फ्लो यानी नकदी प्रवाह और बेहतरीन वित्तीय प्रदर्शन को मान्यता देता है. वैश्विक स्तर पर व्यापारिक तनाव और परिवहन क्षेत्र के भीतर कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद अदाणी पोर्ट्स का बिजनेस मॉडल बेहद लचीला और मजबूत साबित हुआ है.
रेटिंग एजेंसी ने इस अपग्रेड के पीछे 3 महत्वपूर्ण उपलब्धि बताई है. एसएंडपी के अनुसार,
- अदाणी पोर्ट्स की मजबूत वित्तीय स्थिति ऐसी है कि यह उच्च विकास और विस्तार से जुड़े खर्चों को आसानी से संभाल सकती है.
- इसके अलावा, कंपनी की सख्त लीवरेज नीति (कर्ज नियंत्रण नीति) इसकी बेहतर वित्तीय स्थिति को लगातार सपोर्ट करती है.
- साथ ही, कंपनी का बढ़ता और विविधता से भरा एसेट्स पोर्टफोलियो इसके मजबूत कैश फ्लो को और सुरक्षित बनाता है.
जापान की एजेंसी ने भी बढ़ाई थी रेटिंग
इसी साल जनवरी 2026 के दौरान, एक अन्य प्रतिष्ठित वैश्विक रेटिंग एजेंसी, JCR यानी 'जापानी क्रेडिट रेटिंग एजेंसी' ने भी अदाणी पोर्ट्स को 'A- / Stable' रेटिंग दी थी. अब एसएंडपी का ये ताजा अपग्रेड वैश्विक वित्तीय बाजारों में अदाणी ग्रुप की इस कंपनी के प्रति बढ़ते भरोसे को एक बार फिर प्रमाणित करता है.
ये भी पढ़ें: अदाणी ग्रुप की 'वंदे भारतम' पहल: 800 जिलों से आगे आएंगे इनोवेटर्स और उद्यमी, गौतम अदाणी ने लॉन्च किया ये प्लेटफॉर्म
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं