मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई से राहत दी है. सरकार ने चौथे, पांचवें और छठवें वेतनमान के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी की है. चौथे वेतनमान में 20 फीसदी, जबकि पांचवें और छठे वेतनमान में 5-5 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है. बता दें कि सातवें वेतनमान वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता पहले ही बढ़ाया जा चुका है. बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद लाभ 1 अक्टूबर 2026 से मिलेगा. इसका भुगतान नवंबर की सैलरी में किया जाएगा. वहीं, जनवरी से सितंबर 2026 तक के एरियर का भुगतान तीन किस्तों में नवंबर, दिसंबर और जनवरी में होगा.
इस फैसले से करीब 35 हजार कर्मचारी और 18 हजार से ज्यादा पेंशनर्स लाभान्वित होंगे. यानी कुल 53 हजार से अधिक लोगों को इसका फायदा मिलेगा.
चौथे से छठवें वेतनमान में कितना बढ़ा DA?
वित्त विभाग के आदेश के मुताबिक, अलग-अलग वेतनमान के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते की नई दरें तय की गई हैं. चौथा वेतनमान के कर्मियों का डीए 1465% से 20% बढ़ाकर 1485 कर दिया गया है. वहीं पांचवां वेतनमान के कर्मियों का डीए 323% से 5% बढ़ाकर 328% कर दिया गया है. छठवां वेतनमान के कर्मियों का महंगाई भत्ता 257% से 5 फीसदी बढ़ाकर 262% कर दिया गया है. ये नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी. सातवें वेतनमान के कर्मचारियों के DA में पहले ही बढ़ोतरी की जा चुकी है.
3 किस्तों में मिलेगा 9 महीने का एरियर
सरकार ने जनवरी से सितंबर 2026 तक के एरियर के भुगतान का शेड्यूल भी तय किया है. कर्मचारियों को ये राशि नवंबर, दिसंबर और जनवरी में तीन किस्तों में मिलेगी. हालांकि, इस अवधि में रिटायर हुए या जिन कर्मचारियों की मृत्यु हुई है, उनके मामले में एरियर का भुगतान एकमुश्त किया जाएगा.
यह भी पढ़ें | DA Hike News: 8.5 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ा तोहफा! इस राज्य सरकार ने 3% बढ़ाया महंगाई भत्ता
डेप्युटेशन वाले कर्मचारियों को भी मिलेगा फायदा
सरकारी उपक्रमों, निगमों, मंडलों और अनुदान प्राप्त संस्थाओं से प्रतिनियुक्ति पर आए चौथे और पांचवें वेतनमान के कर्मचारियों को भी बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा. इन कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते की नई दरें 1485% और 328% तय की गई हैं. आदेश में ये भी स्पष्ट किया गया है कि महंगाई भत्ते को किसी योजना के लिए वेतन नहीं माना जाएगा.
नगरीय निकायों के पेंशनर्स की महंगाई राहत भी बढ़ी
राज्य सरकार ने नगरीय निकायों के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) में भी बढ़ोतरी की है. छठवें वेतनमान के पेंशनर्स के लिए DR में 5 प्रतिशत अंक और सातवें वेतनमान के पेंशनर्स के लिए 2 प्रतिशत अंक की वृद्धि की गई है.
ये बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी. बढ़ी हुई महंगाई राहत का लाभ मूल पेंशन पर मिलेगा. ये राहत 80 साल या उससे अधिक उम्र के पेंशनर्स को मिलने वाली अतिरिक्त पेंशन पर भी लागू होगी.
यह भी पढ़ें | सरकारी कर्मचारियों के लिए नई कार खरीदने पर लिमिट तय, EV पर दोगुना बजट, जानें पूरा नियम
परिवार पेंशन पर DR के लिए क्या है नियम?
आदेश में परिवार पेंशन पर महंगाई राहत को लेकर भी शर्त स्पष्ट की गई है. अगर पति या पत्नी की मृत्यु के बाद किसी व्यक्ति को अनुकंपा नियुक्ति मिलती है, तो उसे परिवार पेंशन पर महंगाई राहत की पात्रता नहीं होगी. हालांकि, अगर पति या पत्नी की मृत्यु के समय संबंधित व्यक्ति पहले से ही सरकारी सेवा में कार्यरत था, तो उसे मिलने वाली परिवार पेंशन पर महंगाई राहत का लाभ दिया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं