विज्ञापन

Share Market LIVE: खुलते ही बाजार धड़ाम, सेंसेक्‍स-निफ्टी 1 फीसदी फिसले, कच्‍चा तेल चढ़ा, रुपया गिरा, वजहें जान लीजिए

Stock Market LIVE: सोमवार को BSE सेंसेक्‍स बाजार खुलते ही एक फीसदी से ज्‍यादा गिर गया, वहीं निफ्टी 50 में भी करीब 1 फीसदी की गिरावट देखी गई.

Share Market LIVE: खुलते ही बाजार धड़ाम, सेंसेक्‍स-निफ्टी 1 फीसदी फिसले, कच्‍चा तेल चढ़ा, रुपया गिरा, वजहें जान लीजिए
Stock Market Live Update: मार्केट खुलते ही गिरा, देखिए अपडेट
(NDTV File Photo)

Stock Market LIVE: मिडिल ईस्‍ट में इजरायल और ईरान के बीच एक बार फिर संघर्ष बढ़ने के बाद शेयर मार्केट की शुरुआत गिरावट के साथ हुई. हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को BSE सेंसेक्‍स एक फीसदी से ज्‍यादा गिर गया. सुबह 9:16 बजे सेंसेक्‍स करीब 1.05% या 781 अंकों की गिरावट के साथ 73,462 के लेवल पर ट्रेड करता दिखा. वहीं निफ्टी 50 भी 1 फीसदी से ज्‍यादा गिर गया. सुबह 9:17 बजे NSE निफ्टी 50 करीब 234 अंकों की गिरावट के साथ 23,131 के लेवल पर कारोबार करता दिखा. इससे पहले प्री ओपन में भी सेंसेक्‍स 500 अंक या 0.6 फीसदी से ज्‍यादा फिसल गया था, जबकि निफ्टी 50 का हाल भी कमोबेश यही था.  

बाजार में गिरावट के बीच रुपया भी डॉलर के मुकाबले कमजोर दिख रहा है. शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 17 पैसे की गिरावट के साथ 95.35 के लेवल पर ट्रेड करता दिखा. 

यहां आपको आज दिनभर शेयर मार्केट के बड़े अपडेट्स मिलते रहेंगे. 

Share Market LIVE Today | 8 June 2026

गिरावट के साथ खुले शेयर बाजार

सोमवार को भारतीय शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ खुला. पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और कमजोर वैश्विक संकेतों के कारण बेंचमार्क सूचकांकों (Sensex और Nifty) में 1-1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. सेंसेक्स 800 से अधिक अंक या 1.11 प्रतिशत टूटकर 73,421.61 पर खुला, जबकि निफ्टी 286 अंक या 1.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,080.70 पर शुरू हुआ.

अलग-अलग सेक्टर का हाल 

बाजार में चौतरफा बिकवाली का दबाव देखा गया. सबसे ज्यादा गिरावट रियल्टी, मेटल, ऑटो और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) के शेयरों में रही. रियल्टी शेयर करीब 2 फीसदी तक लुढ़क गए, जबकि मेटल, ऑटो और आईटी इंडेक्स में 1-1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई.

निफ्टी की कंपनियों में विप्रो (Wipro), टीसीएस (TCS), हिंडालको इंडस्ट्रीज (Hindalco), टाटा स्टील (Tata Steel), जेएसडब्ल्यू स्टील (JSW Steel), बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) और श्रीराम फाइनेंस (Shriram Finance) सबसे ज्यादा नुकसान में रहने वाले प्रमुख शेयर रहे.

मिडकैप और स्‍मॉलकैप शेयर भी टूटे

गिरावट केवल मुख्य सूचकांकों तक सीमित नहीं रही, बल्कि व्यापक बाजार (ब्रॉडर मार्केट) भी दबाव में दिखा. निफ्टी मिडकैप 100, मिडकैप 150 और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी करीब 1-1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. वहीं, बाजार में उतार-चढ़ाव (Volatility) अचानक बहुत बढ़ गया और भारत वीआईएक्स (India VIX - वोलेटिलिटी इंडेक्स) करीब 15 फीसदी उछलकर 18 के स्तर के आसपास पहुंच गया.

बाजार के जानकारों का क्या कहना है?

विश्लेषकों का कहना है कि बाजार का तकनीकी ढांचा (Technical Structure) अभी भी कमजोर बना हुआ है. निफ्टी अपने प्रमुख मूविंग एवरेज से नीचे कारोबार कर रहा है और 'लोअर हाई-लोअर लो' (lower high-lower low) का पैटर्न बना रहा है, जो लगातार बिकवाली के दबाव को दिखाता है.

उनके मुताबिक, निफ्टी के लिए 23,100 से 23,000 का क्षेत्र एक मजबूत और तात्कालिक सपोर्ट (सहारा) है, जबकि ऊपर की तरफ 23,500 से 23,700 के दायरे में कड़ा रेजिस्टेंस (रुकावट) बना हुआ है.

बाजार में गिरावट की मुख्य वजहें

एनालिस्‍ट्स ने बताया कि लेबनान पर इजरायल के ताजा हमलों और ईरान के कई शहरों में धमाकों की खबरों के बाद पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक (Geopolitical) तनाव और बढ़ गया है. इससे निवेशकों के बीच डर का माहौल है कि यह युद्ध और फैल सकता है, जिससे 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' के रास्ते होने वाली कच्चे तेल की सप्लाई रुक सकती है.

हालांकि, इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि संघर्ष को खत्म करने के लिए समझौता अभी भी संभव है और उन्होंने कथित तौर पर इजरायली नेतृत्व से तनाव को और न बढ़ाने का आग्रह किया था.

कच्चा तेल और एशियाई बाजारों का हाल

वैश्विक तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं. अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) 4 फीसदी उछलकर $96.90 पर पहुंच गया. इसी तरह, अमेरिकी डब्ल्यूटीआई (WTI) 4.64 फीसदी की बढ़त के साथ $94.75 पर कारोबार कर रहा था.

एशियाई बाजारों में भी ज्यादातर नकारात्मक रुख रहा. जापान का निक्केई (Nikkei) करीब 4 फीसदी, दक्षिण कोरिया का कोस्पी (KOSPI) 5 फीसदी और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग (Hang Seng) करीब 1 फीसदी तक लुढ़क गया.

ये भी पढ़ें: 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com