Stock Market Live Updates: कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच शेयर बाजार आज तेजी के साथ खुले हैं. मार्केट खुलते ही BSE सेंसेक्स में 400 से ज्यादा अंकों का उछाल देखा गया, जबकि NSE निफ्टी 50 में आधे फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली. गुरुवार, 25 जून को सुबह 9:16 बजे सेंसेक्स 0.6 फीसदी या 454 अंकों के उछाल के साथ 77,445 के लेवल पर कारोबार करता दिखा. वहीं, NSE निफ्टी 50 करीब 0.55% के उछाल के साथ 24,154.50 के लेवल पर ट्रेड करता दिखा.
इससे पहले भारतीय शेयर बाजार (Share market) के लिए आज गुरुवार, 25 जून 2026 को अच्छी शुरुआत के संकेत मिलने के बाद प्री-ओपन में उछाल देखने को मिला. सेंसेक्स करीब आधा फीसदी या 400 अंकों के उछाल के साथ 77,390 के पार ट्रेड करता दिखा, जबकि निफ्टी 50 करीब 0.43% या 105 अंकों के उछाल के साथ 24,125 के पार ट्रेड कर रहा है.
यहां देखिए किन शेयरों में कितनी तेजी

अमेरिका और ईरान के बीच हुए शुरुआती शांति समझौते के बाद वैश्विक बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतें गिरकर ईरान युद्ध के पहले वाले स्तर पर आ गई हैं. इस सकारात्मक बदलाव के कारण और पिछले सत्र की तेजी के बीच आज भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ खुले. सुबह 7:51 बजे गिफ्ट निफ्टी (GIFT Nifty) वायदा 24,107 के स्तर पर था, जो दिखा रहा था कि निफ्टी-50 बुधवार के बंद स्तर 24,021.65 से ऊपर खुलेगा.
70 डॉलर के नीचे फिसला कच्चा तेल
लगातार चौथे सत्र में गिरावट दर्ज करते हुए कच्चे तेल की कीमतें अब 70 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गई हैं. इसके साथ ही मिडिल ईस्ट (पश्चिम एशिया) संकट शुरू होने के बाद से तेल की कीमतों में आई सारी बढ़त अब खत्म हो चुकी है. शांति वार्ता आगे बढ़ने से बाजार में तेल की सप्लाई सुधरने की उम्मीद मजबूत हुई है.
तनाव कम होने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में फंसे हुए तेल टैंकर अब अपने ट्रैकिंग सिग्नल ऑन करके आगे बढ़ रहे हैं. इसके अलावा मिडिल ईस्ट और पश्चिम अफ्रीका के निर्यातकों ने भी सप्लाई बढ़ा दी है. अमेरिका द्वारा पहले से लोड ईरानी तेल की खरीद के लिए दी गई अस्थाई छूट ने भी कीमतों को नीचे लाने में मदद की है. भारत जैसे तेल आयातक देश के लिए क्रूड का सस्ता होना इकोनॉमी और शेयर बाजार दोनों के लिए बड़ी राहत की खबर है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं