IPO में निवेश करने वालों के लिए सेबी एक बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है. अब कंपनियों के शेयर IPO आने से पहले ही खरीदने-बेचने के लिए अलग प्लेटफॉर्म बनाया जा सकता है. सेबी चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने खुद इस बात की जानकारी दी है. इस प्लेटफॉर्म के जरिए प्री-IPO शेयरों की खरीद-बिक्री को एक तय नियमों के तहत लाने की कोशिश होगी, जिससे ग्रे मार्केट में होने वाले सौदों पर लगाम लग सके और निवेशकों को ज्यादा ट्रांसपेरेंसी मिले.
IPO से पहले शेयरों की ट्रेडिंग के लिए आएगा अलग प्लेटफॉर्म?
सेबी चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने शनिवार को CNBC Awaaz के एक कार्यक्रम में बताया कि IPO लाने की तैयारी कर रही कंपनियों के शेयरों की ट्रेडिंग के लिए अलग प्लेटफॉर्म बनाने पर विचार किया जा रहा है. इसके लिए जल्द ही एक कंसल्टेशन पेपर जारी किया जाएगा, जिसमें बाजार से सुझाव मांगे जाएंगे.
उन्होंने कहा कि सेबी का दायरा उन कंपनियों तक रहेगा, जो शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी कर रही हैं. सभी अनलिस्टेड कंपनियों को इस प्लेटफॉर्म में शामिल नहीं किया जाएगा, क्योंकि ऐसी कंपनियों की संख्या काफी बड़ी है. फिलहाल इस प्लेटफॉर्म के नियम और जानकारी साझा करने से जुड़े फ्रेमवर्क पर काम किया जा रहा है.
ग्रे मार्केट की जगह ले सकता है नया प्लेटफॉर्म
अभी IPO से पहले कंपनियों के शेयर ग्रे मार्केट में अनौपचारिक तरीके से खरीदे और बेचे जाते हैं. यहां शेयरों के ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) के जरिए निवेशक IPO की संभावित मांग और लिस्टिंग का अंदाजा लगाते हैं. लेकिन ये सौदे मान्यता प्राप्त एक्सचेंज के बाहर होते हैं, जहां निवेशकों को शेयर बाजार जैसी सुरक्षा और पारदर्शिता नहीं मिलती.
सेबी का नया प्लेटफॉर्म इन सौदों को नियमों के दायरे में ला सकता है. इससे कंपनियों की जानकारी, शेयरों के सौदे और निवेशकों की सुरक्षा को लेकर बेहतर व्यवस्था बनाने में मदद मिल सकती है. हालांकि, अभी यह शुरुआती प्रस्ताव है. इसमें कौन निवेश कर सकेगा, कंपनियों को कितनी जानकारी देनी होगी और निवेशकों की सुरक्षा कैसे होगी, इन मुद्दों पर विचार किया जाएगा.
ग्रे मार्केट के GMP पर सेबी पहले भी दे चुका है चेतावनी
पिछले सप्ताह सेबी ने निवेशकों को ग्रे मार्केट प्रीमियम पर भरोसा करके IPO में निवेश का फैसला लेने से सावधान किया था. रेगुलेटर ने कहा था कि GMP को IPO की लिस्टिंग कीमत या संभावित रिटर्न का पक्का संकेत नहीं मानना चाहिए.
तेजी से बढ़ रहा भारतीय शेयर बाजार
तुहिन कांत पांडे ने कहा कि भारत के शेयर बाजार में तेजी से विस्तार हो रहा है. देश में अब 6,700 से ज्यादा कंपनियां लिस्टेड हैं और FY19 के मुकाबले निवेशकों की संख्या चार गुना बढ़ चुकी है. ऐसे में निवेश की प्रक्रिया आसान बनाने के साथ निवेशकों की सुरक्षा बनाए रखना भी जरूरी है.
सेबी हाल में रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर और पोर्टफोलियो मैनेजमेंट से जुड़े निवेश नियमों को आसान बनाने सहित कई बदलाव कर चुका है. इस साल अक्टूबर के अंत तक 112 पब्लिक इश्यू के जरिए कंपनियां करीब ₹1.95 लाख करोड़ जुटा चुकी हैं.
यह भी पढ़ें | 8th Pay Commission: कर्मचारियों के खाते में कब आएगी बढ़ी सैलरी? ₹3.4 लाख तक मिल सकता है एरियर,रिपोर्ट में दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं