विज्ञापन

WhatsApp ग्रुप में निवेश के नाम पर बड़ा खेल! SEBI ने बताया कैसे खाली हो सकता है आपका बैंक खाता

SEBI ने वाट्सऐप और टेलीग्राम ग्रुप के जरिये शेयर बाजार में निवेश के नाम पर हो रही धोखाधड़ी को लेकर अलर्ट जारी किया है. जालसाज रजिस्टर्ड ब्रोकरों की पहचान का गलत इस्तेमाल कर निश्चित मुनाफे और विदेशी बाजार में निवेश का लालच देते हैं. सेबी ने निवेशकों को ब्रोकर, ट्रेडिंग ऐप, बैंक खाते और यूपीआई आईडी की जांच करने की सलाह दी है. 

WhatsApp ग्रुप में निवेश के नाम पर बड़ा खेल! SEBI ने बताया कैसे खाली हो सकता है आपका बैंक खाता
WhatsApp पर शेयर बाजार में निवेश की सलाह देने वालों से रहें सावधान
NDTV Graphics

शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लोगों को ठगने के लिए जालसाज अब वाट्सऐप और टेलीग्राम ग्रुप का सहारा ले रहे हैं. ये लोग रजिस्टर्ड शेयर ब्रोकर और फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस के नाम का गलत इस्तेमाल कर निवेशकों को फर्जी ट्रेडिंग योजनाओं में फंसाते हैं और उनकी रकम हड़प लेते हैं. देश के मार्केट रेगुलेटर सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया यानी सेबी (SEBI) ने सोमवार को निवेशकों को ऐसे धोखेबाजों से सावधान रहने की सलाह दी है.

सेबी ने बताया कि उसके संज्ञान में ऐसे कई वाट्सऐप ग्रुप आए हैं, जिनमें जालसाज खुद को रजिस्टर्ड शेयर ब्रोकर या फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस से जुड़ा बताकर लोगों का भरोसा जीतते हैं. इसके बाद उन्हें अनऑथराइज्ड ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर खाते खोलने और निवेश करने के लिए कहा जाता है.

विदेशी बाजार में ज्यादा मुनाफे का देते हैं लालच

जालसाज निवेशकों को यह कहकर फंसाते हैं कि अंतरराष्ट्रीय शेयर बाजार में भारतीय बाजार के मुकाबले ज्यादा मुनाफा कमाया जा सकता है. वे विदेशी और भारतीय शेयर बाजारों में लिस्टेड कंपनियों के शेयरों और इंडेक्स में निवेश की सलाह देते हैं. इसके बाद निवेशकों से अनरजिस्टर्ड कंपनियों के नाम पर खोले गए बैंक खातों में पैसे जमा कराए जाते हैं.

ये हैं ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी के 7 बड़े संकेत

सेबी ने निवेशकों को ऐसे कई संकेतों के बारे में बताया है, जिनसे फर्जी निवेश योजनाओं की पहचान की जा सकती है. इनमें अनजान लोगों की ओर से वाट्सऐप या टेलीग्राम के प्राइवेट ग्रुप में शामिल होने का निमंत्रण देना और ग्रुप एडमिन का विदेशी मोबाइल नंबर इस्तेमाल करना शामिल है. इसके अलावा निश्चित मुनाफे का वादा करना, विदेशी बाजार में निवेश से नुकसान की भरपाई कराने का दावा करना और फर्जी इंस्टीट्यूशनल ट्रेडिंग खाते दिखाना भी धोखाधड़ी के संकेत हैं. जालसाज लोगों को भरोसा दिलाने के लिए फर्जी ट्रेडिंग ऐप और मनगढ़ंत निवेश पोर्टफोलियो का इस्तेमाल करते हैं. कई मामलों में सेबी के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट के स्क्रीनशॉट का गलत इस्तेमाल किया जाता है. इसके अलावा रेगुलेटर के फर्जी लेटरहेड और मुहर दिखाकर या सेबी के कर्मचारियों से संबंध होने का दावा करके भी निवेशकों को झांसे में लिया जाता है.

निवेश करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

सेबी ने निवेशकों को सलाह दी है कि किसी भी शेयर ब्रोकर या फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन के साथ निवेश करने से पहले उसकी रजिस्ट्रेशन से जुड़ी जानकारी सेबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जरूर जांचें. निश्चित मुनाफे का वादा करने वाली निवेश योजनाओं से दूर रहें. सेबी ने अनजान लोगों की ओर से भेजे गए लिंक से ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करने पर खाते खोलने से भी मना किया है. किसी अनजान शख्स की ओर से शेयर किए गए बैंक खाते या यूपीआई आईडी पर पैसे जमा न करें.सेबी ने निवेशकों से यह भी कहा है कि वे उसकी वेबसाइट पर उपलब्ध वेरिफिकेशन सुविधा के जरिए बैंक खातों और यूपीआई आईडी की जांच करें. ट्रेडिंग के लिए केवल रजिस्टर्ड संस्थाओं के आधिकारिक मोबाइल ऐप का ही इस्तेमाल करें.


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sebi, WhatsaApp, Bank Account, Share Market
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com