Small Savings Schemes Rates:फेस्टिवल सीजन की शुरुआत में स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स में पैसा लगाने वालों के लिए राहत भरी खबर आई है. सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही के लिए स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है. 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक वही पुरानी ब्याज दरें लागू रहेंगी, जो जुलाई-सितंबर तिमाही में थीं. वित्त मंत्रालय ने 30 सितंबर को इसका आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है.
PPF में 7.1% तो बेटियों के नाम निवेश पर मिलेगा 8.2% ब्याज
पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) पर ब्याज दर 7.1% सालाना रहेगी. इसमें एक वित्त वर्ष में कम से कम ₹500 और अधिकतम ₹1.50 लाख जमा किए जा सकते हैं. PPF की अवधि 15 साल है. इसके बाद 5-5 साल के ब्लॉक में इसे आगे बढ़ाया जा सकता है.
बेटियों के लिए चलने वाली सुकन्या समृद्धि योजना पर 8.2% सालाना ब्याज मिलता रहेगा. इसमें कम से कम ₹250 और एक वित्त वर्ष में अधिकतम ₹1.50 लाख जमा किए जा सकते हैं. खाते की मैच्योरिटी 21 साल में होती है. 18 साल की उम्र या 10वीं पास करने के बाद पढ़ाई के लिए पिछली वित्त वर्ष की शेष राशि का 50% तक निकाला जा सकता है.
NSC और KVP में कितना मिलेगा रिटर्न
नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC) पर 7.7% ब्याज दर बरकरार है. इसकी अवधि 5 साल है. इसमें न्यूनतम ₹1,000 से निवेश शुरू किया जा सकता है और अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है.
अक्टूबर-दिसंबर 2026 के लिए पोस्ट ऑफिस की प्रमुख छोटी बचत योजनाओं पर ये ब्याज दरें मिलेंगी...

SCSS में 8.2%, KVP में 7.5% मिलता रहेगा ब्याज
वरिष्ठ नागरिकों के लिए सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम (SCSS) में 8.2% सालाना ब्याज जारी रहेगा. इसमें अधिकतम ₹30 लाख जमा किए जा सकते हैं और ब्याज का भुगतान तिमाही आधार पर होता है. इसकी अवधि 5 साल है.
वहीं किसान विकास पत्र (KVP) पर 7.5% सालाना ब्याज मिलेगा. इसकी मैच्योरिटी 115 महीने यानी 9 साल 7 महीने में होती है.
5 साल की एफडी पर 7.5% तक ब्याज
पोस्ट ऑफिस की टाइम डिपॉजिट स्कीम में अवधि के हिसाब से 6.9% से 7.5% तक ब्याज मिलता रहेगा. इसमें 1, 2, 3 और 5 साल के ऑप्शन हैं. वहीं, मंथली इनकम स्कीम (MIS) पर 7.4% ब्याज जारी है. इसमें सिंगल अकाउंट में अधिकतम ₹9 लाख और जॉइंट अकाउंट में ₹15 लाख जमा किए जा सकते हैं. इसकी अवधि 5 साल है.
हर 3 महीने में कैसे तय होती हैं पोस्ट ऑफिस स्कीम्स की दरें
सरकार हर तिमाही स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स की ब्याज दरों को रिवाइज है. इस बार अक्टूबर-दिसंबर के लिए सभी दरें पिछली तिमाही के जैसे ही रखी गई हैं.
ये भी पढ़ें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं