Petrol Diesel Export Duty: सरकार ने पेट्रोल और डीजल के एक्सपोर्ट पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में बदलाव किया है. बीते दिन यानी गुरुवार देर रात लिए गए फैसले के तहत पेट्रोल के निर्यात पर टैक्स बढ़ाकर ₹2.50 प्रति लीटर कर दिया गया है. वहीं, डीजल के निर्यात पर लगने वाली ड्यूटी ₹16 से घटाकर ₹8.50 प्रति लीटर कर दी गई है. नए रेट 16 अक्टूबर से लागू हो गए हैं. इस फैसले के बाद लोगों के मन में सवाल है कि क्या देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें ( Petrol Diesel Price Today) भी बढ़ेंगी या डीजल सस्ता हो सकता है? चलिए जानते हैं पेट्रोल-डीजल पर विंडफॉल टैक्स (Windfall Tax on Petrol and Diesel Exports) में बदलाव से आप पर क्या असर होने वाला है .
पेट्रोल के एक्सपोर्ट पर बढ़ा टैक्स
केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) के मुताबिक, पेट्रोल के निर्यात पर विंडफॉल टैक्स ₹0.50 प्रति लीटर से बढ़ाकर ₹2.50 प्रति लीटर कर दिया गया है. इससे पेट्रोल के एक्सपोर्ट पर टैक्स का बोझ बढ़ेगा.दूसरी तरफ, डीजल के निर्यात पर टैक्स में ₹7.50 प्रति लीटर की कटौती की गई है. पहले यह ड्यूटी ₹16 प्रति लीटर थी, जिसे अब ₹8.50 प्रति लीटर कर दिया गया है. एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) या जेट फ्यूल के एक्सपोर्ट पर लगने वाले शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
क्या देश में महंगा होगा पेट्रोल-डीजल?
पेट्रोल-डीजल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी में बदलाव का मतलब यह नहीं है पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ जाएंगे. सरकार ने साफ किया है कि घरेलू इस्तेमाल के लिए बेचे जाने वाले पेट्रोल और डीजल पर मौजूदा ड्यूटी में कोई बदलाव नहीं हुआ है.यही वजह है कि शुक्रवार सुबह दिल्ली, मुंबई, कोलकाता समेत दूसरे शहरों में पेट्रोल-डीजल के रेट स्थिर रहे. आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बदलाव होगा या नहीं, यह तेल कंपनियों के फैसलों पर निर्भर करेगा.
देश के बड़े शहरों में पेट्रोल-डीजल के ताजा रेट
एक तरह जहां सरकार ने सरकार ने पेट्रोल-डीजल और जेट फ्यूल पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में बदलाव किया है. वहीं दूसरी तरफ आज यानी शुक्रवार सुबह सरकारी तेल कंपनियों HPCL, IOCL और BPCL ने पेट्रोल-डीजल की नई कीमतें भी जारी कर दी हैं. राहत की बात ये है कि देश के प्रमुख शहरों में आज पेट्रोल-डीजल के भाव में कोई बदलाव नहीं किया गया है. लेकिन अगर आप आज अपनी गाड़ी की टंकी फुल कराने जा रहे हैं तो ये जान लें कि आपके शहर में 1 लीटर पेट्रोल और डीजल किस भाव पर मिल रहा है.
- नई दिल्ली में पेट्रोल ₹102.12 प्रति लीटर और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर की दर से मिल रहा है.
- कोलकाता में पेट्रोल की कीमत ₹113.51 प्रति लीटर और डीजल की कीमत ₹99.82 प्रति लीटर है.
- मुंबई में पेट्रोल ₹111.21 प्रति लीटर और डीजल ₹97.83 प्रति लीटर के भाव पर उपलब्ध है.
- चेन्नई में पेट्रोल ₹107.76 प्रति लीटर और डीजल ₹99.55 प्रति लीटर मिल रहा है.
- गुड़गांव में पेट्रोल का रेट ₹102.97 प्रति लीटर और डीजल का रेट ₹95.64 प्रति लीटर है.
- नोएडा में पेट्रोल ₹101.96 प्रति लीटर और डीजल ₹95.44 प्रति लीटर की दर से मिल रहा है.
- बैंगलोर में पेट्रोल ₹111.68 प्रति लीटर और डीजल ₹99.56 प्रति लीटर मिल रहा है
हर 15 दिन में बदलती है विंडफॉल टैक्स की दर
विंडफॉल टैक्स की दरों की समीक्षा हर 15 दिन में की जाती है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में उतार-चढ़ाव को देखते हुए सरकार इनमें बदलाव करती है.यह टैक्स पहली बार जुलाई 2022 में ईंधन के निर्यात पर लगाया गया था. करीब दो साल बाद इसे हटा लिया गया, लेकिन मार्च 2026 में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के बाद सरकार ने इसे दोबारा लागू किया.
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत करीब 95 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है. रॉयटर्स की रिपोर्ट में LSEG के शिपिंग और तेल कीमतों से जुड़े आंकड़ों के हवाले से बताया गया कि अमेरिका-ईरान और रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण माल ढुलाई और बीमा की लागत बढ़ी है.ऐसे माहौल में सरकार का ताजा फैसला पेट्रोल और डीजल के निर्यात पर लगने वाले टैक्स में बदलाव से जुड़ा है. फिलहाल घरेलू ग्राहकों के लिए राहत की बात यह है कि इन बदलावों के बाद भी शुक्रवार को पेट्रोल-डीजल के खुदरा दाम नहीं बदले हैं.
यह भी पढ़ें | सऊदी एयरपोर्ट पर हूतियों का हमला, कच्चा तेल 105 डॉलर के पार, क्या पेट्रोल-डीजल के दाम में लगेगी आग?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं