दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों में शामिल Nvidia के CEO जेन्सन हुआंग इन दिनों मुश्किलों में घिरे हैं. एक तरफ उन पर चीनी जासूसी से जुड़े मामले को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो दूसरी तरफ उन्होंने एक पूर्व महिला एग्जीक्यूटिव के साथ अफेयर की बात कबूल की है. जेन्सन हुआंग ने अपनी पत्नी और परिवार से माफी मांगने के साथ कर्मचारियों को भी एक मैसेज भेजा है. इस बीच कंपनी के बोर्ड ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. ऐसे में सवाल है कि क्या हुआंग को CEO पद छोड़ना पड़ सकता है?
जेन्सन हुआंग ने अफेयर की बात कबूली
कर्मचारियों को भेजे ईमेल में जेन्सन हुआंग ने माना कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की है. उन्होंने कहा कि उनके इस कदम से पत्नी और बच्चों को दुख पहुंचा है और इसके लिए कोई बहाना नहीं हो सकता. उन्होंने परिवार और सहकर्मियों से माफी मांगी और भरोसा दोबारा जीतने की बात कही. हालांकि, ईमेल में उन्होंने उस महिला का नाम नहीं लिया.
चीनी जासूसी के आरोपों से बढ़ी मुश्किल
यह मामला तब और गंभीर हो गया, जब अमेरिकी खुफिया अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट आई कि एलिस हुआंग नाम की एक पूर्व एग्जीक्यूटिव चीन को जानकारी पहुंचा रही थीं. वह सिंगापुर की कंपनी Megaspeed से जुड़ी रही हैं, जो Nvidia की ग्राहक है. कंपनी पर शक है कि उसने चीन तक ऐसे AI चिप पहुंचाने में मदद की, जिनकी बिक्री पर अमेरिका ने रोक लगा रखी है. रिपोर्ट के मुताबिक, जेन्सन हुआंग ने बोर्ड के सामने एलिस के साथ अपने रिश्ते की बात स्वीकार की थी. इतना ही नहीं दोनों का सरनेम भी एक ही है, लेकिन वे आपस में जुड़े हुए नहीं हैं.
18 नवंबर को अमेरिकी सांसद भी करेंगे सवाल-जवाब
अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की तीन कमेटियों के प्रमुखों ने जेन्सन हुआंग से 18 नवंबर को बंद कमरे में बैठक करने को कहा है. सांसद उनसे एलिस हुआंग के साथ रिश्ते और विदेशी जासूसी से कंपनी को बचाने के इंतजामों पर जवाब चाहते हैं. अमेरिका ने चीन को एडवांस AI चिप की सप्लाई पर पाबंदियां लगा रखी हैं. हालांकि, कुछ चुनिंदा खरीदारों को कम क्षमता वाली चिप की मंजूरी दी गई है.
क्या जेन्सन हुआंग को CEO पद छोड़ना पड़ सकता है?
फिलहाल हुआंग के सामने पांच संभावनाएं हैं. पहली, जांच में कंपनी की जानकारी लीक होने या गलत काम का सबूत नहीं मिलता है तो वह CEO बने रह सकते हैं. दूसरी, बोर्ड उन्हें पद पर रखते हुए कंपनी के सुरक्षा नियम और निगरानी बढ़ा सकता है. तीसरी, अगर जांच में बोर्ड से जरूरी जानकारी छिपाने या कंपनी के नियम तोड़ने की बात सामने आती है तो उनसे पद छोड़ने को कहा जा सकता है. चौथी संभावना यह है कि जांच में कंपनी के सुरक्षा इंतजामों या चीन से जुड़े कारोबार में बड़ी खामी मिले. ऐसे में सांसदों और सरकारी एजेंसियों की जांच बढ़ सकती है. पांचवीं, यह विवाद लंबा खिंचने पर जेन्सन हुआंग खुद भी पद छोड़ने का फैसला कर सकते हैं.
Intel और McDonald's में पहले भी हटे CEO
ऐसे मामलों में पहले भी कंपनियों ने CEO पर कार्रवाई की है. Intel के CEO ब्रायन क्रजानिच ने 2018 में एक कर्मचारी के साथ रिश्ते को लेकर कंपनी की पॉलिसी टूटने के बाद इस्तीफा दिया था. वहीं, McDonald's ने 2019 में स्टीव ईस्टरब्रुक को कर्मचारी के साथ रिश्ते के कारण पद से हटा दिया था. बाद में जांच में उनके दूसरे रिश्तों की जानकारी छिपाने का मामला भी सामने आया. अमेरिकी SEC ने निवेशकों को गुमराह करने के मामले में उन पर कार्रवाई की और पांच साल तक किसी पब्लिक कंपनी में अधिकारी या डायरेक्टर बनने पर रोक लगाई. उन्होंने 4 लाख डॉलर का जुर्माना भी भरा, हालांकि आरोपों को स्वीकार या खारिज नहीं किया.
Nvidia ने जताया हुआंग पर भरोसा
हालांकि, Nvidia का मामला Intel और McDonald's से अलग है. यहां रिश्ता कंपनी के कर्मचारी के बजाय एक बाहरी कारोबारी से जुड़ा है. सिर्फ अफेयर कबूल करने से यह साबित नहीं होता कि हुआंग ने कंपनी के नियम तोड़े या कोई गोपनीय जानकारी साझा की. हुआंग 1993 में Nvidia के को-फाउंडर बने थे और तीन दशक से ज्यादा समय से कंपनी की अगुवाई कर रहे हैं. कंपनी की AI चिप स्ट्रेटजी और बड़े ग्राहकों के साथ रिश्तों में भी उनकी अहम भूमिका है. फिलहाल बोर्ड ने उन्हें हटाने का कोई फैसला नहीं लिया है और हुआंग ने जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है.
यह भी पढ़ें | मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच IOC का बड़ा फैसला, तेल और LPG की सप्लाई पक्की करने के लिए खुद खरीदेगी जहाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं