NSE IPO News: देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज NSE के IPO को SEBI ने हरी झंडी दे दी है. सेबी की मंजूरी मिलने के बाद एक्सचेंज की शेयर बाजार में लिस्टिंग का रास्ता साफ हो गया है. अब निवेशकों की नजर इस बात पर है कि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE ) का IPO कब खुलेगा, इसका प्राइस बैंड क्या होगा और NSE के शेयर बाजार में कब लिस्ट होंगे.यहां हम आपको NSE IPO से जुड़ी हर लेटेस्ट अपेडट देने जा रहे हैं...
11 सितंबर को आ सकता है प्राइस बैंड
NDTV Profit की रिपोर्ट के मुताबिक, NSE अगले हफ्ते IPO के प्राइस बैंड का ऐलान कर सकता है. सूत्रों के अनुसार, 11 सितंबर को प्राइस बैंड की घोषणा होने की उम्मीद है. हालांकि, अंतिम तारीख और कीमत की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है.
करीब 2,000 रुपये हो सकती है कीमत
बाजार में NSE के शेयर की कीमत को लेकर काफी चर्चा है. जानकारों के मुताबिक, शेयर की कीमत करीब 2,000 रुपये के आसपास हो सकती है. लेकिन यह केवल अनुमान है. असली प्राइस बैंड कंपनी के आधिकारिक ऐलान के बाद ही साफ होगा.
15 सितंबर को खुल सकता है NSE का IPO
सूत्रों के मुताबिक, NSE का IPO 15 सितंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुल सकता है. इसके बाद निवेशकों को शेयर खरीदने के लिए तय समय मिलेगा. IPO की अंतिम तारीख और दूसरी जानकारी प्राइस बैंड के ऐलान के साथ सामने आ सकती है.
कब होगी NSE IPO की लिस्टिंग?
NSE की योजना सितंबर के तीसरे हफ्ते में शेयर बाजार में लिस्ट होने की है. सूत्रों के अनुसार, 24 या 25 सितंबर को लिस्टिंग का टारगेट रखा गया है. हालांकि लिस्टिंग टाइमलाइन अभी संभावित है. इसमें बदलाव हो सकता है.
₹30,000 करोड़ का अब तक का सबसे बड़ा IPO
NSE का IPO करीब ₹30,000 करोड़ का हो सकता है. अगर ऐसा होता है, तो यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO होगा. इससे पहले यह रिकॉर्ड Hyundai Motor India के पास था. कंपनी ने 2024 में ₹27,870 करोड़ का IPO लाया था.NSE का प्रस्तावित IPO इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकता है. हालांकि, अंतिम इश्यू साइज और कंपनी की वैल्यूएशन प्राइस बैंड तय होने के बाद ही साफ होगी.
पूरा IPO OFS होगा, NSE को नहीं मिलेगा नया पैसा
NSE का IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा. इसका मतलब है कि कंपनी नए शेयर जारी नहीं करेगी. मौजूदा शेयरधारक अपने शेयर बेचेंगे.DRHP के मुताबिक, करीब 14.89 करोड़ शेयर बिक्री के लिए रखे जाएंगे. यह NSE की कुल पेड-अप इक्विटी का लगभग 6% है. इस बिक्री से मिलने वाला पैसा NSE को नहीं, बल्कि शेयर बेचने वाले मौजूदा निवेशकों को मिलेगा.
इसमें SBI सबसे बड़े विक्रेताओं में शामिल है. SBI करीब 2.48 करोड़ शेयर बेच सकता है. वहीं, MS Strategic (Mauritius) Limited करीब 1.60 करोड़ शेयर बेच सकता है. NSE की सबसे बड़ी शेयरधारक LIC IPO में अपने शेयर नहीं बेच रही है.
प्राइस बैंड और IPO खुलने का इंतजार
बता दें कि NSE ने पहली बार 2016 में IPO की योजना बनाई थी. लेकिन को-लोकेशन विवाद और दूसरी रेगुलेटरी दिक्कतों की वजह से यह प्रक्रिया लंबे समय तक आगे नहीं बढ़ सकी.अब सेबी की मंजूरी के बाद NSE की लिस्टिंग की उम्मीद मजबूत हुई है. कंपनी ने जून 2026 में अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल किया था. IPO के लिए NSE ने 20 मर्चेंट बैंकर नियुक्त किए हैं.अगर तय योजना के मुताबिक IPO आता है, तो NSE भारतीय शेयर बाजार की सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल हो सकता है. अब निवेशकों को प्राइस बैंड और IPO खुलने की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.
ये भी पढ़ें- 9 सितंबर को एक ही दिन खुलेंगे 6 नए IPO, NSE का ₹30,000 करोड़ का मेगा इश्यू भी तैयार, कमाई का शानदार मौका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं