Rule Change 1st November: नवंबर की शुरुआत के साथ ही पैसों और रोजमर्रा के काम से जुड़े कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं. आज यानी 1 नवंबर से कमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा हो गया है. वहीं,इस महीने पेंशनर्स को लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना होगा. GST और म्यूचुअल फंड के नियमों में भी बदलाव हुए हैं. इसके अलावा PNB और IndusInd Bank के ग्राहकों के लिए भी कुछ नए चार्ज लागू हो गए हैं. आइए जानते हैं आज से क्या-क्या बदल गया है.
कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ महंगा
त्योहारों के इस सीजन में कारोबारियों की जेब पर एक और बोझ बढ़ गया है. सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतें बढ़ा दी हैं. नई दरें देश के प्रमुख शहरों में लागू हो गई हैं. हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
म्यूचुअल फंड में Direct Plan हुआ डिफॉल्ट
SEBI के नए नियम के तहत 1 नवंबर से एसेट मैनेजमेंट कंपनियों (AMCs) के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर म्यूचुअल फंड का Direct Plan डिफॉल्ट ऑप्शन हो गया है. SEBI चेयरमैन तुहिन कांता पांडे ने NDTV Profit Ignite में इसकी जानकारी दी थी. अगर निवेशक Regular Plan चुनते हैं, तो उन्हें पहले इसके ज्यादा एक्सपेंस रेश्यो की जानकारी दी जाएगी. इससे निवेशक दोनों प्लान के खर्च की तुलना कर सकेंगे.
GST के नियमों में बदलाव
1 नवंबर से GST के कुछ नियम भी बदल गए हैं. नए नियमों में बिक्री के बाद मिलने वाली छूट (Post-Supply Discount), क्रेडिट नोट और GST रिफंड से जुड़े प्रावधान शामिल हैं. पोस्ट-सेल छूट को टैक्सेबल वैल्यू से घटाने के लिए अब उससे जुड़े इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) को रिवर्स करना होगा. वहीं, इनवर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर वाले कारोबारियों के लिए प्रोविजनल रिफंड की व्यवस्था भी की गई है. इसका मकसद कारोबारियों का कैश फ्लो बेहतर करना है.
पेंशनर्स को 30 नवंबर तक जमा करना होगा लाइफ सर्टिफिकेट
सरकारी पेंशन पाने वाले 80 साल से कम उम्र के लोगों को 1 से 30 नवंबर 2026 के बीच अपना सालाना लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना होगा. 80 साल या उससे ज्यादा उम्र के पेंशनर्स के लिए यह प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है.पेंशनर्स बैंक जाकर या जीवन प्रमाण (Jeevan Pramaan) की मदद से आधार और फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए डिजिटल सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं. वहीं, UPS सब्सक्राइबर्स के लिए PFRDA ने UPS Jeevan Setu डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की सुविधा शुरू की है. इसके लिए Protean eGov ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है.
ITR भरने की डेडलाइन बढ़ी
असेसमेंट ईयर 2026-27 के लिए कुछ ऑडिट वाले टैक्सपेयर्स को राहत मिली है. ऐसे कारोबारियों, प्रोफेशनल्स और फर्मों के लिए ITR फाइल करने की आखिरी तारीख 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 21 नवंबर 2026 कर दी गई है. यह राहत उन टैक्सपेयर्स को मिलेगी जिन्होंने 21 अक्टूबर तक अपनी टैक्स ऑडिट रिपोर्ट दाखिल कर दी है.
PNB क्रेडिट कार्ड के चार्ज बढ़े
PNB ने अपने Visa और RuPay क्रेडिट कार्ड पर कई चार्ज बदल दिए हैं. अब PNB ATM से कैश निकालने पर 2.5% या 400 रुपये, जो भी ज्यादा हो, चार्ज लगेगा. दूसरे घरेलू ATM पर यह चार्ज 2.5% या 500 रुपये होगा.लेट पेमेंट फीस में भी बदलाव हुआ है. अब 500 रुपये तक के बकाया पर कोई फीस नहीं लगेगी, जबकि 50,000 रुपये से ज्यादा बकाया होने पर अधिकतम 1,200 रुपये देने होंगे. इसके अलावा एक बिलिंग साइकिल में 50,000 रुपये से ज्यादा यूटिलिटी बिल पेमेंट पर 1% चार्ज लगेगा, जिसकी अधिकतम सीमा 2,000 रुपये प्रति ट्रांजैक्शन है. चेक रिटर्न और ECS/ऑटो-डेबिट फेल होने पर लगने वाले चार्ज भी बदले गए हैं.
IndusInd Bank के ग्राहकों को देना होगा फेल ट्रांजैक्शन चार्ज
IndusInd Bank ने Indus Delite, Indus Digi-start, Indus Online-Min Bal Required और Indie (Star, Superstar, Megastar) सेविंग अकाउंट के लिए नए चार्ज लागू किए हैं. अब खाते में पैसे कम होने पर POS ट्रांजैक्शन फेल होने पर 25 रुपये और बैंक ATM से फेल ट्रांजैक्शन पर भी 25 रुपये देने होंगे. वहीं, वित्तीय कारणों के अलावा दूसरे कारणों से चेक लौटने पर 50 रुपये प्रति चेक चार्ज लगेगा. इन सभी चार्ज पर GST अलग से देना होगा. पहले इन सेवाओं पर कोई चार्ज नहीं लगता था.
यह भी पढ़ें | LPG Price Hike: दिवाली से पहले महंगा हुआ LPG सिलेंडर, इतने रुपये बढ़ गए दाम, फटाफट चेक करें नई कीमतें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं