- पेंशनधारियों के पास 30 नवंबर तक का समय बचा है.
- दिसंबर में पेंशन के लिए बनवा लें लाइफ सर्टिफिकेट.
- घर बैठे ऑनलाइन भी बनवा सकते हैं लाइफ सर्टिफिकेट.
देश के लाखों पेंशनभोगियों के लिए हर साल नवंबर का महीना बेहद महत्वपूर्ण होता है. हर महीने पेंशन सुचारु रूप से मिलती रहे, इसके लिए सभी पात्र पेंशनर्स को हर साल अपना जीवन प्रमाण पत्र (Life Certificate) जमा करना जरूरी होता है. इस साल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कराने की आखिरी तारीख 30 नवंबर निर्धारित की गई है. अगर कोई पेंशनभोगी इस तय समय सीमा के भीतर अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं कर पाता है, तो दिसंबर महीने से उसकी पेंशन का भुगतान रोका जा सकता है.
क्यों जमा करना होता है लाइफ सर्टिफिकेट?
लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना इस बात का सबूत होता है कि पेंशन लेने वाला शख्स जीवित है. पेंशन वितरण करने वाली एजेंसियां बैंक या पोस्ट ऑफिस यह सुनिश्चित करने के लिए हर साल यह लाइफ सर्टिफिकेट मांगती हैं कि पेंशन की राशि सही व्यक्ति के खाते में पहुंच रही है. पहले इसके लिए बुजुर्गों को लंबी लाइनों में लगकर बैंक या कार्यालयों जमा कराना पड़ता था, लेकिन अब डिजिटल सेवाओं के आने से यह प्रक्रिया बेहद आसान हो गई है.
घर बैठे UMANG ऐप से ऐसे बनाएं डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट
अब पेंशनर्स को लाइफ सर्टिफिकेट जमा कराने के लिए बैंक जाने की कोई मजबूरी नहीं है. वे भारत सरकार के UMANG ऐप की मदद से घर बैठे आसानी से अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवा सकते हैं. सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से UMANG ऐप डाउनलोड करके इंस्टॉल करें. ऐप खोलने के बाद अपने मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करें या लॉगिन करें. मोबाइल पर आए ओटीपी के जरिए नंबर का वेरिफिकेशन करें. लॉगिन करने के बाद ऐप के सर्च बॉक्स में 'Jeevan Pramaan' या 'Life Certificate' टाइप करें और संबंधित सेवा को चुनें.
अब पेंशनर को अपनी जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी, जिसमें आधार नंबर, मोबाइल नंबर, पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) नंबर, पेंशन देने वाली संस्था और बैंक का विवरण शामिल है. इसके बाद आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन या बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी करें। फेस ऑथेंटिकेशन के लिए स्मार्टफोन के कैमरे का उपयोग किया जा सकता है. वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जनरेट हो जाएगा और मोबाइल पर एक 'प्रमाण आईडी' (Pramaan ID) प्राप्त होगी. इसे सुरक्षित संभाल कर रखें ताकि आगे की स्थिति जांची जा सके. इसकी प्रिंट कॉपी लेकर बैंक जाने की जरूरत नहीं होती, क्योंकि यह डिजिटल माध्यम से सीधे संबंधित एजेंसी तक पहुंच जाता है.
अन्य आसान विकल्प और डोरस्टेप सुविधाएं
अगर कोई पेंशनभोगी ऑनलाइन माध्यम का उपयोग नहीं करना चाहता, तो उनके लिए अन्य विकल्प भी चुन सकते हैं. पोस्ट ऑफिस की ओर से इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के जरिए घर पर ही लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने के लिए फ्री डोरस्टेप सर्विस दी जाती है. अधिकांश सरकारी और निजी बैंक घर आकर लाइफ सर्टिफिकेट बनाने की सुविधा देते हैं. इसके अलावा नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या EPFO कार्यालय जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है.
आपको बता दें, अगर 30 नवंबर की डेडलाइन छूट जाती है, तो जैसे ही प्रमाणपत्र बाद में जमा और अपडेट किया जाएगा, रुकी हुई पेंशन का पैसा एरियर के साथ अगले पेमेंट साइकल में जारी कर दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें | बिहार में आवेदन के 30 दिन के अंदर मिलेगा नया राशन कार्ड, बुजुर्गों को घर पर ही उपलब्ध कराया जाएगा राशन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं