LPG Price Today 1 November 2026: दिवाली से ठीक पहले आम जनता, होटल कारोबारियों और एयरलाइंस कंपनियों को महंगाई का झटका लगा है. देशभर में 1 नवंबर से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं. दिल्ली से लेकर चेन्नई और अहमदाबाद तक 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत में 10 से 11.50 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम मजबूत होने और ग्लोबल बेंचमार्क में बदलाव के कारण सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर और जेट फ्यूल (ATF)की कीमतों में इजाफा कर दिया है.
हालांकि, राहत की बात ये है कि त्योहारों के इस सीजन में 14.2 किलो वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम स्थिर रखे गए हैं. यानी घरों में खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाली एलपीजी फिलहाल महंगी नहीं हुई है.इसके अलावा, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी कोई फेरबदल नहीं किया गया है.
दिल्ली में अब 2,820 रुपये का हुआ कमर्शियल सिलेंडर
राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 2,820 रुपये का हो गया है. यह लगातार दूसरा महीना है जब कमर्शियल गैस के दाम बढ़ाए गए हैं. इससे पहले अक्टूबर में भी इसमें बड़ी बढ़ोतरी की गई थी. अक्टूबर में इसकी कीमत 2,810 रुपये थी. यानी दिल्ली में सिलेंडर 10 रुपये महंगा हुआ है. बता दें कि 1 अक्टूबर को भी कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे. उस समय दिल्ली में इसकी कीमत में 62.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी. घरेलू गैस सिलेंडर के दाम तब भी स्थिर रखे गए थे.
चेन्नई में सबसे ज्यादा बढ़े दाम
चेन्नई में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2,983 रुपये से बढ़कर 2,994.50 रुपये हो गई है. यहां 11.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 957.50 रुपये पर बरकरार है.
मुंबई और अहमदाबाद में कितनी हुई कीमत?
मुंबई में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर अब 2,764 रुपये का मिल रहा है. यहां घरेलू सिलेंडर की कीमत 941.50 रुपये पर स्थिर है.अहमदाबाद में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2,831.50 रुपये से बढ़कर 2,842 रुपये हो गई है. यानी यहां 10.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. घरेलू सिलेंडर का दाम 949 रुपये पर बरकरार है.
जेट फ्यूल (ATF) के दाम बढ़े
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम मजबूत होने और ग्लोबल बेंचमार्क में बदलाव के कारण सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने जेट फ्यूल (ATF) की कीमतों में भी इजाफा कर दिया है.एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमत में ₹1.37 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है.इसके बाद अब दिल्ली में जेट फ्यूल का नया दाम बढ़कर ₹138.50 प्रति लीटर हो गया है, जो पहले ₹137.12 प्रति लीटर था.यह लगातार चौथा महीना है जब जेट फ्यूल के दाम बढ़ाए गए हैं. एयरलाइंस कंपनियों के कुल ऑपरेटिंग खर्च का करीब 40% हिस्सा अकेले फ्यूल पर खर्च होता है, ऐसे में इस बढ़ोतरी से विमानन कंपनियों का खर्च और अधिक बढ़ जाएगा.
यह भी पढ़ें | पेट्रोल पर टैक्स माफ, डीजल पर बढ़ गई एक्सपोर्ट ड्यूटी, जानिए आप पर क्या होगा असर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं