विज्ञापन

Netflix में बड़ी छंटनी की तैयारी, करीब 1,000 कर्मचारियों की जाएगी नौकरी, वर्कफोर्स के 6% पर गिरेगी गाज

Netflix lays off employees: नेटफ्लिक्स ने सुस्त ग्रोथ और बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच अपने 6% वर्कफोर्स यानी करीब 1,000 कर्मचारियों को नौकरी से हटाने का फैसला किया है. हालांकि इस साल नेटफ्लिक्स का मुनाफा और रेवेन्यू बढ़ा है.

Netflix में बड़ी छंटनी की तैयारी, करीब 1,000 कर्मचारियों की जाएगी नौकरी, वर्कफोर्स के 6% पर गिरेगी गाज
Netflix layoff news: सुस्त ग्रोथ के बीच नेटफ्लिक्स में बड़ी छंटनी का ऐलान

Netflix layoffs 2026: नेटफ्लिक्स में बड़ी छंटनी होने जा रही है. दुनिया की बड़ी स्ट्रीमिंग कंपनियों में शामिल Netflix करीब 1,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की तैयारी में है. यह कंपनी के कुल वर्कफोर्स का लगभग 6% है. कंपनी के को-CEO ग्रेग पीटर्स और टेड सारंडोस ने बुधवार को कर्मचारियों को भेजे एक मेमो में इसकी जानकारी दी. यह नेटफ्लिक्स में कई सालों की सबसे बड़ी छंटनी मानी जा रही है. 

इन टीमों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर

कंपनी के मुताबिक, छंटनी का सबसे ज्यादा असर प्रोडक्ट, टेक, लीगल और ह्यूमन रिसोर्सेज (HR) टीमों पर पड़ सकता है. CEO ने कहा कि कंपनी का कारोबार मजबूत है, लेकिन भविष्य की ग्रोथ के लिए कर्मचारियों और रिसोर्स का इस्तेमाल सोच-समझकर करना होगा. उन्होंने मेमो में लिखा कि ऐसे फैसले लेना आसान नहीं होता. कंपनी अब उन सेक्टर पर ज्यादा ध्यान देना चाहती है, जहां निवेश से उसकी सर्विस बेहतर हो सके और आगे कारोबार बढ़ाने में मदद मिले.

कमाई बढ़ी, फिर भी क्यों हो रही छंटनी?

नेटफ्लिक्स की कमाई में इस साल बढ़ोतरी हुई है. कंपनी ने दूसरी तिमाही में 3.4 अरब डॉलर का मुनाफा कमाया, जबकि इस दौरान उसका रेवेन्यू 12.56 अरब डॉलर रहा. पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले मुनाफा करीब 9% और रेवेन्यू लगभग 13% बढ़ा.हालांकि, तीसरी तिमाही के लिए कंपनी का ग्रोथ अनुमान वॉल स्ट्रीट की उम्मीदों से कम रहा. कंपनी के मुताबिक, दूसरी तिमाही में रेवेन्यू ग्रोथ 13.4% रही, जबकि पहली तिमाही में यह 16.2% थी. तीसरी तिमाही के लिए नेटफ्लिक्स ने 11.7% ग्रोथ का अनुमान दिया है. कंपनी अगले हफ्ते अपने नतीजे जारी करेगी.

Prime Video और Disney+ से बढ़ रही टक्कर

स्ट्रीमिंग बाजार में मुकाबला लगातार बढ़ रहा है. JustWatch के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, नेटफ्लिक्स की बाजार हिस्सेदारी करीब 19% है. Amazon Prime Video और Disney+ भी उसे कड़ी टक्कर दे रहे हैं.इसके अलावा, Paramount के 81 अरब डॉलर में Warner Bros. Discovery को खरीदने का सौदा पिछले हफ्ते पूरा हुआ. अब HBO Max और Paramount+ एक ही कंपनी Skydance के तहत आ गए हैं. नई कंपनी की योजना समय के साथ दोनों स्ट्रीमिंग सेवाओं को एक प्लेटफॉर्म पर लाने की है. नेटफ्लिक्स ने पिछले साल Warner के स्टूडियो और स्ट्रीमिंग कारोबार को खरीदने का समझौता किया था, लेकिन फरवरी में उसने यह पेशकश वापस ले ली.

व्यूअरशिप और शेयर पर भी दबाव

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेटफ्लिक्स पर व्यूअरशिप में गिरावट देखने को मिली है. जुलाई में Bloomberg की रिपोर्ट में बताया गया था कि किसी सीरीज के पहले सीजन के बाद उसके औसत दर्शक घट जाते हैं.

Emarketer के विश्लेषक रॉस बेनेस के मुताबिक, यह छंटनी दिखाती है कि बड़ी स्ट्रीमिंग कंपनियां भी कारोबार की धीमी रफ्तार और वित्तीय दबाव से अछूती नहीं हैं. कंपनी स्पोर्ट्स से जुड़े पदों का विस्तार करने की योजना बना रही है, लेकिन साथ ही ऐसे कंटेंट पर ध्यान दे सकती है जिसकी लागत कम हो.

2025 के अंत में रेगुलेटरी डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, नेटफ्लिक्स में दुनियाभर में करीब 16,000 फुल-टाइम कर्मचारी थे. इस साल की शुरुआत से कंपनी के शेयर में लगभग 15% गिरावट भी आई है.

यह भी पढ़ें | DA Hike: कैबिनेट बैठक में महंगाई भत्ते पर नहीं आया फैसला, क्या अब दिवाली पर कर्मचारियों को मिलेगा DA का तोहफा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Netflix Layoffs, Netflix News, Netflix Jobs
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com