Tata Sons Chairman Networth: टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने पद छोड़ दिया है. 18 अगस्त को होने वाली टाटा संस की AGM से पहले ये बड़ा फैसला माना जा रहा है. इस खबर का टाटा ग्रुप की कंपनियों के शेयरों पर बुरा असर देखा जा रहा है. महज एक घंटे के अंदर टाटा ग्रुप कंपनियों के मार्केट कैप में 60,000 करोड़ रुपये की गिरावट आ गई.
नटराजन चंद्रशेखरन का मौजूदा कार्यकाल फरवरी 2027 तक रहेगा. यानी कंपनी से उन्हें फरवरी तक का तय पे-पैकेज मिलेगा. टाटा ग्रुप में चंद्रशेखरन का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं. जहां उन्होंने इंटर्न के तौर पर शून्य से शुरुआत की, वहीं वो शिखर तक पहुंचे. 1963 में तमिलनाडु के मोहनूर गांव के एक किसान परिवार में जन्मे चंद्रशेखरन हजारों लोगों के लिए रोल मॉडल हैं.
एन चंद्रशेखरन का पे-पैकेज और संपत्ति | N Chandrasekaran Net Worth
टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की संपत्ति और पे-पैकेज के बारे में जो सार्वजनिक तौर पर जो जानकारियां उपलब्ध हैं, उनके मुताबिक आंकड़ा करोड़ों में है. हालांकि, उनकी कुल संपत्ति का आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है, लेकिन अलग-अलग रिपोर्ट्स में उनकी अनमानित कुल संपत्ति करीब 100 से 150 मिलियन डॉलर यानी 950 करोड़ से 1,400 करोड़ रुपये तक बताई जाती है.
टाटा संस की सालाना रिपोर्ट के अनुसार, चंद्रशेखरन को वित्त वर्ष 2026 में कुल 158.66 करोड़ रुपये का पे-पैकेज मिला. वहीं वित्त वर्ष 2025 में उन्हें 155.81 करोड़ रुपये मिले थे.
टाटा संस ने वित्त वर्ष 2022 में एग्जीक्यूटिव पेमेंट की जानकारी देनी शुरू की थी. किसी साल उन्हें 65 करोड़ रुपये का सैलरी पैकेज मिला था, हालांकि इसके अलावा और भी चीजें उनके पे-आउट में शामिल थीं. साल 2021-2022 में उन्हें 109 करोड़ रुपये का पैकेज मिला था और तब वे भारत में सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले बिजनेस एग्जीक्यूटिव बन गए थे.

रिपोर्ट्स के अनुसार, साल 2020 में, चंद्रशेखरन ने मुंबई के पेडर रोड पर 6,000 वर्गफीट में बने एक लग्जरी टावर में 98 करोड़ रुपये में एक डुप्लेक्स फ्लैट खरीदा था, जिसका किराया 20 लाख रुपये प्रति महीने था.
पांच साल में 685 करोड़ रुपये की कमाई
सालाना रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में उनके कुल पे-आउट में 17.97 करोड़ रुपये सैलरी और अन्य मद में थे, जबकि 140.69 करोड़ रुपये कमीशन के रूप में. यानी कि उनकी कुल आय का बड़ा हिस्सा कमीशन से ही आया. ये 140.69 करोड़ रुपये का कमीशन FY25 के ही बराबर रहा, जबकि सैलरी और अन्य मद में मिलने वाली रकम 15.12 करोड़ रुपये से बढ़कर 17.97 करोड़ रुपये हो गई. पिछले 5 वित्तीय वर्ष का आंकड़ा जोड़ा जाए तो उन्हें कंपनी से करीब 685 करोड़ रुपये की कमाई हुई.
ये भी पढ़ें: टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने पद छोड़ा, AGM से पहले बड़ा फैसला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं