विज्ञापन

कार के इंजन में चला जाए पानी या चूहे काट दें तार... 10 साल तक फ्री सर्विस, मारुति का सुरक्षा कवच क्‍या-क्‍या कवर करेगा?

Maruti Suzuki गाड़ी खरीदने के पहले दिन से लेकर तीसरे साल तक ग्राहकों को स्टैंडर्ड वारंटी देती है. लेकिन इस नई स्कीम के तहत ग्राहक अपनी इस वारंटी को 6 साल या 1,60,000 किलोमीटर तक के लिए एक्सटेंड (बढ़ा) करा सकते हैं. 

कार के इंजन में चला जाए पानी या चूहे काट दें तार... 10 साल तक फ्री सर्विस, मारुति का सुरक्षा कवच क्‍या-क्‍या कवर करेगा?
मारुति ने अपने ग्राहकों के लिए प्रोटेक्‍शन स्‍कीम लॉन्‍च की है.
Source: Canva

भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में ग्राहकों का भरोसा जीतने के लिए देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) एक बेहद खास स्कीम लेकर आई है. कंपनी ने अपने 'फैक्टफुल फ्राइडेज' प्रोग्राम के तहत ग्राहकों के लिए स्मार्ट मेंटेनेंस और प्रोटेक्शन ऑफरिंग्स की घोषणा की है. इस नई पहल के जरिए मारुति सुजुकी अपनी कारों पर पूरे 10 साल तक का सुरक्षा कवच और 'पीस ऑफ माइंड' (चिंता मुक्त ओनरशिप) दे रही है. यह स्कीम नई और पुरानी, दोनों तरह की कारों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होने वाली है.

वारंटी का पूरा गणित: 3 साल से लेकर 10 साल तक सुरक्षा

मारुति सुजुकी गाड़ी खरीदने के पहले दिन से लेकर तीसरे साल तक ग्राहकों को स्टैंडर्ड वारंटी देती है. लेकिन इस नई स्कीम के तहत ग्राहक अपनी इस वारंटी को 6 साल या 1,60,000 किलोमीटर तक के लिए एक्सटेंड (बढ़ा) करा सकते हैं. इसके बाद भी, यानी 6 साल पूरे होने के बाद भी कंपनी ग्राहकों को दो दमदार विकल्प दे रही है:-

  1. एक्सटेंशन ऑफ एक्सटेंडेड वारंटी: इसके जरिए ग्राहकों को 12 महीने या 12,000 किलोमीटर का अतिरिक्त कवरेज मिलता है, जिसे कार के 8 साल पुराने होने तक बढ़ाया जा सकता है.
  2. सर्विस एक्टिवेटेड वारंटी: यह विकल्प कार को पूरे 10 साल तक सुरक्षित रखता है. गाड़ी के साढ़े पांच साल पुराने होने के बाद पीरियोडिक मेंटेनेंस सर्विस (नियमित सर्विसिंग) के दौरान यह पैकेज मिलता है. यह कार के सबसे महंगे पार्ट्स जैसे- इंजन, ट्रांसमिशन और इलेक्ट्रिकल सिस्टम्स को कवर करता है.

चूहे के काटने और पानी भरने पर भी मिलेगा क्लेम

मारुति सुजुकी सिर्फ तकनीकी खराबी ही नहीं, बल्कि अनजाने में होने वाले नुकसानों से भी सुरक्षा दे रही है. कंपनी के 'कस्टमर कन्वीनियंस पैकेज' (CCP) के तहत इंजन में पानी चले जाने (Hydrostatic Lock), खराब फ्यूल क्वालिटी के कारण होने वाले नुकसान और चूहों द्वारा वायरिंग काटने (Rodent Damage) जैसी समस्याओं को भी कवर किया जाएगा. यह अनोखा पैकेज कार खरीदने के पहले दिन से लेकर 3 सालों तक उपलब्ध रहता है.

बढ़ेगी रीसेल वैल्यू, कमर्शियल गाड़ियों को भी फायदा

कंपनी ने साफ किया है कि सुरक्षा के ये सभी प्लान प्राइवेट और कमर्शियल (व्यापारिक) दोनों तरह के वाहनों के लिए अलग-अलग पैकेजेस में उपलब्ध हैं. मारुति सुजुकी का दावा है कि इन प्रोडक्ट्स से ग्राहकों का जेब पर खर्च कम होगा और समय पर कंपनी रिकॉर्ड मेंटेन होने से भविष्य में गाड़ी की रीसेल वैल्यू (दोबारा बेचने पर मिलने वाली कीमत) भी काफी अच्छी मिलेगी. देश भर में फैले मारुति के पैन-इंडिया सर्विस नेटवर्क के जरिए ग्राहक अपने नजदीकी अधिकृत सर्विस सेंटर पर जाकर इस बेहतरीन ऑफर का लाभ उठा सकते हैं.

ये भी पढ़ें: मार्केट का विलेन कौन? केवल 'एक्‍सेंचर' नहीं, ये हैं 4 और वजहें, जिनके चलते 2 घंटे में डूबे 1.3 लाख करोड़

लेखक के बारे में
img
निलेश कुमार
Senior Producer
निलेश, NDTV इंडिया में बिजनेस सेक्‍शन लीड करते हैं. मीडिया में रिपोर्टिंग समेत 13 साल से ज्‍यादा का अनुभव है. मार्केट, बिजनेस, इकोनॉमी, पर्सनल फाइनेंस... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maruti Suzuki Car Sales, Maruti Suzuki Smart Maintenance Plan, Car Maintainance, Maruti Car Price, Maruti Suzui Car Sales
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com