विज्ञापन

15 जुलाई को IRCTC की नई वेबसाइट होगी लॉन्च, तत्काल टिकट से लेकर PNR और रिफंड तक, जानिए क्या-क्या बदलेगा?

New IRCTC Website Launch: नई IRCTC वेबसाइट सिर्फ एक डिजाइन अपडेट नहीं होगी, बल्कि टिकट बुकिंग के पूरे अनुभव को बदलने की कोशिश होगी. रेलवे के इस कदम से यात्रियों को धीमी वेबसाइट, सर्वर क्रैश और जटिल कैप्चा जैसी परेशानियों से राहत मिल सकती है.

15 जुलाई को IRCTC की नई वेबसाइट होगी लॉन्च, तत्काल टिकट से लेकर PNR और रिफंड तक, जानिए क्या-क्या बदलेगा?
IRCTC New Website Launch Date: 15 जुलाई से बदलेगा टिकट बुकिंग का अनुभव, तत्काल टिकट लेना होगा आसान.
  • IRCTC 15 जुलाई 2026 को नई और अपग्रेडेड वेबसाइट लॉन्च करेगा, जिससे टिकट बुकिंग तेज और आसान होगी.
  • नई वेबसाइट में सर्वर की प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाई जाएगी ताकि भारी ट्रैफिक में भी वेबसाइट सुचारू रूप से काम करे.
  • वेबसाइट का यूजर इंटरफेस अधिक यूजर-फ्रेंडली बनाया जाएगा ताकि पहली बार उपयोग करने वाले यात्रियों को सुविधा मिले.

IRCTC New Website Launch: मैंने कल ही IRCTC की वेबसाइट पर दिल्‍ली से पटना का टिकट सर्च किया. आज मेरे एक अंकल को बिहार जाना जरूरी था. तत्‍काल में टिकट काट रही थी तो संपूर्ण क्रांति एक्‍सप्रेस में सुबह 10:01 बजे 2AC की 8 बर्थ शो हो रही थी, लेकिन जब तक पेमेंट किया, रिग्रेट शो होने लगा. मेरे पैसे भी कट गए, टिकट भी नहीं मिला. आपके साथ भी ऐसा हुआ होगा न? खबर है कि आने वाले दिनों में ऐसा नहीं होगा! जी हैं, ट्रेन से सफर करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. IRCTC की वेबसाइट बदलने वाली है. रेल मंत्रालय के अनुसार, इसमें कई सारे सुधार होने वाले हैं. आइए जानते हैं क्या है पूरी खबर...

टिकट बुकिंग होगी पहले से ज्यादा फास्ट और आसान

इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) 15 जुलाई 2026 को अपनी नई और अपग्रेडेड वेबसाइट लॉन्च करने जा रहा है. रेलवे मंत्रालय का कहना है कि इस बदलाव का मकसद टिकट बुकिंग को पहले से ज्यादा तेज, आसान और भरोसेमंद बनाना है. खास बात यह है कि नई वेबसाइट में उन सभी परेशानियों को दूर करने की कोशिश की गई है, जिनकी शिकायत यात्री लंबे समय से करते आ रहे हैं.

अब नहीं होगी वेबसाइट की धीमी स्पीड से परेशानी?

IRCTC की मौजूदा वेबसाइट पर टिकट बुकिंग के दौरान धीमी स्पीड, सर्वर डाउन और जटिल कैप्चा जैसी दिक्कते अक्सर सामने आती हैं. सबसे ज्यादा परेशानी तत्काल टिकट बुकिंग और पीक ऑवर्स के दौरान होती है, जब लाखों लोग एक साथ टिकट बुक करने की कोशिश करते हैं.

नई वेबसाइट में सिस्टम की प्रतिक्रिया क्षमता यानी रिस्पॉन्स कैपेसिटी (Response Capacity) को कई गुना बढ़ाया जा रहा है, ताकि ज्यादा ट्रैफिक आने पर भी वेबसाइट बिना क्रैश हुए काम कर सके. रेलवे का दावा है कि इससे टिकट बुकिंग का एक्सपीरिएंस पहले से काफी बेहतर होगा.

नई IRCTC वेबसाइट में क्या-क्या बदलेगा?

  • रेलवे मंत्रालय के अनुसार नई वेबसाइट में सबसे बड़ा बदलाव यूजर इंटरफेस (UI) में किया जा रहा है.
  • वेबसाइट को पहले से ज्यादा यूजर-फ्रेंडली बनाया जाएगा, ताकि पहली बार इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को भी टिकट बुक करने में आसानी हो.
  • वेबसाइट की तकनीकी क्षमता को मजबूत किया जा रहा है, जिससे भारी ट्रैफिक के दौरान भी सिस्टम सह तरीके से काम कर सके.

तत्काल टिकट बुकिंग होगी आसान

नई वेबसाइट का एक बड़ा फोकस तत्काल टिकट बुकिंग को आसान बनाना है. रेलवे का कहना है कि सुबह के व्यस्त समय और पीक ऑवर्स में सर्वर पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव को संभालने के लिए बैकएंड इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किया जा रहा है. इससे यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान कम परेशानी का सामना करना पड़ेगा.

कैप्चा से मिलेगी राहत, PNR और रिफंड जानकारी भी होगी आसान

नई वेबसाइट में जटिल कैप्चा सिस्टम को आसान बनाया जाएगा या फिर कई मामलों में हटाया भी जा सकता है. इससे यात्रियों का समय बचेगा और टिकट बुकिंग की प्रक्रिया तेज होगी.

इसके साथ ही PNR स्टेटस चेक करना, रिफंड की जानकारी देखना और दूसरी यात्री सेवाओं तक पहुंचना भी पहले की तुलना में ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा.

करोड़ों यात्रियों को होगा सीधा फायदा

सरकार का कहना है कि यह कदम डिजिटल सर्विस को बेहतर बनाने और आम लोगों के लिए 'ईज ऑफ लिविंग' बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है.नई वेबसाइट इसका फायदा देशभर के करोड़ों रेल यात्रियों को मिलने की उम्मीद है, जो हर दिन IRCTC के जरिए टिकट बुक करते हैं.

छात्रा की शिकायत के बाद सिस्टम में होने जा रहा बड़ा बदलाव 

इस बदलाव की शुरुआत जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT Jaipur) में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम से हुई. इस दौरान इंजीनियरिंग छात्रा लाभिषा मीणा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सामने IRCTC वेबसाइट की तकनीकी परेशानियों का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि वेबसाइट की धीमी स्पीड और बार-बार आने वाले कैप्चा की वजह से आम यात्रियों को टिकट बुक करने में काफी दिक्कत होती है. खासकर तत्काल टिकट बुकिंग के समय सर्वर पर लोड बढ़ने से लोग टिकट लेने से चूक जाते हैं.

रेल मंत्री ने मौके पर ही दिए सुधार के निर्देश

छात्रा की शिकायत सुनने के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे गंभीरता से लिया. उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले 30 दिनों के भीतर IRCTC के डिजिटल प्लेटफॉर्म में बड़े स्तर पर सुधार किए जाएं और यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाया जाए. इसके बाद रेलवे प्रशासन तुरंत एक्टिव हुआ और वेबसाइट को नए अंदाज में तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया.

रेल मंत्री के निर्देश के बाद रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने लाभिषा मीणा के साथ विशेष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की.इस दौरान अधिकारियों ने नई वेबसाइट का प्रोटोटाइप छात्रा के साथ साझा किया. साथ ही उनकी प्रतिक्रिया, तकनीकी सुझाव और फीडबैक भी लिया गया, ताकि अंतिम प्लेटफॉर्म को यात्रियों की जरूरतों के हिसाब से बेहतर बनाया जा सके.

लेखक के बारे में
img
अखिलेश शर्मा
एक्ज़ीक्यूटिव एडिटर, NDTV इंडिया
पत्रकारिता में तीन दशक का अनुभव. राजनीतिक, आर्थिक एवं सामाजिक विषयों पर गहरी पकड़. BJP, संसद, सरकार से जुड़े विषयों पर पैनी नज़र. BBC वर्ल्ड सर्विस, आ... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Irctc New Website Launch, New IRCTC Website, Tatkal Ticket Booking, IRCTC Ticket Booking
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com