विज्ञापन

भारत के लोग अब UPI से बुकिंग कर सकते हैं बुर्ज खलीफा की ऑनलाइन टिकट

भारतीय पर्यटक UAE जाने से पहले ही बुर्ज खलीफा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर UPI से टिकट और दूसरे अनुभवों की बुकिंग कर सकते हैं.

भारत के लोग अब UPI से बुकिंग कर सकते हैं बुर्ज खलीफा की ऑनलाइन टिकट
UPI से होगी अब बुर्ज खलीफा की बुकिंग

दुबई घुमने वाले भारतीय यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू की जा रही है. मशहूर पर्यटन स्थल यूएई का पहला ऐसा आकर्षण बन गया है, जिसने ई-कॉमर्स ट्रांजेक्शन के लिए यूपीआई पेमेंट स्वीकार करना शुरू किया है. इसकी जानकारी NPCI इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (NIPL) ने बुधवार (29 जुलाई) को दी है. इसके साथ सबसे अहम बात यह है कि भारतीय यात्री अब UPI पेमेंट के जरिए एट द टॉप, बुर्ज खलीफा की ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं.

बताया जा रहा है कि नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की अंतरराष्ट्रीय शाखा NIPL ने बताया कि यह सुविधा 'नियोपे' और 'एमार एंटरटेनमेंट' के साथ साझेदारी में शुरू की गई है.

किसी भी UPI से होगा पेमेंट

अब भारतीय पर्यटक UAE जाने से पहले ही बुर्ज खलीफा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर UPI से टिकट और दूसरे अनुभवों की बुकिंग कर सकते हैं. मतलब दूसरी चीजों की बुकिंग भी UPI के जरिए हो सकेगी. इसके लिए वे अपने UPI वाले किसी भी पेमेंट ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए अलग से कोई स्पेशल UPI प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल नहीं करना होगा.

यह नई सुविधा एनआईपीएल और नियोपे की पहले से चल रही साझेदारी का ही विस्तार है.

2022 में शुरू हुआ था QR कोड पेमेंट

साल 2022 में UAE में QR Code जरिए UPI पेमेंट शुरू होने के बाद से भारतीय यात्री नियोपे के नेटवर्क से जुड़े दुकानदारों के यहां UPI से भुगतान कर रहे हैं. अब इस नई सुविधा के साथ UPI का इस्तेमाल ऑनलाइन बुकिंग के लिए भी किया जा सकेगा.

NIPL के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO रितेश शुक्ला ने कहा, "भारतीय यात्री विदेश यात्रा के दौरान ऐसा पेमेंट विकल्प चाहते हैं जो आसान, भरोसेमंद और उनके लिए जाना-पहचाना हो. बुर्ज खलीफा के एट द टॉप की ऑनलाइन बुकिंग में यूपीआई जोड़ने से वे यूएई पहुंचने से पहले ही अपनी पसंदीदा पेमेंट सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे."

दोनों देशों के बीच भरोसेमंद डिजिटल पेमेंट

कंपनी का कहना है कि यह पहल भारत और UAE के बीच आसान और भरोसेमंद डिजिटल पेमेंट की बढ़ती जरूरत को पूरा करेगी और दोनों देशों के बीच डिजिटल पेमेंट सिस्टम को और मजबूत बनाएगी.

नियोपे के सीईओ विभोर मुंधड़ा ने कहा कि यह दोनों देशों के बीच डिजिटल कारोबार के लिए एक बड़ा कदम है. इसके साथ ही नियोपे, गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (जीसीसी) क्षेत्र की पहली कंपनी बन गई है जिसने ई-कॉमर्स ट्रांजैक्शन के लिए यूपीआई पेमेंट की सुविधा शुरू की है.

वहीं, 'एमार एंटरटेनमेंट' के एक प्रवक्ता ने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग में यूपीआई जोड़ने से भारतीय पर्यटकों के लिए टिकट बुक करना पहले से कहीं ज्‍यादा आसान और सुविधाजनक हो जाएगा. उन्होंने बताया कि भारतीय पर्यटक बुर्ज खलीफा आने वाले सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय पर्यटक समूहों में से एक हैं.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Burj Khalifa, Burj Khalifa At The Top, UAE - India, Dubai Travel, UPI Payment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com