Diwali Bank Holiday 2026: दिवाली की छुट्टी को लेकर अभी भी कई लोगों के मन में कन्फ्यूजन है कि 9, 10 या 11 नवंबर को किस दिन बैंक बंद रहेंगे? इस बार दिवाली 8 नवंबर यानी रविवार को मनाई गई. रविवार होने की वजह से देशभर में बैंक पहले ही बंद थे. लेकिन दिवाली और उससे जुड़े त्योहारों के कारण इस हफ्ते भी अलग-अलग राज्यों में बैंक की छुट्टियां रहेंगी. कुछ राज्यों में 9 नवंबर को बैंक बंद रहेंगे, तो कहीं 10 और 11 नवंबर को छुट्टी रहेगी. इसके अलावा दूसरे शनिवार और रविवार की वजह से भी बैंक बंद रहने वाले हैं.
ऐसे में अगर आपको बैंक की किसी ब्रांच में काम है, तो घर से निकलने से पहले छुट्टियों की यह लिस्ट जरूर देख लें. यहां जानिए आज 9 नवंबर को आपके शहर में बैंक खुला है या बंद ? इस हफ्ते कब-कब कितने दिन बैंक बंद रहने वाले हैं.
9 नवंबर को इन शहरों में बंद रहेंगे बैंक
सोमवार, 9 नवंबर को दिवाली, लक्ष्मी पूजा और गोवर्धन पूजा के चलते अगरतला, भोपाल, चंडीगढ़, गंगटोक, गुवाहाटी, इंफाल, जयपुर, कानपुर, लखनऊ और रायपुर सर्किलों में बैंक बंद रहेंगे. इन जगहों पर बैंक में कामकाज नहीं होगा.
10 नवंबर को यहां रहेगी बैंक की छुट्टी
मंगलवार, 10 नवंबर को दिवाली बाली प्रतिपदा और विक्रम संवत नूतन वर्ष के मौके पर अहमदाबाद, बेलापुर (नवी मुंबई), बेंगलुरु, देहरादून, गंगटोक, मुंबई और नागपुर में बैंक बंद रहेंगे.
11 नवंबर को इन शहरों में बैंक बंद
बुधवार, 11 नवंबर को भाई दूज, चित्रगुप्त जयंती और निंगोल चक्कौबा के चलते गंगटोक, इंफाल, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ और शिमला में बैंक बंद रहेंगे.
13 नवंबर को सिर्फ शिलांग में बैंक बंद
शुक्रवार, 13 नवंबर को मेघालय के वांगला महोत्सव के कारण केवल शिलांग में बैंक बंद रहेंगे. देश के बाकी हिस्सों में बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे.
14 और 15 नवंबर को भी नहीं होगा बैंक में काम
शनिवार, 14 नवंबर को महीने का दूसरा शनिवार है. RBI के नियमों के मुताबिक, इस दिन देशभर के सभी सरकारी और प्राइवेट बैंक बंद रहेंगे. इसके अगले दिन यानी रविवार, 15 नवंबर को भी साप्ताहिक छुट्टी के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे.
बैंक जाने से पहले चेक करें छुट्टियों की लिस्ट
बैंक की छुट्टियां राज्य और शहर के हिसाब से अलग-अलग हो सकती हैं. ऐसे में 9 से 15 नवंबर के बीच बैंक जाने की सोच रहे हैं, तो RBI का हॉलिडे कैलेंडर जरूर चेक कर लें. हालांकि, बैंक बंद रहने के दौरान भी UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM जैसी सुविधाएं आमतौर पर चालू रहेंगी. इससे आपको पैसे भेजने या रिसीव करने में कोई दिक्कत नहीं आएगी.
यह भी पढ़ें | Fact Check: क्या 1 जनवरी से चेकबुक के नियमों में होने वाला है बदलाव? RBI ने बताया वायरल मैसेज का सच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं