विज्ञापन

भारत-अमेरिका ट्रेड डील अंतिम चरण में, मार्को रुबियो के भारत दौरे पर नजर, क्या सस्ते होंगे अमेरिकी सामान?

India US Trade Talks: अमेरिका ने भारतीय सामानों पर टैरिफ घटाकर 18% कर दिया है, वहीं भारत भी अमेरिकी कृषि और इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स को अपने बाजार में ज्यादा जगह देने जा रहा है.

भारत-अमेरिका ट्रेड डील अंतिम चरण में, मार्को रुबियो के भारत दौरे पर नजर, क्या सस्ते होंगे अमेरिकी सामान?
India-US trade deal: भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील का पहला चरण जल्द फाइनल हो सकता है.
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील का पहला चरण जल्द फाइनल हो सकता है. इस समझौते में अमेरिकी सामानों पर भारत में टैरिफ घटाने को लेकर बातचीत चल रही है. हालांकि, डेयरी प्रोडक्ट्स को भारतीय बाजार में एंट्री देने का मुद्दा अब भी सबसे बड़ी रुकावट बना हुआ है. इस बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत दौरे पर हैं. 20 अक्टूबर को मुंबई में उनकी विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ अहम बैठक होगी.

डेयरी प्रोडक्ट्स पर अटका मामला

भारत और अमेरिका के बीच समझौते का मकसद दोनों देशों के कारोबार को बढ़ाना है. अमेरिका चाहता है कि भारत उसके इंडस्ट्रियल और कृषि उत्पादों पर टैरिफ कम करे. इसके बदले अमेरिका भारतीय सामानों पर कम टैरिफ लगाएगा, जिससे भारतीय कंपनियों को अमेरिकी बाजार में कारोबार करने में मदद मिलेगी.

फरवरी में घोषित फ्रेमवर्क के तहत अमेरिका ने भारतीय सामानों पर रेसिप्रोकल टैरिफ 25% से घटाकर 18% कर दिया था. साथ ही, रूस से तेल खरीदने के कारण लगाया गया अतिरिक्त 25% शुल्क भी हटाने पर सहमति बनी. इसके बदले में भारत अमेरिकी इंडस्ट्रियल सामानों और कई कृषि उत्पादों पर टैरिफ खत्म या कम करने के लिए तैयार हुआ. इनमें मेवे, फल, सोयाबीन तेल, वाइन और शराब जैसे प्रोडक्ट शामिल हैं.

India-US ट्रेड डील पर क्या बोले पीयूष गोयल?

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि समझौते का पहला चरण फाइनल हो चुका है और अब उसकी कानूनी ड्राफ्टिंग चल रही है. हालांकि, इसे लागू करने का फैसला भारत के प्रतिस्पर्धी फायदे को लेकर स्पष्टता मिलने के बाद होगा. 

विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी बातचीत को समझौते के करीब पहुंचने का संकेत दे चुके हैं. हालांकि, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर ने 2 अक्टूबर को कहा था कि डील जल्द होने की उम्मीद नहीं है. 

भारत-अमेरिका ट्रेड डील जल्द पूरी होने की उम्मीद

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को उम्मीद जताई कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील जल्द पूरी होगी. इससे दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों और ग्लोबल ट्रेड को फायदा मिल सकता है.

निर्यात में 23% का उछाल, घटा ट्रेड डेफिसिट

न्यूयॉर्क में भारत के कॉन्सुलेट जनरल के मुताबिक, सितंबर 2026 में भारत का सामानों का निर्यात 23% बढ़कर 44.4 अरब डॉलर पहुंच गया. इस दौरान ट्रेड डेफिसिट में भी कमी आई.भारत अमेरिका से कमर्शियल विमान, कोकिंग कोल, सोना, ऊर्जा और डिफेंस से जुड़े सामान खरीदकर दोनों देशों के बीच व्यापार के अंतर को कम कर सकता है.

तेल और गैस भी अहम मुद्दा

भारत की रिफाइनरियां मुख्य रूप से मीडियम सावर क्रूड ऑयल के हिसाब से बनी हैं. इसकी सप्लाई खाड़ी देशों और रूस से होती है. अमेरिकी कच्चे तेल को दूसरे ग्रेड के तेल के साथ मिलाकर इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन इसकी भी एक सीमा है. पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने के बीच रूस से मिलने वाले तेल की जगह तुरंत दूसरा ऑप्शन ढूंढना आसान नहीं है. दूसरी ओर, भारत ने अमेरिकी गैस की खरीद बढ़ाई है.

Kpler के आंकड़ों के मुताबिक, मार्च से मई 2026 की तिमाही में पहली बार अमेरिका भारत का सबसे बड़ा LNG सप्लायर बना. अगस्त में भारत के LPG आयात में अमेरिका की हिस्सेदारी आधे से ज्यादा थी, लेकिन सितंबर में खाड़ी देशों से सप्लाई बढ़ने के बाद UAE उससे आगे निकल गया.

20 अक्टूबर को रुबियो की जयशंकर से मुलाकात

मार्को रुबियो 17 से 22 अक्टूबर तक समरकंद, मुंबई और जामनगर के दौरे पर हैं. मुंबई में 20 अक्टूबर को उनकी एस. जयशंकर से बातचीत करेंगे. इस बीच अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनाव से पहले ईंधन की बढ़ती कीमतें भी सरकार के लिए एक बड़ी चिंता की बात है.

यह भी पढ़ें | भारत-अमेरिका ट्रेड डील: पीयूष गोयल ने बता दी शर्त

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India-US Trade Deal, India-US Trade Deal Benefits, India-US Trade Deal Impact, India-US Trade Deal Framework, India-US Trade Deal Talks
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com