Jobs in India 2027: नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. नवंबर बीतने को है, फिर दिसंबर भर का इंतजार...और फिर आएगा साल 2027. साल 2027 में व्हाइट कॉलर जॉब यानी दफ्तर वाली नौकरियों में 8.16% की बढ़ोतरी होने का अनुमान है. फाउंडइट इनसाइट्स ट्रैकर (FIT) की रिपोर्ट के मुताबिक, अगले साल देश में ऐसी नौकरियों की संख्या बढ़कर करीब 1.38 करोड़ हो सकती है. भर्ती के मामले में कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, रिटेल और मैन्युफैक्चरिंग जैसे सेक्टर आगे रह सकते हैं.
रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से अक्टूबर 2026 के दौरान देश में व्हाइट कॉलर नौकरियों में सालाना आधार पर 3.30% की बढ़ोतरी दर्ज की गई. अब 2027 में भर्ती गतिविधियों में इससे तेज रफ्तार आने की उम्मीद है.
इन 5 सेक्टर में सबसे ज्यादा बढ़ेंगी नौकरियां
2027 में कई सेक्टर में भर्ती बढ़ने का अनुमान है. इनमें कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और रिटेल सबसे आगे रह सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में भर्तियों में 14.25% ग्रोथ देखी जा सकती है. वहीं रिटेल में करीब 14 फीसदी, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 12.02 फीसदी, लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट में 10.15 फीसदी, जबकि बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा में 10.03 फीसदी जॉब ग्रोथ के अनुमान है.

इन शहरों में बढ़ेंगे नौकरी के अवसर
रिपोर्ट में शहरों के हिसाब से भी भर्ती गतिविधियों का अनुमान दिया गया है. 2027 में कोयंबटूर में सबसे ज्यादा 12.52% वृद्धि होने की संभावना है. खास बात ये है कि 2026 में इस शहर में भर्ती गतिविधियों में 1.86% की गिरावट दर्ज की गई थी. इसके बाद बेंगलुरु और हैदराबाद में भी भर्ती तेजी से बढ़ने का अनुमान है.
- कोयंबटूर - 12.52%
- बेंगलुरु- 11.29%
- हैदराबाद- 10.33%
2026 में इन सेक्टर में हुई सबसे ज्यादा बढ़ी भर्ती
फाउंडइट की रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी-अक्टूबर 2026 के दौरान भर्ती गतिविधियों में सालाना आधार पर 3.30% की वृद्धि दर्ज की गई. इस दौरान गैर-लाभकारी संगठनों में भर्ती सबसे ज्यादा 19.44% बढ़ी. इसके अलावा रियल एस्टेट और यात्रा एवं पर्यटन क्षेत्र में भी अच्छी बढ़ोतरी रही.

कंपनियां अब सोच-समझकर कर रही हैं भर्ती
फाउंडइट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी तरुण सिन्हा के मुताबिक, 2026 कंपनियों के लिए सोच-समझकर भर्ती करने का साल रहा. नियोक्ताओं ने अपनी टीम का विस्तार सावधानी से किया और अनुभवी पेशेवरों को प्राथमिकता दी.
उनके मुताबिक, रियल एस्टेट, यात्रा और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में भर्ती गतिविधियों में तेजी दिखी, जबकि बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा (BFSI) के साथ आईटी सेवा क्षेत्र में कंपनियां सतर्क रहीं.
सिन्हा ने कहा कि आईटी सेक्टर के बाहर भी तकनीकी कौशल वाले पेशेवरों की मांग बढ़ रही है. इससे पता चलता है कि टेक्नोलॉजी से जुड़े कौशल अब कई उद्योगों के लिए जरूरी हो गए हैं.
नए और अनुभवी दोनों तरह के पेशेवरों के लिए अवसर
रिपोर्ट में 2027 के दौरान भर्ती गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई गई है. इसके साथ ही रोजगार के अवसर ज्यादा शहरों और सेक्टर तक फैल सकते हैं. शुरुआती करियर वाले युवाओं के लिए भी अवसर बढ़ने की संभावना है. कुल मिलाकर, 2027 में जॉब मार्केट की तस्वीर 2026 के मुकाबले बेहतर रहने का अनुमान है.
यह भी पढ़ें | 'AI छीन लेगा करोड़ों नौकरियां...', लेकिन भारत के लिए कैसे खुल सकते हैं रोजगार के दरवाजे? IBM CEO ने क्या बताया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं