विज्ञापन

विदेशी कार कंपनी का 16 हजार करोड़ का प्‍लान, भारत में 12 हजार लोगों को मिलेगी नौकरी, 'बहारें' और भी

Kia India आंध्र प्रदेश में 2 अरब डॉलर के निवेश से नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाएगी. इससे 12 हजार नौकरियां पैदा होने और उत्पादन क्षमता 6.30 लाख यूनिट होने की उम्मीद है.

विदेशी कार कंपनी का 16 हजार करोड़ का प्‍लान, भारत में 12 हजार लोगों को मिलेगी नौकरी, 'बहारें' और भी
कार कंपनी करेगी बड़ा निवेश
(NDTV File Photo)

दक्षिण कोरिया की कार कंपनी किआ (Kia) भारत में अपना मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क बढ़ाने की तैयारी कर रही है. कंपनी आंध्र प्रदेश में करीब 2 अरब डॉलर (लगभग 16,000 करोड़ रुपये) के निवेश से नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाएगी. इस प्रोजेक्ट से करीब 12,000 नई नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है. इसके साथ ही भारत में किआ की सालाना उत्पादन क्षमता बढ़कर 6.30 लाख यूनिट हो जाएगी.

किआ इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO ग्वांगगु ली ने गुरुवार को CII पार्टनरशिप समिट में इस निवेश की घोषणा की. उन्होंने कहा, 'मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि आंध्र प्रदेश में एक और मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाकर किआ अपनी मौजूदगी का विस्तार कर रही है.'

हालांकि, कंपनी ने अभी यह नहीं बताया है कि नए प्लांट का निर्माण कब शुरू होगा और इसमें गाड़ियों का उत्पादन कब से शुरू किया जाएगा.

अनंतपुर में पहले से मौजूद है किआ का प्लांट

किआ इंडिया का आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में पहले से ही मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है. इसकी स्थापना 2017 में हुई थी और यहां 2019 से उत्पादन शुरू हुआ था. इस प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता करीब 4.30 लाख यूनिट है.

कंपनी के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 में किआ इंडिया ने कुल 3.17 लाख गाड़ियों का उत्पादन किया. इनमें से 2.89 लाख यूनिट घरेलू बाजार में भेजी गईं, जबकि 27,953 यूनिट का निर्यात किया गया.

नया प्लांट शुरू होने के बाद कंपनी की कुल सालाना उत्पादन क्षमता 6.30 लाख यूनिट तक पहुंचने की उम्मीद है. इससे कंपनी को घरेलू बाजार की मांग पूरी करने के साथ निर्यात बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है.

ऑटो कंपोनेंट कंपनियां भी आंध्र प्रदेश में करेंगी निवेश

किआ के नए प्लांट के साथ आंध्र प्रदेश में ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़ी दूसरी कंपनियां भी निवेश की तैयारी कर रही हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, नवंबर में दक्षिण कोरिया की तीन ऑटो कंपोनेंट कंपनियों ने राज्य में कुल 1,614 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है.

ये कंपनियां ह्युंडई और किआ जैसी प्रमुख ऑटो कंपनियों को पुर्जे सप्लाई करती हैं. ह्वाशिन, सियोयोन और इवामेट ने अनंतपुर जिले में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने के लिए आंध्र प्रदेश सरकार के साथ समझौता किया है.

इन तीनों कंपनियों के प्रस्तावित निवेश का ब्योरा इस तरह है:

  • ह्वाशिन: 850 करोड़ रुपये का निवेश
  • सियोयोन: 514 करोड़ रुपये का निवेश
  • इवामेट: 250 करोड़ रुपये का निवेश

इन प्रोजेक्ट्स से करीब 1,400 से ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है. इससे अनंतपुर में ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट्स बनाने वाली कंपनियों का नेटवर्क मजबूत हो सकता है.

ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए क्यों अहम है ये निवेश?

किआ के नए प्लांट और ऑटो कंपोनेंट कंपनियों के निवेश से आंध्र प्रदेश में ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का इकोसिस्टम मजबूत होने की उम्मीद है. नए प्लांट के साथ सप्लाई चेन, लॉजिस्टिक्स, ऑटो पार्ट्स और कुशल कर्मचारियों की मांग बढ़ सकती है.

इससे सिर्फ गाड़ियों का उत्पादन ही नहीं बढ़ेगा, बल्कि इससे जुड़ी छोटी-बड़ी इंडस्ट्रीज को भी कारोबार के नए अवसर मिल सकते हैं. दक्षिण कोरियाई कंपनियों की बढ़ती दिलचस्पी आंध्र प्रदेश को भारत के उभरते ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम हो सकती है.

यह भी पढ़ें | nVIDIA की नई CEO कोलेट क्रेस कौन है? माइक्रोसॉफ्ट-Cisco में भी रह चुकी हैं CFO, फिर जेनसन हुआंग से जुड़ीं 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Investment, Andhra Pradesh, Job Creation In India, Bumper Job Opportunities In 6 Months, Kia India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com