विज्ञापन

जून में जमकर बिकीं गाड़ियां, टू-व्‍हीलर तो ताबड़तोड़ बिके, बन गया रिकॉर्ड, इस महीने कितनी बढ़ सकती है सेल?

जून 2026 में देश की वाहन बिक्री ने नया रिकॉर्ड बनाया. टू व्हीलर से लेकर पैसेंजर व्हीकल तक हर कैटेगरी में अच्छी बढ़त दर्ज हुई. डीलरों को अब मानसून और आने वाले फेस्टिव सीजन से बिक्री में और तेजी की उम्मीद है.

जून में जमकर बिकीं गाड़ियां, टू-व्‍हीलर तो ताबड़तोड़ बिके, बन गया रिकॉर्ड, इस महीने कितनी बढ़ सकती है सेल?
जून 2026 में देश की वाहन रिटेल बिक्री ने नया रिकॉर्ड बनाया. टू व्हीलर, पैसेंजर व्हीकल, थ्री व्हीलर और कमर्शियल व्हीकल सभी कैटेगरी में मजबूत ग्रोथ दर्ज की गई.
(NDTV File Photo)

देश में जून 2026 के दौरान वाहनों की रिटेल बिक्री में बड़ी बढ़त दर्ज हुई है. फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) के मुताबिक, जून में कुल 25,57,234 वाहनों की बिक्री हुई. यह पिछले साल जून के मुकाबले 21.83% ज्यादा है. जून 2025 में कुल 20,98,996 वाहन बिके थे.फाडा ने कहा कि यह भारतीय ऑटो रिटेल इंडस्ट्री के लिए अब तक का सबसे अच्छा जून रहा. टू व्हीलर, थ्री व्हीलर, कमर्शियल व्हीकल, पैसेंजर व्हीकल और कुल रजिस्ट्रेश, सभी कैटेगरी में रिकॉर्ड प्रदर्शन देखने को मिला.

पैसेंजर व्हीकल और टू व्हीलर में सबसे ज्यादा तेजी

जून में पैसेंजर व्हीकल की रिटेल बिक्री 28.63% बढ़कर 4,10,853 यूनिट पहुंच गई. पिछले साल जून में यह 3,19,412 यूनिट थी. टू व्हीलर की बिक्री भी 21.22% बढ़ी. जून 2026 में 18,28,458 टू व्हीलर बिके, जबकि जून 2025 में यह संख्या 15,08,378 थी. थ्री व्हीलर सेगमेंट में भी अच्छी ग्रोथ रही. इसकी बिक्री 16.2% बढ़कर 1,20,889 यूनिट हो गई. पिछले साल इसी महीने 1,04,035 थ्री व्हीलर बिके थे. कमर्शियल व्हीकल की बिक्री भी 16.88% बढ़कर 90,972 यूनिट रही. जून 2025 में यह 77,836 यूनिट थी.

जुलाई के लिए क्या है आउटलुक

फाडा के मुताबिक, जुलाई को लेकर ज्यादातर डीलरों का भरोसा बना हुआ है. 51.24% डीलरों को बिक्री बढ़ने की उम्मीद है. 41.79% का मानना है कि बाजार स्थिर रहेगा. वहीं सिर्फ 6.97% डीलरों को गिरावट की आशंका है. डीलरों का कहना है कि अगर मानसून अच्छा रहता है, खरीफ की बुवाई तेज होती है और पश्चिम एशिया में युद्धविराम के बाद कच्चे तेल की कीमतें कंट्रोल में रहती हैं, तो सप्लाई भी सामान्य बनी रहेगी और बिक्री को फायदा मिलेगा. फाडा का कहना है कि जुलाई 2026 का आउटलुक सावधानी के साथ सकारात्मक दिख रहा है. फेस्टिव सीजन से पहले अच्छा मानसून और ग्रामीण इलाकों में कैश फ्लो बढ़ना सबसे अहम फैक्टर रहेगा.

ईवी, सीएनजी और ग्रामीण मांग से मिलेगी मदद

पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में ईवी और सीएनजी मॉडल की मजबूत बुकिंग और नए मॉडल लॉन्च होने से बिक्री को सपोर्ट मिलने की उम्मीद है. कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में माल ढुलाई और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कामों की वजह से बाजार स्थिर रहने का अनुमान है. टू व्हीलर सेगमेंट को भी सामान्य मानसून, गांवों में बढ़ते कैश फ्लो और ईवी व फ्यूल एफिशिएंट मॉडल की बढ़ती मांग का फायदा मिल सकता है. हालांकि जिन इलाकों में बारिश कम होगी और जुलाई में कंपनियों की कीमत बढ़ोतरी लागू होगी, वहां कुछ ग्राहक खरीदारी टाल सकते हैं.

जुलाई-सितंबर तिमाही को लेकर डीलरों का भरोसा मजबूत

फाडा के सर्वे के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही के लिए 66.17% डीलरों को बिक्री बढ़ने की उम्मीद है. यह हाल के समय का सबसे मजबूत मिड टर्म भरोसा माना जा रहा है. वहीं सिर्फ 3.98% डीलरों को गिरावट की आशंका है. साथ ही 38.31% डीलरों ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अपने रिटेल बिक्री अनुमान को बढ़ाया है. जबकि 16.42% डीलरों ने अपने अनुमान घटाए हैं. फाडा का मानना है कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में दर्ज 15.35% की रिकॉर्ड सालाना बढ़त फेस्टिव सीजन तक जारी रह सकती है. हालांकि डीलरों का कहना है कि अगर मानसून कमजोर रहा या अल-नीनो का असर बढ़ा, तो ग्रामीण मांग प्रभावित हो सकती है. इसके अलावा कीमतों में और बढ़ोतरी और डीलरों के पास बढ़ता वाहन स्टॉक भी बड़ी चिंता बना हुआ है.

ये भी पढ़ें: रतन टाटा की भतीजी को Tata Group ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, जानिए कौन हैं माया टाटा, संभालेंगी वेस्टसाइड की कमान
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Auto Sales, Vehicle Retail Sales, FADA Auto Sales Report, Automobile Sales Growth India, Two Wheeler Industry
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com